Entertainment

संजय दत्त ने 2 दिन की थी शूटिंग, फिर क्यों छोड़ी ‘वेलकम 3’? सामने आई फिल्म में सुनील शेट्टी की एंट्री की वजह

नई दिल्ली. सुपरस्टार अक्षय कुमार की कॉमेडी एक्शन फिल्म ‘वेलकम टू द जंगल’ सिनेमाघरों में धमाल मचा रही है. यह एक मल्टीस्टारर फिल्म है, जिसमें लगभग 35 सितारों ने काम किया है. शुरुआत में संजय दत्त भी फिल्म का हिस्सा थे, लेकिन वह रिलीज के बाद मूवी में नहीं दिखे. अब इस मामले पर डायरेक्टर अहमद खान ने बात की है और बताया कि संजय दत्त ने ‘वेलकम टू द जंगल’ के लिए शूटिंग भी की थी, लेकिन बाद में वह प्रोजेक्ट से बाहर हो गए और फिर संजय दत्त को सुनील शेट्टी ने रिप्लेस किया.

हिंदुस्तान टाइम्स के साथ बातचीत के दौरान अहमद खान ने साफ किया कि संजय दत्त का फिल्म छोड़ना कोई आपसी मनमुटाव या क्रिएटिव डिफरेंसेस की वजह से नहीं था, बल्कि इसके पीछे असली वजह डेट्स और शेड्यूलिंग की दिक्कतें थीं. अहमद खान ने इस बात का भी खुलासा किया कि सुनील शेट्टी का रोल पहले से ही इसी तरह लिखा गया था, यानी संजय दत्त के फिल्म में रहते हुए भी स्क्रिप्ट में कोई बदलाव नहीं किया गया था. डायरेक्टर के मुताबिक, संजय दत्त ने शुरुआती दो दिनों की शूटिंग भी कर ली थी, लेकिन बार-बार डेट्स क्लैश होने की वजह से आगे काम बढ़ाना मुश्किल होता जा रहा था.

संजय दत्त ने की थी दो दिन की शूटिंग

अहमद खान ने बताया, ‘यह रोल हमेशा से ऐसा ही लिखा गया था और हमारा प्लान भी यही था. शुरुआत में जब हमने फिल्म का ऐलान किया था, तब संजय दत्त ने दो दिन शूटिंग की थी. लेकिन उसके बाद डेट्स को लेकर इतनी दिक्कतें आईं कि संजय दत्त को पूरे एक महीने के लिए कहीं बाहर जाना पड़ा.’

‘वेलकम 3’ से क्यों बाहर हुए संजय दत्त?

अहमद खान ने आगे कहा कि संजय दत्त ने अपनी डेट्स को आगे-पीछे करने की काफी कोशिश की, लेकिन बात नहीं बन पाई. उन्होंने बताया, ‘जब दूसरी बार फिर कोई छोटी-मोटी दिक्कत आई, तो बाबा ने कहा कि मैं अपनी डेट्स एक बार फिर शिफ्ट कर लेता हूं. इस पर हमें खुद ही बुरा लगा और हमने उनसे कहा कि बाबा, हम आपका पूरा शेड्यूल बार-बार शिफ्ट नहीं करवा सकते. तब उन्होंने भी समझा और बोला कि तुम लोग आखिर मेरे लिए कितना एडजस्ट करोगे? बस, इसी वजह से हमें कुछ चीजों को छोड़ना पड़ा.’

सुनील शेट्टी ने संजय दत्त को किया रिप्लेस

डायरेक्टर ने बताया कि ऐन वक्त पर हुए इस बड़े बदलाव के बावजूद फिल्म की पूरी स्टारकास्ट ने उनका पूरा साथ दिया. उन्होंने कहा, ‘सेट पर सभी एक्टर्स काफी सपोर्टिव थे. संजय दत्त ने खुद सुनील शेट्टी से कहा कि तुम मेरा रोल कर लो और सुनील ने जैकी श्रॉफ से कहा कि आप मेरा रोल संभाल लीजिए. यह दिखाता है कि हर कोई दिल से चाहता था कि यह फिल्म किसी भी तरह पूरी हो.’

‘वेलकम टू द जंगल’ में सुनील शेट्टी का किरदार
जब सुनील शेट्टी की ‘वेलकम टू द जंगल’ फिल्म में एंट्री हुई, तो डायरेक्टर अहमद खान को लगा कि एक्टर की जो अपनी एक खास स्क्रीन इमेज है, उसी का फायदा उठाया जाए. अहमद ने बताया, ‘अन्ना (सुनील शेट्टी) के नाम में ही शेट्टी आता है, इसलिए यह नाम उनके किरदार पर बिल्कुल सटीक बैठ रहा था. इसके अलावा उन्होंने अपने इस रोल के लिए ‘आवारा पागल दीवाना’ वाले अपने पुराने अंदाज और खूबियों को अपनाया. इस फिल्म में सुनील शेट्टी ने उदय शेट्टी के भाई का रोल निभा निभाया है, जो ‘वेलकम’ फ्रेंचाइजी का एक बेहद पॉपुलर किरदार है और उसे नाना पाटेकर ने निभाया था.

‘वेलकम टू द जंगल’ की लंबी-चौड़ी स्टारकास्ट

बता दें कि ‘वेलकम टू द जंगल’ फिल्म की स्टारकास्ट बहुत बड़ी है, जिसमें दिशा पाटनी, जैकलीन फर्नांडिस, अरशद वारसी और जैकी श्रॉफ जैसे बड़े नाम शामिल हैं. इनके अलावा रवीना टंडन, लारा दत्ता, फरीदा जलाल, जॉनी लीवर, श्रेयस तलपड़े, तुषार कपूर और राजपाल यादव ने कॉमेडी का तड़का लगाया है. कृष्णा अभिषेक, कीकू शारदा, दलेर मेहंदी, आफताब शिवदासानी, मुकेश तिवारी, यशपाल शर्मा और किरण कुमार जैसे सितारों की लंबी फौज इसमें शामिल है.

Source link

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

Uh oh. Looks like you're using an ad blocker.

We charge advertisers instead of our audience. Please whitelist our site to show your support for Nirala Samaj