Kuchaman City Hospital Expansion | नागौर के कुचामन जिला अस्पताल में ट्रॉमा और कैंसर डे-केयर सेंटर शुरू

Last Updated:July 01, 2026, 13:11 IST
Kuchaman City Hospital Expansion: नागौर के कुचामन सिटी जिला अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाओं का बड़ा विस्तार करते हुए ट्रॉमा सेंटर, कैंसर डे-केयर, ब्लड सेंटर, डेंटल विभाग, हब एंड स्पोक लैब और दो निशुल्क दवा केंद्रों का उद्घाटन राज्यमंत्री विजयसिंह चौधरी ने किया. अब मरीजों को जयपुर या अजमेर नहीं भागना पड़ेगा. अस्पताल प्रशासन ने नए भवन को 300 बेड का करने, कार्डियक यूनिट शुरू करने और बिजली-पानी की स्थायी व्यवस्था की मांग की. विकास समिति ने सोनोलॉजिस्ट मिलने पर निशुल्क सोनोग्राफी देने का भरोसा दिया.
कुचामन सिटी के जिला अस्पताल में ट्रॉमा सेंटर, कैंसर डे-केयर सेंटर, रक्त वितरण केंद्र, डेंटल विभाग, अपग्रेडेड हब एंड स्पोक लैब तथा दो निशुल्क दवा केंद्रों का शुभारंभ कर स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार की दिशा में एक बड़ी पहल की गई है, जिससे अब गंभीर रूप से घायल और कैंसर के मरीजों सहित क्षेत्र के हजारों लोगों को स्थानीय स्तर पर ही बेहतर उपचार मिल सकेगा और उन्हें इलाज के लिए जयपुर, अजमेर या बीकानेर जैसे बड़े शहरों की दौड़ नहीं लगानी पड़ेगी.
इन केंद्रों का शुभारंभ खुद नावां विधायक एवं राज्यमंत्री विजयसिंह चौधरी ने करते हुए कहा कि राज्य सरकार स्वास्थ्य सेवाओं को गांव और कस्बों तक मजबूत बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है, क्योंकि स्वस्थ शरीर ही सबसे बड़ा सुख है जिसके चलते चिकित्सा सहित अन्य क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं का तेजी से विस्तार किया जा रहा है और उन्होंने पूरा विश्वास जताया कि इन नई चिकित्सा सुविधाओं से आमजन को सीधा लाभ मिलेगा.
अस्पताल प्रशासन और चिकित्सकों ने राज्यमंत्री विजयसिंह चौधरी से स्टेशन रोड पर निर्माणाधीन नए अस्पताल भवन को बढ़ती आबादी और मरीजों की संख्या के अनुरूप 100 बेड के बजाय स्वीकृत 300 बेड का बनाने की मांग रखी, और इसके साथ ही भवन में बिजली-पानी की स्थायी व्यवस्था, सरकारी चिकित्सकों के लिए आवास तथा पहले से घोषित कार्डियक यूनिट को जल्द शुरू करने की आवश्यकता भी बताई ताकि इन सुविधाओं के विस्तार से आमजन को राहत मिल सके.
Add as Preferred Source on Google
कुचामन विकास समिति के अध्यक्ष ओमप्रकाश काबरा ने जिला अस्पताल में सीटी स्कैन मशीन शुरू करने की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा कि वर्तमान में यह सुविधा नहीं होने के कारण मरीजों को अजमेर, जयपुर और अन्य शहरों की दौड़ लगानी पड़ती है जिससे उनका समय और धन दोनों बर्बाद होते हैं, जबकि अस्पताल में आई हॉस्पिटल शुरू होने के बाद चार विशेषज्ञ चिकित्सक अपनी सेवाएं दे रहे हैं और करीब 45 प्रकार की जांचें भी यहाँ पहले से ही उपलब्ध हैं.
ओमप्रकाश काबरा ने यह भी घोषणा की कि यदि सरकार अस्पताल में सोनोलॉजिस्ट की नियुक्ति करती है तो रामजीवन काबरा रोग निदान केंद्र की ओर से सोनोग्राफी की सुविधा निशुल्क उपलब्ध कराई जाएगी, और उन्होंने कहा कि सरकारी व सामाजिक संस्थाओं के सहयोग से जिला अस्पताल को आधुनिक स्वास्थ्य सेवाओं से सुसुज्जित किया जा सकता है जिससे कुचामन और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को बेहतर, सुलभ और समय पर उपचार मिलने की उम्मीद और मजबूत हुई है.
न्यूज़18 को गूगल पर अपने पसंदीदा समाचार स्रोत के रूप में जोड़ने के लिए यहां क्लिक करें। राजस्थान की ताजा खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें|



