बेहद खास है 280 साल पुराना यह मार्केट! मिनटों में लाख का कंगन तैयार कर देते हैं कारीगर, विदेशों में भी है डिमांड

जयपुर. राजधानी जयपुर अपने चारदीवारी बाजार के लिए दुनियाभर में प्रसिद्ध है. यहां की छोटी-छोटी गलियों में अनोखा हुनर बसता है, जो वर्षों से चला आ रहा है. राजा-महाराजाओं ने बाजार को बसाने के साथ हजारों कारीगर रोजगार उपलब्ध कराया था, जो हैंडमेड आइटम बनाते थे. इन कारीगरों के हाथ से बनी हर वस्तु नायाब ही होती है. जयपुर के चारदीवारी बाजार के त्रिपोलिया स्थित मनिहारों का रास्ता, राजस्थान का सबसे बड़ा और सबसे पुराना लाख की चूड़ियां का मार्केट हैं. यहां एक ही गली में कई दुकानों पर हर समय लाख के कंगन तैयार होते रहते हैं.
मनिहारी मार्केट में वर्षों से यहां कंगज तैयार करते आ रहे मो. शाबीर ने लोकल 18 को बताया कि यह मार्केट लगभग 280 साल पुराना है. हमारे पूर्वज राज-महाराजाओं के समय में उनके रानियों के लाख का खास कंगन तैयार करते थे. पीढ़ी दर पीढ़ी कंगन बनाने की यह परंपरा चली आ रही है.
कंगन खरीदने बड़ी संख्या में पहुंचते हैं पर्यटक
मो. शाबीर ने बताया कि इस मार्केट में किसी जमाने में जयपुर की महारानी गायत्री देवी से लेकर बॉलीवुड की फेमस अभिनेत्री नरगिस दत्त के लिए भी कंगन तैयार हो चुके हैं. आज भी यहां जयपुर घूमने आने वाले पर्यटकों में महिलाएं यहां अपनी पंसद का कंगन लेने के लिएआती हैं. खास बत यह है आंख के समाने ही कुछ ही मिनटों में खूबसूरत कंगन तैयार कर ग्राहकों को उपलब्ध करा दिया जाता है. शादियों के सीजन में यहां सबसे ज्यादा महिलाएं कंगन खरीदने आती हैं.
मुस्लिम परिवार पीढ़ियों से तैयार कर रहे कंगन
आपको बता दें कि जयपुर का मनिहारी मार्केट ऐसा अनोखा मार्केट हैं, जहां वर्षों से मुस्लिम परिवार के हुनरमंद कारीगर अपने परिवार के साथ मिलकर कंगन तैयार करते हैं. मो. शाबीर बताते हैं कि उनका पूरा जीवन कंगन बनाते हुए ही बीता है और अब आगामी पीढ़ी इस काम को आगे बढ़ा रहा है. यहां ऑरिजनल लाख जो बंगाल और उड़ीसा जैसे राज्यों से आता है, उनसे कंगन तैयार किए जाते हैं. कंगन की डिमांड दुनियाभर में रहती है. आपको बता दें यह मार्केट पहले चारदीवारी बाजार के अलग इलाकों में था. बाद में राजा-महाराजाओं ने समय के हिसाब से उन्हें यहां बसाया और तब से यह मार्केट अपने लाख के कंगनों के लिए फेमस है.
ये भी पढ़ें: गर्मियों के लिए बेहतरीन है ये देसी ड्रिंक्स, लू से बचाने के साथ शरीर को भी रखेगा हाइड्रेट, आज से ही करें ट्राई
आंखों के सामने बना देते हैं खूबसूरत कंगन
इस मार्केट की सबसे खास बात यह है कि यहां इतने हुनरमंद कारीगर हैं कि मिनटों में महिलाओं की पंसद के हिसाब से कंगन तैयार कर देते हैं. अलग-अलग कंगन तैयार करने के लिए अलग-अलग औजार और कलर होते हैं, जिसे छोटी सिगड़ी पर लाख को पिघलाकर उसे गोल आकार में बदला जाता है. इसके बाद उसमें कलर की डिजाइन दी जाती है. लाख के कंगन के अलावा यहां अन्य लाख की सुंदर और सजावटी चीजें भी तैयार की जाती है. विदेशों से आने वाले स्टूडेंट्स भी इस मार्केट में लाख का कंगन बनाने का हुनर सीखते हैं. मो. शाबीर ने बताया कि लाख के कंगन 100 रूपए से शुरू होते हैं. महिलाएं जैसी डिजाइन से तैयार करवाती हैं, उस हिसाब से कीमत तय होती है.



