Pratapgarh News: अरनोद में सड़क हादसे में बस-कार की भिड़ंत में दो लोगों की मौत, तीन लोग गंभीर घायल

Last Updated:August 24, 2026, 12:49 IST
प्रतापगढ़ के अरनोद क्षेत्र के फरेड़ी फंटा पर निजी बस और कार की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत में दो लोगों की मौके पर मौत हो गई. हादसे में एक महिला और दो बच्चे गंभीर घायल हुए हैं, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद प्रतापगढ़ जिला चिकित्सालय रेफर किया गया.
प्रतापगढ़. जिले के अरनोद क्षेत्र में फरेड़ी फंटा पर सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, यहां एक निजी बस और कार की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई. टक्कर इतनी भीषण थी कि कार सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक महिला और दो बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए.
जानकारी के अनुसार, कार में मध्यप्रदेश के जावरा क्षेत्र के रिगणोद थाना इलाके के बन्नवाड़ा निवासी सुनील जायसवाल अपने परिवार के साथ यात्रा कर रहे थे. हादसे में सुनील जायसवाल और उनकी सास की मौके पर ही मौत हो गई. दुर्घटना में सुनील जायसवाल की पत्नी प्रियम जायसवाल भी गंभीर रूप से घायल हो गई. उनके साथ कार में यात्रा कर रहे एक लड़का और एक लड़की भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं.
ग्रामीणों ने संभाला मोर्चा
हादसे के तुरंत बाद आसपास मौजूद ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया. ग्रामीणों ने बिना देरी किए घायलों को निजी वाहनों की मदद से अरनोद चिकित्सालय पहुंचाया. वहां चिकित्सकों ने सभी घायलों का प्राथमिक उपचार किया. हालत गंभीर होने पर महिला और दोनों बच्चों समेत सभी घायलों को बेहतर उपचार के लिए प्रतापगढ़ जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया गया.
पुलिस और प्रशासन ने लिया जायजा
घटना की सूचना मिलते ही तहसीलदार देवहिंग, थाना अधिकारी शिवलाल मीणा सहित पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची. अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और हादसे की स्थिति का जायजा लिया. पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद फरेड़ी फंटा पर काफी देर तक लोगों की भीड़ जमा रही. भीषण सड़क दुर्घटना में दो लोगों की मौत और बच्चों सहित तीन लोगों के गंभीर घायल होने से क्षेत्र में शोक का माहौल है. हादसे ने एक परिवार को गहरा सदमा दिया है। पुलिस दुर्घटना के कारणों और परिस्थितियों की जांच में जुटी हुई है.
About the AuthorMonali Paul
नमस्ते मेरा नाम मोनाली है, पेशे से पत्रकार हूं, ख़बरें लिखने का काम है. लेकिन कैमरे पर समाचार पढ़ना बेहद पसंद है. 2016 में पत्रकारिता में मास्टर्स करने के बाद पांच साल कैमरे पर न्यूज़ पढ़ने के साथ डेस्क पर खबरे…
और पढ़ेंLocation :
Pratapgarh,Rajasthan
First Published :
August 24, 2026, 12:49 IST



