बाबा सिद्दीकी की मौत से टूटे सलमान खान, दर्द में भी जारी रखी ‘सिकंदर’ की शूटिंग, कट होते ही लेते थे फिजियोथेरेपी

Last Updated:June 19, 2026, 13:58 IST
बॉलीवुड के सुपरस्टार सलमान खान ने अपनी फिल्म ‘सिकंदर’ की शूटिंग के दौरान अपनी जिंदगी का सबसे मुश्किल दौर देखा. अक्टूबर 2024 में उनके करीबी दोस्त और वरिष्ठ राजनेता बाबा सिद्दीकी की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. इस दुखद घटना ने पूरे फिल्म इंडस्ट्री को हिलाकर रख दिया. इस घटना के बाद सलमान की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंताएं पैदा हुईं. लेकिन उन्होंने शूटिंग नहीं छोड़ी.
नई दिल्ली. सलमान खान परदे पर हमेशा मजबूत और बेखौफ नजर आते हैं. लेकिन सितारों की जिंदगी में भी ऐसे पल आते हैं, जब दर्द सिर्फ चेहरे पर नहीं, बल्कि दिल के सबसे गहरे कोनों में उतर जाता है. कभी अपनों को खोने का गम, कभी हालात का दबाव और कभी शरीर की तकलीफ इंसान को भीतर तक तोड़ देती है. लेकिन सलमान खान उन सितारों में हैं. जो टूटकर भी बिखरते नहीं, बल्कि अपने हिस्से की लड़ाई चुपचाप लड़ते रहते हैं. जिंदगी में दर्द था, बेचैनी थी, हालात आसान नहीं थे फिर भी जिम्मेदारियों से पीछे हटने का विकल्प उन्होंने नहीं चुना.
सलमान खान के लिए बीता कुछ समय उनके जीवन के सबसे कठिन और तनावपूर्ण दौर में से एक रहा है. फिल्म ‘सिकंदर’ की शूटिंग के दौरान जहां एक तरफ वे गंभीर रूप से पसलियों की चोट से जूझ रहे थे. वहीं, दूसरी तरफ उनके बेहद करीबी दोस्त और राजनेता बाबा सिद्दीकी की सनसनीखेज हत्या ने उन्हें पूरी तरह झकझोर कर रख दिया था.
अब इस दर्दनाक और तनावपूर्ण दौर को लेकर सलमान खान के सिकंदर को-स्टार विशाल वशिष्ठ ने कई चौंकाने वाले और भावुक करने वाले खुलासे किए हैं. उन्होंने ‘फ्री प्रेस जर्नल’ को दिए एक इंटरव्यू में इस बारे में बात की. विशाल ने बताया, ‘वह मानसिक, भावनात्मक और शारीरिक रूप से पूरी तरह टूट चुके थे. वह बहुत बुरे दौर से गुजर रहे थे. हमने यह सब अपनी आंखों से सेट पर देखा है. यह कोई बनाई हुई कहानी नहीं है बल्कि कड़वी सच्चाई थी. वह सेट पर बहुत धीरे-धीरे चलते थे और किसी तरह अपना सीन पूरा करते थे. जैसे ही डायरेक्टर ‘कट’ बोलते, वह तुरंत जाकर फिजियोथेरेपी करवाते थे.’
Add as Preferred Source on Google
विशाल ने आगे बताया कि पसलियां टूटी होने के कारण सलमान खान के लिए एक कुर्सी से उठना और बैठना तक बेहद दर्दनाक था. कुछ सीन्स की शूटिंग के दौरान वे साफ तौर पर संघर्ष कर रहे थे लेकिन फिर भी उन्होंने हिम्मत नहीं हारी.
अक्टूबर 2024 में बाबा सिद्दीकी की हत्या के बाद लॉरेंस बिश्नोई गैंग की तरफ से सलमान खान को लगातार जान से मारने की धमकियां मिल रही थीं. इसके बाद सरकार ने सलमान को Y+ कैटेगरी की कड़ी सुरक्षा दी थी. उस पल को भी विशाल ने याद किया.
विशाल ने कहा, ‘बाहर जानलेवा स्थिति बनी हुई थी लेकिन वे फिर भी रोज सेट पर आ रहे थे. आपके आस-पास हर समय इतनी भारी संख्या में सुरक्षाकर्मी तैनात हों तो वह माहौल बेहद घुटन भरा हो जाता है. यह बहुत ही कठिन परिस्थिति थी. अक्सर सपोर्टिंग एक्टर्स और क्रू को वैनिटी वैन में घंटों इंतजार करना पड़ता था, लेकिन सलमान की स्थिति को देखते हुए हर कोई पूरी तरह से सहयोग कर रहा था.’
आपको बता दें कि अक्टूबर 2024 में सलमान खान के करीबी मित्र और वरिष्ठ नेता बाबा सिद्दीकी की मुंबई के बांद्रा ईस्ट इलाके में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. उन्हें गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया. जांच के दौरान गिरफ्तार आरोपियों के कथित तौर पर लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े होने की बात सामने आई थी.
बाबा सिद्दीकी सलमान के करीबी दोस्त थे और लॉरेंस बिश्नोई गैंग के निशाने पर वो लोग भी हैं, जो एक्टर के करीबी हैं. बाबा सिद्दीकी की हत्या के बाद सलमान को नई धमकियां मिलने की खबरें भी सामने आईं, जिसके बाद उनकी सुरक्षा और बढ़ा दी गई.
न्यूज़18 को गूगल पर अपने पसंदीदा समाचार स्रोत के रूप में जोड़ने के लिए यहां क्लिक करें।



