RPSC अध्यक्ष यूआर साहू का कार्यकाल हुआ खत्म, शुरू हुई नए चेहरे की तलाश, जानें कौन-कौनसे नाम हैं चर्चा में?

Last Updated:June 19, 2026, 11:37 IST
Rajasthan Public Service Commission News : राजस्थान लोक सेवा आयोग के अध्यक्ष यूआर साहू का कार्यकाल आज समाप्त हो रहा है. वे बीते साल 19 जून को RPSC के अध्यक्ष बनाए गए थे. साहू का कार्यकाल पूरा होने के साथ ही आयोग के लिए नए अध्यक्ष की तलाश शुरू हो गई है. माना जा रहा है कि अभी आयोग के लिए कार्यवाहक अध्यक्ष नियुक्त किया जाएगा. उसके बाद परमानेंट अध्यक्ष की नियुक्ति होगी. कार्यवाहक अध्यक्ष के लिए फिलहाल दो नामों की चर्चा बेहद जोरों पर है.यूआर साहू एक साल तक आयोग के मुखिया रहे.
अजमेर. राजस्थान की सबसे बड़ी और प्रतिष्ठित भर्ती एजेंसी राजस्थान लोक सेवा आयोग (RPSC) के अध्यक्ष उत्कल रंजन साहू का कार्यकाल 19 जून यानी आज खत्म होने जा रहा है. राजस्थान पुलिस महानिदेशक (DGP) के पद से इस्तीफा देकर आयोग के अध्यक्ष बने साहू एक साल तक इस प्रतिष्ठित संस्था के मुखिया रहे. इस 1 साल के दौरान उन्होंने कई नवाचार किए गए और विभिन्न विभागों की दर्जनों भर्तियों को सफलतापूर्वक संपन्न कराया. साहू का कार्यकाल समाप्त होने के बाद अब आयोग के नए मुखिया की तलाश शुरू हो गई है.
प्रशासनिक हलकों में माना जा रहा है कि फिलहाल आयोग को पूर्णकालिक अध्यक्ष की बजाय कार्यवाहक अध्यक्ष मिलेगा. उसके बाद भजनलाल सरकार सभी समीकरणों को साधते हुए इस पद के लिए पूर्णकालिक अध्यक्ष की नियुक्ति करेगी. यह भी संभव है कि जिसे कार्यवाहक अध्यक्ष बनाया जाए उनको ही बाद में पूर्णकालिक अध्यक्ष बना दिया जाए. यह सब सरकार की मर्जी पर निर्भर है. वर्तमान में इस पद के लिए आयोग के दो वरिष्ठ सदस्यों कैलाश मीणा और वरिष्ठ आईपीएस हेमंत प्रियदर्शी का नाम चर्चा में है.
एक सदस्य बाबूलाल कटारा सस्पेंड चल रहे हैं
राजस्थान लोक सेवा आयोग में पहले अध्यक्ष समेत आठ पद थे. इनमें एक अध्यक्ष और सात सदस्य थे. लेकिन सूबे में भजनलाल सरकार ने आते ही सदस्यों के तीन पदों का इजाफा कर दिया था. इससे आयोग में अध्यक्ष समेत कुछ 11 पद हो गए थे. यह बात दीगर है कि भजनलाल सरकार की ओर से बढ़ाए गए पदों पर अभी तक किसी को नियुक्त नहीं किया गया है. वे पद खाली ही चल रहे हैं. वर्तमान में आयोग में अध्यक्ष समेत सभी पद ही भरे हुए हैं. इनमें एक सदस्य बाबूलाल कटारा राजस्थान एसआई भर्ती परीक्षा में गड़बड़ी के आरोप में निलंबित चल रहे हैं. अब साहू के चले जाने के बाद पांच सदस्य ही बचेंगे.
वर्तमान में ये हैं सदस्यइनमें कर्नल केसरी सिंह राठौड़, कैलाश मीणा, हेमंत प्रियदर्शी, प्रोफेसर अयुब खान, सुशील कुमार और अशोक कुमार शामिल हैं. इनमें सबसे वरिष्ठ सदस्य कैलाश मीणा और हेमंत प्रियदर्शी हैं. पूर्ववर्ती गहलोत सरकार की ओर से आरपीएससी के बनाए गए दो सदस्य बाबूलाल कटारा और रामूराम रायका राजस्थान पुलिस सब इंस्पेक्टर भर्ती परीक्षा में गंभीर गड़बड़ियों के मामले में गिरफ्तार हो चुके हैं. दोनों पर एसआई परीक्षा के पेपर बेचने और अपने चेहतों को पहुंचाने के गंभीर आरोप हैं. इनमें रायका का कार्यकाल पूरा हो चुका है. वहीं कटारा निलंबित चल रहे हैं.
About the AuthorSandeep Rathore
संदीप राठौड़ वर्तमान में न्यूज18 इंडिया में क्लस्टर हेड राजस्थान (डिजिटल) पद पर कार्यरत हैं। राजनीति, क्राइम और सामाजिक मुद्दों पर रिपोर्टिंग में रूचि रखने वाले संदीप को पत्रकारिता का ढाई दशक से ज्यादा का अनुभव…और पढ़ें
न्यूजलेटर
अब ईमेल पर इनसाइड स्टोरीज
खबरों के पीछे की खबर अब आपके इनबॉक्स में
सबमिट करें
Location :
Ajmer,Ajmer,Rajasthan



