2 मंत्रियों के आश्वासन पर किसानों ने खत्म किया आंदोलन, जानें कैसे बनी बात, क्या हुआ?

Last Updated:June 25, 2026, 11:44 IST
Panchna Dam Water Dispute News : करौली और सवाई माधोपुर जिले के किसानों के बीच पांचना बांध के पानी को लेकर चल रहा आंदोलन फिलहाल समाप्त हो गया है. भजनलाल सरकार के गृह राज्यमंत्री जवाहर सिंह बेढ़म और कृषि मंत्री किरोड़ीलाल मीणा के आश्वासनों पर भरोसा करते हुए किसानों के दोनों गुटों ने अपना-अपना महापड़ाव उठा लिया है. सरकार की ओर से दोनों पक्षों को आश्वासन दिया गया है कि उनकी मांगों पर गंभीरतापूर्वक विचार कर विवाद का ठोस समाधान निकाला जाएगा. दोनों पक्षों के 11-11 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडलों से सरकार वार्ता करेगी. इसके साथ ही करौली में 41 दिन से चल रहा और सवाई माधोपुर में 20 दिनों से चल रहा विशाल किसान महापड़ाव समाप्त हो गया है. गृह राज्यमंत्री जवाहर सिंह बेढम और कृषि मंत्री किरोड़ीलाल मीणा ने किसानों से समझाइश कर उनको मनाया है.
धर्मेन्द्र शर्मा/गिरिराज शर्मा.
करौली/सवाई माधोपुर. पांचना बांध के पानी के विवाद को लेकर करौली और सवाई माधोपुर जिले में चल रहे किसानों के आंदोलन फिलहाल समाप्त हो गए हैं. दोनों ही जिलों में भजनलाल सरकार के कृषि मंत्री किरोड़ीलाल मीणा और गृह राज्यमंत्री जवाहर सिंह बेढ़म के आश्वान के बाद किसान मान गए. दोनों मंत्रियों ने किसानों को आश्वासन दिया कि वे उनके 11-11 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल की सरकार से वार्ता कराएंगे और पूरे मसले का ठोस समाधान निकाला जाएगा. मंत्रियों के आश्वासन के बाद दोनों जिलों के किसान कई दिनों से चल रहे धरने को खत्म कर अपने-अपने घरों को चले गए. इससे राज्य सरकार ने राहत की सांस ली है.
करौली जिले में गुड़ला-पांचना संघर्ष समिति के बैनर तले पांचना बांध पर बीते 41 दिन से धरना चल रहा था. बुधवार को गृह राज्यमंत्री व जिला प्रभारी मंत्री जवाहर सिंह बेढम सहित पुलिस-प्रशासनिक अधिकारी धरनास्थल पांचना बांध पर पहुंचे और किसानों से वार्ता की. जिला प्रभारी मंत्री जवाहर सिंह बेढम, करौली विधायक दर्शन सिंह गुर्जर, जिला कलक्टर अक्षय गोदारा, पुलिस अधीक्षक लोकेश सोनवाल पांचना बांध पर पहुंचे और किसानों से वार्ता की. प्रभारी मंत्री ने किसानों को विश्वास दिलाया कि सरकार किसानों के पक्ष में हरसंभव सहयोग करेगी. उन्होंने 11 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल के साथ सरकार से वार्ता कराने का किसानों को आश्वासन दिया. मंत्री के आश्वासन के बाद गुड़ला-पांचना संघर्ष समिति के अध्यक्ष अशोक सिंह धाभाई ने धरना समाप्ति की घोषणा कर दी.
दोनों पक्षों के किसान अपनी-अपनी मांग पर अड़े हुए थेपांचना बांध से बांध के पास 39 गांवों को पहले पानी देने की मांग को लेकर गत 15 मई से गुड़ला-पांचना संघर्ष समिति के बैनर तले पांचना बांध पर निगरानी-धरना दिया जा रहा था. वहीं दूसरी ओर पांचना बांध से कमांड क्षेत्र की नहरों में पानी छोड़ने की मांग को लेकर कमांड इलाके के किसान भी सवाई माधोपुर जिले के खंडीप गांव में धरना दे रहे थे. दोनों पक्षों के किसान अपनी-अपनी मांग पर अड़े हुए थे. इसके चलते तनाव की स्थिति भी बनी हुई थी. विवाद के निपटारे के लिए उच्चाधिकारी मंगलवार को करौली पहुंच गए थे. उसके बाद वे बुधवार को भी वहां मौजूद रहे. उच्चाधिकारियों ने मंगलवार को कलक्ट्रेट सभागार में दोनों पक्षों के किसानों के साथ बैठक की थी.
खंडीप गांव में भी 20 दिनों से चल रहा विशाल किसान महापड़ाववहीं इससे पहले बुधवार शाम को सवाई माधोपुर जिले के वजीरपुर क्षेत्र के खंडीप गांव में पांचना बांध के पानी को कमांड क्षेत्र की नहरों में छोड़ने की मांग को लेकर पिछले करीब 20 दिनों से चल रहा विशाल किसान महापड़ाव भी खत्म हो गया. किसानों के लंबे आंदोलन का समापन कैबिनेट मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा के ठोस आश्वासन के बाद हुआ. आंदोलन के समापन अवसर पर राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र के कई दिग्गज नेता एक ही मंच पर नजर आए. मंच पर कैबिनेट मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा, पूर्व विधायक भागचंद टांकड़ा, विधायक रामविलास मीणा, विधायक राजेंद्र मीणा, विधायक इंदिरा मीणा, मुरारी लाल मीणा और हरीश मीणा सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे.
मंत्री मीणा बोले-6 दिनों के भीतर नहरों में पानी खुलवा दिया जाएगासभा को संबोधित करते हुए डॉ. किरोड़ीलाल मीणा ने किसानों की मांगों को जायज बताया. उन्होंने कहा कि पांचना बांध के कमांड क्षेत्र के किसानों को सिंचाई के लिए पानी मिलना चाहिए. उन्होंने किसानों से 1 जुलाई तक का समय मांगा और भरोसा दिलाया कि आगामी 6 दिनों के भीतर नहरों में पानी खुलवा दिया जाएगा. डॉ. किरोड़ी लाल मीणा ने घोषणा की कि उनके नेतृत्व में 11 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल जल्द ही सिंचाई मंत्री से मुलाकात करेगा. इस बैठक में पांचना बांध के कमांड क्षेत्र की नहरों में पानी छोड़ने की मांग को प्रमुखता से रखा जाएगा और समाधान सुनिश्चित कराया जाएगा.
तय समय सीमा में नहरों में पानी नहीं छोड़ा गया तो फिर हो सकता है आंदोलनमंत्री के आश्वासन के बाद धरने पर बैठे किसानों ने सहमति जताई और आंदोलन को फिलहाल समाप्त करने का निर्णय लिया. किसानों ने कहा कि यदि तय समय सीमा में नहरों में पानी नहीं छोड़ा गया तो आगे की रणनीति पर विचार किया जाएगा. फिलहाल डॉ. किरोड़ीलाल मीणा के आश्वासन के बाद खंडीप में जारी किसान महा पड़ाव समाप्त हो गया है. अब किसानों की निगाहें सरकार की ओर से किए जाने वाले आगामी फैसले पर टिकी हुई है.
About the AuthorSandeep Rathore
संदीप राठौड़ वर्तमान में न्यूज18 इंडिया में क्लस्टर हेड राजस्थान (डिजिटल) पद पर कार्यरत हैं। राजनीति, क्राइम और सामाजिक मुद्दों पर रिपोर्टिंग में रूचि रखने वाले संदीप को पत्रकारिता का ढाई दशक से ज्यादा का अनुभव…और पढ़ें
न्यूजलेटर
अब ईमेल पर इनसाइड स्टोरीज
खबरों के पीछे की खबर अब आपके इनबॉक्स में
सबमिट करें
Location :
Karauli,Karauli,Rajasthan



