Putin On Iran War: Iran Uranium Offer News | US News Hindi | Donald Trump- ईरान के समर्थन में खुलकर उतरे पुतिन, अमेरिका के दावे की उड़ाई धज्जियां

Last Updated:May 10, 2026, 07:39 IST
Putin On Iran War: रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने कहा है कि ईरान के परमाणु हथियार बनाने का कोई सबूत नहीं है. उन्होंने अमेरिका-ईरान संघर्ष को जटिल बताया और बातचीत के जरिए समाधान की बात कही. रूस ने 2015 जैसे समझौते को दोहराने की पेशकश भी की है. वहीं यह पेशकश भी की है कि रूस ईरानी यूरेनियम रखने को तैयार है.
पुतिन ने ईरान युद्ध पर कह दी बड़ी बात.
Putin On Iran War: रूस में विक्ट्री डे परेड खत्म होते ही राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने कुछ ऐसा कहा है, जिससे अमेरिका के ईरान पर हमले को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं. पश्चिम एशिया में चल रहे अमेरिका-ईरान टकराव के बीच पुतिन का बयान आया है. पुतिन ने साफ कहा कि ईरान के खिलाफ जिस तरह की कार्रवाई हो रही है, उसके पीछे परमाणु हथियारों का मुद्दा बताया जा रहा है, लेकिन अब तक कोई ठोस सबूत सामने नहीं आया है कि तेहरान परमाणु हथियार बना रहा है. उन्होंने मीडिया से बातचीत में कहा, ‘अमेरिका और ईरान के बीच जो संघर्ष चल रहा है, वह बहुत कठिन स्थिति है. हम दोनों पक्षों के संपर्क में हैं और उम्मीद करते हैं कि यह संघर्ष जल्द खत्म होगा.’ इसके साथ ही उन्होंने ईरान को एक ऑफर भी दिया.
रूसी राष्ट्रपति ने यह भी साफ किया कि रूस के ईरान और खाड़ी देशों दोनों के साथ अच्छे संबंध हैं, इसलिए वह इस पूरे मामले में संतुलन बनाए रखने की कोशिश कर रहा है. सबसे अहम बात यह रही कि पुतिन ने सीधे तौर पर यह कहा कि रूस को कभी ऐसा कोई सबूत नहीं मिला, जिससे यह साबित हो कि ईरान परमाणु हथियार बनाने की दिशा में काम कर रहा है. यह बयान ऐसे समय आया है जब अमेरिका लगातार ईरान के परमाणु कार्यक्रम पर सख्ती की मांग कर रहा है.
पुतिन ने याद दिलाए पुराने समझौते
पुतिन ने 2015 के उस समझौते की भी याद दिलाई, जिसमें ईरान और कई देशों के बीच परमाणु डील हुई थी. उन्होंने कहा कि उस समय रूस ने अहम भूमिका निभाई थी और वही मॉडल आज भी काम कर सकता है. उन्होंने कहा, ‘हमने 2015 में यह काम किया था और यह समझौता सफल रहा था. हम आज भी उसी तरह का समाधान दोबारा करने के लिए तैयार हैं.’ रूस ने यह भी संकेत दिया कि ईरान के परमाणु कार्यक्रम को शांतिपूर्ण ऊर्जा के तौर पर इस्तेमाल किया जा सकता है. पुतिन ने बताया कि बुशेहर न्यूक्लियर प्लांट जैसे प्रोजेक्ट इसी दिशा में काम कर रहे हैं और इनका मकसद हथियार बनाना नहीं है.
ईरान का यूरेनियम अपने पास रखने को तैयार हुए पुतिन
उन्होंने यह भी कहा कि अगर सभी देश सहमत हों, तो ईरान अपने यूरेनियम को किसी दोस्त देश में भेज सकता है, जहां उसे सुरक्षित तरीके से प्रोसेस किया जा सके. इस पूरी प्रक्रिया की निगरानी अंतरराष्ट्रीय परमाणु एजेंसी (IAEA) कर सकती है. पुतिन ने कहा कि रूस ईरानी यूरेनियम को रखने और उसे ईरान से निकालने के लिए तैयार है. पुतिन के मुताबिक, रूस ने पहले भी ऐसे प्रस्ताव दिए हैं और अब भी उसके ऑफर टेबल पर मौजूद हैं. उनका कहना है कि इससे यह सुनिश्चित किया जा सकता है कि ईरान का परमाणु कार्यक्रम पूरी तरह शांतिपूर्ण रहे. इस पूरे घटनाक्रम के बीच यह भी साफ है कि अमेरिका और ईरान के बीच तनाव अभी कम होने के संकेत नहीं दे रहा है.
About the AuthorYogendra Mishra
योगेंद्र मिश्र ने इलाहाबाद यूनिवर्सिटी से जर्नलिज्म में ग्रेजुएशन किया है. 2017 से वह मीडिया में जुड़े हुए हैं. न्यूज नेशन, टीवी 9 भारतवर्ष और नवभारत टाइम्स में अपनी सेवाएं देने के बाद अब हिंदी के इंटरने…और पढ़ें
न्यूजलेटर
अब ईमेल पर इनसाइड स्टोरीज
खबरों के पीछे की खबर अब आपके इनबॉक्स में
सबमिट करें



