डेब्यू टेस्ट में ही बल्लेबाजों के लिए काल बन गया था ये भारतीय दिग्गज, झटके थे 16 विकेट, विरोधियों में छा गया था सन्नाटा

होमखेलक्रिकेट
डेब्यू पर ही बल्लेबाजों के लिए काल बने थे ये भारतीय दिग्गज, झटके थे 16 विकेट
Last Updated:August 12, 2026, 05:46 IST
क्रिकेट के खेल में हर खिलाड़ी की ये चाहत होती है कि उसका डेब्यू यादगार हो. ऐसा ही एक भारतीय क्रिकेटर नरेंद्र हिरवानी हुए थे, जिन्होंने अपने करियर के पहले ही टेस्ट मैच में कोहराम मचा दिया था. नरेंद्र हिरवानी ने अपने डेब्यू टेस्ट मैच के दोनों पारियों को मिलाकर कुल 16 विकेट अपने नाम किए थे, जो आज भी एक रिकॉर्ड है.पूर्व भारतीय क्रिकेटर नरेंद्र हिरवानी
नई दिल्ली: क्रिकेट के खेल में किसी भी खिलाड़ी के लिए डेब्यू सबसे खास होता है. अपने करियर के पहले मैच में प्लेयर कुछ ऐसा करना चाहता है, जिसे हमेशा याद रखा जाए, लेकिन बहुत कम ऐसे खिलाड़ी हुए हैं जिन्होंने अपने डेब्यू को यादगार बनाया है. खास तौर पर गेंदबाजी में, लेकिन भारत के एक क्रिकेटर ने गेंदबाजी में डेब्यू पर एक ऐसा कारनामा किया, जिसे सुनकर आज भी फैंस को यकीन नहीं होता है.
दरअसल, इस भारतीय क्रिकेटर का नाम नरेंद्र हिरवानी है. हिरवानी ने साल 1988 में वेस्टइंडीज के खिलाफ चेन्नई में अपना टेस्ट डेब्यू किया था. उस दौर में वेस्टइंडीज एक मजबूत टीम थी, लेकिन कैरेबियाई खिलाड़ी हिरवानी की फिरकी के तिलिस्म से अनजान थे. नरेंद्र हिरवानी ने चेन्नई की पिच पर अपनी स्पिन का ऐसा जाल बिछाया कि पूरी वेस्टइंडीज की टीम ताश के पत्तों की तरह बिखर गई.
डेब्यू पर नरेंद्र हिरवानी ने लिए थे 16 विकेट
मुकाबले में टीम इंडिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए कपिल देव की शतकीय पारी से 382 रन बनाए थे. टीम इंडिया का यह स्कोर अच्छा था और वेस्टइंडीज से भी कड़ी चुनौती मिलने की उम्मीद थी, लेकिन ऐसा नहीं हुआ. नरेंद्र हिरवानी ने गेंदबाजी में अकेले वेस्टइंडीज के 8 बल्लेबाजों को आउट कर दिया. हिरवानी ने सिर्फ 18.1 ओवर की गेंदबाजी की थी जिसमें उन्होंने 61 रन दिए थे. इस तरह वेस्टइंडीज की टीम भारत के खिलाफ 382 रन के जवाब में 184 रन बनाकर सिमट गई, जिससे मेजबान टीम इंडिया को 198 रनों की बड़ी बढ़त मिली.
दूसरी पारी में भी हिरवानी ने बरपाया कहर
पहली पारी में वेस्टइंडीज का दम निकालने के बाद हिरवानी ने दूसरी पारी में भी घातक गेंदबाजी की. भारत ने दूसरी पारी में 217 रन बनाकर पारी घोषित की और वेस्टइंडीज को पहली पारी की बढ़त के आधार पर 416 रनों का विशाल लक्ष्य दिया. स्पिन गेंदबाजों के लिए मददगार इस पिच पर वेस्टइंडीज के लिए इस लक्ष्य को हासिल करना बहुत मुश्किल था और ठीक ऐसा ही हुआ. ऊपर से हिरवानी की घातक गेंदबाजी ने टीम इंडिया के काम को और आसान कर दिया.
दूसरी पारी में हिरवानी की बात करें तो उन्होंने 15.2 ओवर में 75 रन देकर फिर से 8 विकेट अपने नाम किए, जिससे कैरेबियाई टीम 160 रन पर सिमट गई और भारत ने चेन्नई टेस्ट को 255 रन से अपने नाम कर लिया. हिरवानी को उनके दमदार प्रदर्शन के लिए डेब्यू पर ही प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया.
About the AuthorJitendra Kumar
जितेंद्र कुमार डिजिटल पत्रकारिता की दुनिया में बीते 10 सालों से सक्रिय हैं. वर्तमान में वह नेटवर्क 18 समूह के साथ बतौर चीफ सब एडिटर जुड़े हैं और हिंदी स्पोर्ट्स सेक्शन में अपनी…
और पढ़ेंLocation :
New Delhi,Delhi
First Published :
August 12, 2026, 05:46 IST



