मणि रत्नम ने माही विज को किया था सिलेक्ट, करीना से पहले ऑफर हुई थी ब्लॉकबस्टर फिल्म, इस वजह से बिगड़ी थी बात

Last Updated:September 17, 2026, 15:02 IST
Mani Ratnam Selected Mahhi Vij For This Hit Movie: बिग बॉस 20 शो में माही विज ने करीना कपूर की फिल्म को लेकर खुलासा किया है. उन्होंने बिग बॉस हाउस में अपने मुंबई में शुरूआत कैसी रही और कैसे करीना कपूर का एक रोल पहले उन्हें ऑफर किया गया था,इसके बारे में खुलासा किया.
फोटो साभार-IMDB
नई दिल्ली: ‘बिग बॉस 20’ लगातार सुर्खियों में बना हुआ है. वहीं शो में पहले ही दिन बवाल काटने वाली कंटेस्टेंट माही विज भी काफी कमाल दिखा रही हैं. गेम के अलावा माही विज अपनी पर्सनल और प्रोफेशनल लाइफ से जुड़े खुलासे भी कर रही हैं, जिसे लेकर वे चर्चा में बनी हुई हैं. हाल ही में शो में अपनी को-कंटेस्टेंट कनिका मान के साथ बात करते हुए माही ने एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री में अपने शुरुआती दिनों को याद किया .
माही ने बताया कि टीवी की दुनिया में कदम रखने से पहले उन्होंने म्यूजिक वीडियोज और साउथ इंडियन सिनेमा में काम किया था . इसी दौरान उन्होंने बताया कि उन्हें बॉलीवुड की एक बड़ी फिल्म में करीना कपूर वाला रोल ऑफर हुआ था .
म्यूजिक वीडियोज से की थी करियर की शुरुआत
बातचीत के दौरान माही विज ने बताया कि मुंबई आते ही उन्हें काम मिलना शुरू हो गया था . उनका पहला प्रोजेक्ट हिट म्यूजिक वीडियो ‘तू, तू है वही’ था, जिसमें वह पिंक ड्रेस में नजर आई थीं . इसके बाद माही ने एक के बाद एक कई सुपरहिट म्यूजिक वीडियोज में काम किया . माही ने साउथ सिनेमा में भी अपनी किस्मत आजमाई, जहां उन्होंने प्रभु देवा और ममूटी जैसे बड़े सितारों के साथ काम किया .
मणि रत्नम ने ‘युवा’ के लिए किया था सिलेक्ट
माही ने खुलासा किया कि म्यूजिक वीडियोज और साउथ फिल्मों में काम करने के दौरान मशहूर डायरेक्टर मणि रत्नम ने उन्हें अपनी फिल्म ‘युवा’ के लिए सिलेक्ट किया था . फिल्म में विवेक ओबेरॉय के अपोजिट जो रोल करीना कपूर खान ने निभाया था, वह सबसे पहले माही विज को मिलने वाला था . हालांकि, किसी के साथ हुई अनबन की वजह से यह मौका उनके हाथ से निकल गया . माही ने इस बात का खुलासा नहीं किया कि उनकी नोक-झोंक किसके साथ हुई थी .
नेटफ्लिक्स पर उपलब्ध है फिल्म ‘युवा’
साल 2004 में रिलीज हुई मणि रत्नम की फिल्म ‘युवा’ में करीना कपूर, अभिषेक बच्चन और विवेक ओबेरॉय मुख्य भूमिकाओं में नजर आए थे . इस फिल्म को दर्शकों ने काफी पसंद किया था और इसे हिंदी, तेलुगू और बंगाली भाषाओं में रिलीज किया गया था . अगर आप इस फिल्म को देखना चाहते हैं तो यह ओटीटी प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स पर देखने के लिए उपलब्ध है . फिलहाल, माही विज ‘बिग बॉस 20’ में अपने बेबाक अंदाज से फैंस का ध्यान खींच रही हैं .
About the Authorगार्गी द्विवेदीSub Editor
मैं इस समय App टीम का हिस्सा हूं. App पर आप आसानी से अपनी मनपसंद खबरें पढ़ सकते हैं. मुझे खबरें लिखने का 3 साल से ज्यादा का अनुभव है और फिलहाल मैं सब एडिटर के पद पर हूं.
इससे पहले मैंने, दैनिक …
September 17, 2026, 15:02 IST



