Health Tips : क्या रोटी और चावल खाने से वजन बढ़ता है? दोनों शुगर को भी बढ़ाते हैं? फिर क्या करें, डॉक्टर से जानें लिस्ट

Last Updated:September 18, 2026, 17:54 IST
Is Roti, Rice Bad for Weight: रोटी और चावल हमारे देश के दो प्रमुख आहार है. देश के किसी भी कोने में चले जाइए चावल और गेहूं से बनी चीजें मुख्य भोजन होता ही है. लेकिन अक्सर जब कोई वजन कम करना चाहता है या जिसे डायबिटीज है, उसे रोटी और चावल न खाने की सलाह दी जाती है. क्या रोटी और चावल दोनों से वजन बढ़ता है और दोनों शुगर स्पाइक को बढ़ाता है. आइए मेटाबोलिक डिसॉर्डर के मशहूर डॉक्टर पारस अग्रवाल से इस बात को जानते हैं.वजन और शुगर कैसे बढ़ती है.
Is Roti, Rice Bad for Weight: भारत रोटी और चावल का देश है. दक्षिण में चावल से कई तरह के व्यंजन बनते हैं और वे यहां के मुख्य भोजन हैं. उत्तर में चावल और रोटी दोनों चीजों को लोग हर दिन खाते हैं. सदियों से यही हमारे देश का खान-पान रहा है. लेकिन आधुनिक समय में लाइफस्टाइल से संबंधित कई बीमारियां हमें परेशान करने लगी है. ऐसे में आमतौर पर लोगों का यह मानना है रोटी और चावल दोनों से वजन भी बढ़ता है और शुगर भी स्पाइक करती है. इस बात में कितनी सच्चाई है और अगर यह सच है तो फिर इंसान क्या खाएं? इसी विषय पर हमने सी के बिड़ला अस्पताल में डायबेट्स, ओब्सिटी एंड मेटाबोलिक क्लीनिक के डायरेक्टर डॉ. पारस अग्रवाल से बात की.
क्या सच में चावल, रोटी से वजन बढ़ता
डॉ. पारस अग्रवाल ने बताया कि चावल और रोटी का वजन से संबंध इस बात से तय होता है कि आपका शरीर किस तरह का है. हर इंसान की बॉडी अलग-अलग तरह से काम करती है, इसलिए हर इंसान पर यह अलग-अलग तरह से काम करेगा. इसलिए यदि सीधे शब्दों में पूछा जाय कि क्या चावल और रोटी वजन बढ़ाता है तो इसका जवाब होगा हां. इसी तरह यदि आप सीधे पूछेंगे कि चावल और रोटी क्या शुगर बढ़ाती है तो इसका भी जवाब होगा हां. लेकिन इसके कई पहलू हैं. सामान्य तौर पर इसका कारण यह है कि चावल और रोटी दोनों में कार्बोहाइड्रैट की मात्रा ज्यादा होती है. सौ ग्राम चावल में 29 ग्राम कार्बोहाइड्रैट होता है जबकि 100 ग्राम गेहूं से बनी रोटी में 44 ग्राम कार्बोहाइड्रैट होता है. कार्बोहाइड्रैट शरीर में एनर्जी बनाती है. यदि यह एनर्जी खर्च न हो तो शरीर में ही यह फैट में बदल जाता है. फैट मतलब चर्बी. अब यह चर्बी जब शरीर में बढ़ेगा तो जाहिर है वजन भी बढ़ेगा और शुगर भी बढ़ेगी. लेकिन हमेशा ऐसा हो यह जरूरी नहीं. देश में हर व्यक्ति के जीवन में चावल और रोटी ही मुख्य डाइट है लेकिन सबका वजन और शुगर नहीं बढ़ती. इसके कई कारण हैं.
किन लोगों का वजन नहीं बढ़ेगा
डॉ. पारस अग्रवाल ने कहा कि चावल और रोटी में ज्यादा कार्बोहाइड्रैट होता है. निश्चित तौर पर यह शरीर में एनर्जी में बदल जाती है. अगर यह एनर्जी खर्च न हो तो यह चर्बी में बदल जाती है. लेकिन जो लोग शारीरिक मेहनत करते हैं या नियमित रूप से एक्सरसाइज करते हैं उनलोगों के लिए यह कोई समस्या नहीं है. इसका मतलब यह नहीं है कि आप सिर्फ चावल और रोटी ही खाते रहे. सिंपल बात यह है कि कार्बोहाइड्रैट को पचाने के लिए इंसुलिन हार्मोन की जरूरत होती है. जिस इंसान में कुदरती तौर पर इंसुलिन ज्यादा बनेगा उस इंसान में इस अतिरिक्त कार्बोहाइड्रैट को पचाने में कोई दिक्कत नहीं होगी. इसलिए ऐसे लोगों में न तो वजन बढ़ने का जोखिम रहेगा न ही शुगर बढ़ने का. लेकिन यदि आपके पेट में जरूरत से ज्यादा कार्बोहाइड्रैट जाता है तो इसे पचाने के लिए ज्यादा इंसुलिन की जरूरत होगी. अगर आपके शरीर में ज्यादा इंसुलिन है तो इसे आसानी से पचा तो देगी लेकिन अगर अक्सर ऐसा होगा तो इंसुलिन ज्यादा बनने के बाद यह अपना काम करना बंद कर देगा. इसे इंसुलिन रेजिस्टेंस कहते हैं. इससे शुगर की बीमारी का खतरा बढ़ जाएगा और वजन भी बढ़ जाएगा.
फिर क्या करें कि वजन न बढ़ें
डॉ. पारस अग्रवाल बताते हैं कि इससे बचने का सबसे बेस्ट तरीका है कि पोर्शन कंट्रोल करें. यानी चावल-रोटी खाएं तो लेकिन ज्यादा न खाएं. 100 ग्राम चावल में 28 ग्राम कार्बोहाइड्रैट होता है, इसलिए यदि आप हेल्दी है, वजन कंट्रोल है तो इतना चावल या इतना ही रोटी खाने से कोई खास फर्क नहीं पड़ेगा लेकिन यदि आप शुगर की बीमारी से पीड़ित हैं या आपका वजन ज्यादा है तो इतना न खाएं. इसे आधा कर दें. दूसरी ओर चावल और रोटी में फाइबर की मात्रा बहुत कम होती है. जिन लोगों को शुगर की बीमारी है या जिन लोगों का वजन ज्यादा है, उनमें फाइबर की ज्यादा जरूरत होती है. फाइबर पेट में ज्यादा देर से पचता है इस कारण उतनी देर भूख का अहसास कम होता है. वहीं फाइबर जब किसी चीज में ज्यादा रहता है तो उस चीज को पचाने में धीरे-धीरे इंसुलिन की जरूरत होती है. इसलिए यह डायबिटीज मरीजों के लिए भी फायदेमंद है. अगर आप चाहते हैं कि ज्यादा वजन न बढ़ें और शुगर की बीमारी न हो तो सबसे पहले एक्सरसाइज करना शुरू कर दीजिए. रोज कम से कम आधा घंटा एक्सरसाइज कीजिए. इसमें आप दौड़ सकते हैं, रस्सी कूद सकते हैं, स्ट्रैंथ ट्रैनिंग कर सकते हैं.
क्या खाएं
खाने-पीने की चीजों में हरी पत्तीदार सब्जियों का ज्यादा सेवन करें. थाली में आधा हिस्सा आपका हरी सब्जियों से भरा होना चाहिए. इसके साथ साबुत अनाज चुनें. यानी छिलका लगा गेहूं, चावल, चना, बादाम आदि का सेवन करें. इसे चोकर वाला आटा कहा जाता है. रोजना एक न एक फल का जरूर सेवन करें. इसके बाद ड्राई फ्रूट्स, सीड्स आदि का भी सेवन करें. नियमित रूप से पर्याप्त पानी पिएं.
About the AuthorLakshmi Narayan
मीडिया में 20 साल से ज्यादा का अनुभव रखने वाले लक्ष्मी नारायण पत्रकारिता के हर विधा में माहिर हैं. भविष्य की आहट और ट्रेंड्स को समय से पहले भांपने की अद्भुत कला उनके अंदर समाहि…
और पढ़ेंFirst Published :
September 18, 2026, 17:54 IST



