अटरू में शिक्षा मंत्री मदन दिलावर के कुनबे में घमासान, बेटे और भाई ने 1 ही वार्ड से मांगा टिकट

Last Updated:August 26, 2026, 11:55 IST
Atru Nagarpalika Chunav : राजस्थान के बारां जिले के अटरू नगरपालिका के लिए हो रहे चुनाव सुर्खियों में आ गए हैं. इसकी वजह है सूबे के शिक्षा मंत्री मदन दिलावर का परिवार. अटरू नगरपालिका अध्यक्ष का पद एससी वर्ग के लिए आरक्षित हुआ है. यहां से मदन दिलावर के छोटे भाई और बेटे ने एक ही वार्ड से बीजेपी से टिकट मांगा है. इससे वहां बीजेपी में अंदरखाने कई तरह की चर्चाएं हैं. मदन दिलावर के भाई कृष्ण मुरारी दिलावर (साफे में) तीन बार सरपंच रह चुके हैं.
बारां. बारां जिले के अटरू में पहली बार होने जा रहे नगरपालिका चुनाव में टिकट को लेकर सियासी रोमांच बढ़ गया है. राजस्थान के शिक्षा मंत्री मदन दिलावर के भाई और बेटे ने यहां एक ही वार्ड से भाजपा टिकट के लिए दावेदारी की है. यहां पालिकाध्यक्ष पद अनुसूचित जाति वर्ग के लिए आरक्षित है. ऐसे में पालिकाध्यक्ष पद के लिए चाचा-भतीजा दांव खेलने की तैयारी में है. अटरू नगरपालिका में 25 वार्ड पार्षद चुने जाने हैं. सभी 25 वार्डों के टिकट के लिए कांग्रेस को 248 और भाजपा को 110 आवेदन मिले हैं.
निकाय चुनाव घोषित होने के बाद अटरू नगर पालिका में प्रभावशाली लोग अध्यक्ष पद पर दावेदारी जता रहे हैं. वे जिताऊ वार्ड से टिकिट की मांग कर रहे हैं. इसमें लंबे समय से पार्टी के लिए काम कर रहे कार्यकर्ताओं के साथ कई प्रभावशाली नेताओें ने भी आवेदन किए हैं. यहां शिक्षा मंत्री मदन दिलावर परिवार के कृष्ण मुरारी दिलावर लंबे समय से वार्ड संख्या पांच से चुनाव की तैयारी कर रहे थे. उन्होंने यहां से टिकट के लिए दावेदारी जताई है. वे शिक्षा मंत्री के भाई हैं. कृष्ण मुरारी चरड़ाना पंचायत के 3 बार सरपंच रहे हैं.
3 बार सरपंच रहे हैं दिलावर के छोटे भाईअब शिक्षा मंत्री मदन दिलावर के बेटे पवन दिलावर ने भी वार्ड 5 से आवेदन कर दिया है. इससे यहां बीजेपी में अंदरखाने अच्छी खासी हलचल हो गई है. दोनों चाचा-भतीजा की एक ही वार्ड से दावेदारी शहर में चर्चा का विषय बनी हुई है. कृष्ण मुरारी दिलावर का कहना है कि जनता ने उन्हें जीताकर लगातार 3 बार सरपंच पद पर बिठाया था. आगे अगर भाजपा टिकट देती है तो चुनाव जीतकर भाजपा का बोर्ड बनाया जाएगा.
अभी टिकट फाइनल होने से पहले कई चरणों से गुजरेगीअटरू मंडल के अध्यक्ष पवन गंदोलिया ने इस बात की पुष्टि की है कि शिक्षा मंत्री मदन दिलावर के छोटे भाई कृष्ण मुरारी दिलावर और बेटे पवन दिलावर ने अटरू नगरपालिका के वार्ड पांच से पार्षद पद के लिए भाजपा से टिकट का आवेदन किया है. हालांकि अभी टिकट फाइनल होने से पहले कई चरणों से गुजरेगी. विभिन्न स्तर पर प्रत्याशी के बैकग्रांउड को खंगाला जाएगा. उसके बाद ‘जिताऊ और टिकाऊ’ के आधार पर टिकट फाइनल किया जाएगा. लेकिन चाचा-भतीजा की एक साथ दावेदारी ने वार्ड पांच के चुनाव को चर्चा में ला दिया है.
About the AuthorSandeep Rathore
संदीप राठौड़ वर्तमान में न्यूज18 इंडिया में क्लस्टर हेड राजस्थान (डिजिटल) पद पर कार्यरत हैं। राजनीति, क्राइम और सामाजिक मुद्दों पर रिपोर्टिंग में रूचि रखने वाले संदीप को पत्रकारिता का ढाई दशक से ज्यादा का अनुभव…
और पढ़ेंLocation :
Baran,Baran,Rajasthan
First Published :
August 26, 2026, 11:08 IST



