Sikar News I rajasthan news I शराब की अवैध फैक्ट्री पर पुलिस ने मारा छापा

Last Updated:July 06, 2026, 19:44 IST
सीकर के दांतारामगढ़ क्षेत्र के हीरवास गांव में आबकारी विभाग ने छापेमारी कर अवैध देशी शराब बनाने की दो फैक्ट्रियों का भंडाफोड़ किया. एक फैक्ट्री मुर्गी फार्म और दूसरी मकान में चल रही थी, जहां से भारी मात्रा में रसायन, पैकिंग सामग्री और शराब बनाने का सामान बरामद हुआ. कार्रवाई के दौरान आरोपियों ने सबूत मिटाने के लिए एक फैक्ट्री में आग लगाकर फरार हो गए.
सीकर. जिले के दांतारामगढ़ क्षेत्र के हीरवास गांव में आबकारी विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध देशी शराब बनाने की दो फैक्ट्रियों का खुलासा किया है. सीकर और नागौर आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर यह छापेमारी की. बताया गया कि लंबे समय से यहां बड़े पैमाने पर अवैध शराब का निर्माण किया जा रहा था.
जांच में सामने आया कि एक फैक्ट्री मुर्गी फार्म के अंदर और दूसरी एक मकान में चल रही थी. जब टीम ने मुर्गी फार्म पर छापा मारा तो वहां से शराब बनाने में इस्तेमाल होने वाले रसायनों से भरे ड्रम, खाली पव्वे, बोतलें, होलोग्राम और पैकिंग सामग्री बड़ी मात्रा में बरामद हुई. इससे साफ हुआ कि यहां पर पूरी तरह से संगठित तरीके से शराब तैयार की जा रही थी.
दूसरी फैक्ट्री में आग लगाकर भागे आरोपी
जब आबकारी विभाग की टीम दूसरी जगह यानी मकान में चल रही फैक्ट्री की ओर पहुंची, तो आरोपियों को पहले ही छापेमारी की जानकारी मिल गई. उन्होंने सबूत मिटाने के लिए फैक्ट्री में खुद ही आग लगा दी और मौके से फरार हो गए. जब टीम वहां पहुंची तो पूरी फैक्ट्री आग की लपटों में जल रही थी. अधिकारियों ने तुरंत आग पर काबू पाया और वहां से भी शराब बनाने का सामान जब्त किया. प्रारंभिक जांच में पता चला है कि यह अवैध शराब कई इलाकों में सप्लाई की जा रही थी, जिसमें दांतारामगढ़ थाना क्षेत्र और आसपास के गांव शामिल हैं. यह भी सामने आया है कि यह पूरा नेटवर्क काफी समय से सक्रिय था, लेकिन स्थानीय स्तर पर इसकी जानकारी किसी को नहीं लग पाई.
जांच जारी, आरोपी फरार
आबकारी विभाग ने इस कार्रवाई में स्थानीय पुलिस को शामिल नहीं किया. विभाग के अधिकारियों के अनुसार, पूरी कार्रवाई योजनाबद्ध तरीके से की गई थी. फिलहाल फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है और पूरे नेटवर्क की जांच जारी है. अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही इस अवैध कारोबार से जुड़े सभी लोगों को गिरफ्तार किया जाएगा.
About the AuthorMonali Paul
नमस्ते मेरा नाम मोनाली है, पेशे से पत्रकार हूं, ख़बरें लिखने का काम है. लेकिन कैमरे पर समाचार पढ़ना बेहद पसंद है. 2016 में पत्रकारिता में मास्टर्स करने के बाद पांच साल कैमरे पर न्यूज़ पढ़ने के साथ डेस्क पर खबरे…और पढ़ें
न्यूजलेटर
अब ईमेल पर इनसाइड स्टोरीज
खबरों के पीछे की खबर अब आपके इनबॉक्स में
सबमिट करें
Location :
Sikar,Rajasthan



