सिर्फ 1 सीन की वजह से ठुकराई फिल्म, बेटी के कहने पर बदली अपनी राय, बॉक्स ऑफिस पर मूवी ने मचाया तहलका

Last Updated:April 21, 2026, 07:28 IST
फिल्म जगत के एक मंझे हुए एक्टर ने हाल ही में चौंकाने वाला खुलासा किया है. उन्होंने बताया कि एक ब्लॉकबस्टर फिल्म में महज एक सीन का रोल मिलने के कारण उन्होंने उसे करने से साफ मना कर दिया था. उन्हें लगा कि इतने छोटे किरदार से उनके करियर को कोई खास फायदा नहीं होगा. हालांकि, बेटी ने उन्हें समझाया कि नए निर्देशकों को मौका देना चाहिए और अनुभवी कलाकारों का साथ उनके लिए जरूरी है. बेटी की जिद के आगे एक्टर को झुकना पड़ा और उन्होंने फिल्म साइन कर ली. नतीजा यह हुआ कि फिल्म बॉक्स ऑफिस पर ब्लॉकबस्टर साबित हुई.
नई दिल्ली. रणवीर सिंह की फिल्म धुरंधर 2 की जबरदस्त कामयाबी ने राकेश बेदी के करियर को नया मोड़ दे दिया है. फिल्म में उनका किरदार जमाल जमीली दर्शकों के दिलों में घर कर गया है और सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है. लेकिन क्या आप जानते हैं कि राकेश बेदी ने डायरेक्टर आदित्य धर की पहली फिल्म उरी: द सर्जिकल स्ट्राइक को लगभग ठुकरा ही दिया था?
यह किस्सा साल 2019 का है, जब आदित्य धर अपनी फिल्म उरी: द सर्जिकल स्ट्राइक के लिए राकेश बेदी के पास एक छोटा लेकिन असरदार रोल लेकर पहुंचे थे. उस वक्त राकेश बेदी यह फिल्म करने के मूड में नहीं थे. हाल ही में फराह खान के व्लॉग पर बातचीत के दौरान उन्होंने बताया, ‘मैंने उरी के लिए मना कर दिया था, क्योंकि इसमें सर्बिया में सिर्फ एक ही सीन था.’
राकेश बेदी ने अपनी बेटी रितिका की ओर इशारा करते हुए आगे कहा, ‘रितिका ने जिद पकड़ ली कि पापा, वो नए डायरेक्टर हैं और काफी काबिल लग रहे हैं, प्लीज यह फिल्म कर लीजिए.’ फिर उनकी पत्नी ने भी रितिका का साथ देते हुए कहा कि बेटी का सही कहना था कि अगर मंझे हुए कलाकार ही नए निर्देशकों के साथ काम करने से मना कर देंगे, तो यह उनके साथ नाइंसाफी होगी.’
Add as Preferred Source on Google
रितिका का मानना था कि अगर सब ऐसा ही करने लगे तो नए लोगों को कभी मौका ही नहीं मिलेगा. राकेश बेदी कहते हैं, ‘बेटी की बात मानकर मैं तैयार हो गया और बाद में आदित्य ने भी आकर कहा कि सर, आपको यह रोल करना ही होगा.’
बातों-बातों में रितिका ने मजाक करते हुए कहा, ‘इसीलिए तो मैं मम्मी-पापा से कहती हूं कि हम यंगस्टर्स की बात सुना करो, फायदे में रहोगे. यह सुनकर फराह खान हंस पड़ीं और राकेश बेदी से बोलीं, ‘देख लीजिए, बेटी की सलाह आपके कितने काम आई. राकेश बेदी की पत्नी ने मुस्कुराते हुए बेटी की तरफ देखा और कहा, ‘बिल्कुल, इसकी सलाह वाकई रंग लाई.’
जब फराह ने चुटकी लेते हुए कहा कि रितिका को तो इस बात के लिए ईनाम मिलना चाहिए, तो रितिका ने तुरंत तपाक से जवाब दिया, ‘इनाम तो पहले से तय है, मुझे जल्द ही मेरी रेंज रोवर मिलने वाली है. यह सुनकर फराह हैरान रह गईं और पूछा, ओह भाई! सच में?. हालांकि, राकेश और उनकी पत्नी ने हंसते हुए इसे टाल दिया और मजाक में कहा कि अरे नहीं, ये झूठ बोल रही है. ये तो बचपन से ही नंबर वन फेकू है.’
‘उरी: द सर्जिकल स्ट्राइक’ में राकेश बेदी ने एक ऐसे आईएसआई एजेंट का रोल निभाया था, जो असल में रॉ के लिए काम करता है. उनके इस किरदार के ट्विस्ट को दर्शकों ने खूब सराहा था. बॉक्स ऑफिस पर मूवी ब्लॉकबस्टर साबित हुई थी. अब ठीक वैसा ही जादू ‘धुरंधर’ को लेकर भी देखने को मिल रहा है, जहां उनके दमदार अभिनय ने उन्हें फिर से लाइमलाइट में ला दिया है. उनका बोला गया डायलॉग ‘बच्चा है तू मेरा’ इंटरनेट पर वायरल है.
बताते चलें कि 19 मार्च को रिलीज हुई ‘धुरंधर 2’ बॉक्स ऑफिस पर सफलता के नए कीर्तिमान स्थापित कर रही है. ये मूवी दुनियाभर में 1700 करोड़ का जादुई आंकड़ा पार कर चुकी है. इसी के साथ इस फ्रेंचाइजी की दोनों फिल्मों की कुल कमाई 3000 करोड़ के पार पहुंच गई है, जिसने इसे भारतीय सिनेमा की सबसे बड़ी फिल्म सीरीज की लिस्ट में शुमार कर दिया है.
न्यूज़18 को गूगल पर अपने पसंदीदा समाचार स्रोत के रूप में जोड़ने के लिए यहां क्लिक करें।First Published :
April 21, 2026, 07:28 IST



