Dholpur News: रिश्तों के आगे फीकी पड़ीं जेल की दीवारें, भाइयों की कलाई पर राखी बांध छलके बहनों के आंसू

Last Updated:August 28, 2026, 17:52 IST
Dholpur News: जिला कारागार धौलपुर में रक्षाबंधन का पर्व भावुक माहौल में मनाया गया. बड़ी संख्या में बहनें जेल में बंद भाइयों को राखी बांधने पहुंचीं. सलाखों के बीच हुए इस मिलन में कई बहनों की आंखें नम हो गईं, वहीं लंबे समय बाद परिवार से मिलकर बंदियों के चेहरों पर खुशी झलक उठी. जेल प्रशासन ने पर्व को लेकर विशेष व्यवस्थाएं कीं.
धौलपुर. जिला कारागार धौलपुर में रक्षाबंधन का पर्व हर्षोल्लास, भाई-बहन के प्रेम और भावनात्मक माहौल के बीच मनाया गया. रक्षाबंधन के अवसर पर बड़ी संख्या में बंदियों की बहनें और परिजन अपने भाइयों से मिलने जिला कारागार पहुंचे. लंबे समय बाद अपनों से मुलाकात का अवसर मिलने पर जेल परिसर में खुशी के साथ भावुकता का माहौल भी नजर आया. सुबह से ही बंदियों के परिजनों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था. जेल प्रशासन की ओर से रक्षाबंधन को देखते हुए मुलाकात के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गई. निर्धारित प्रक्रिया के तहत बहनों को जेल परिसर में प्रवेश दिया गया, जिसके बाद उन्होंने अपने भाइयों की कलाई पर राखी बांधी. बहनों ने भाइयों की लंबी उम्र, अच्छे स्वास्थ्य और सुखद भविष्य की कामना की.
जेल की सलाखों के बीच जब भाई-बहन आमने-सामने हुए तो कई भावुक कर देने वाले दृश्य सामने आए. कुछ बहनें अपने भाइयों से मिलते ही भावुक हो गई और उनकी आंखों से आंसू छलक पड़े. वहीं लंबे समय बाद परिवार के सदस्यों को सामने देखकर बंदियों के चेहरों पर भी खुशी साफ दिखाई दी. मुलाकात के दौरान भाई-बहनों ने एक-दूसरे का हालचाल जाना और परिवार की परिस्थितियों के बारे में बातचीत की. रक्षाबंधन के अवसर पर भाइयों ने भी अपनी बहनों के प्रति प्रेम और जिम्मेदारी का भाव व्यक्त किया, उन्होंने बहनों की रक्षा करने तथा परिवार की जिम्मेदारियों को बेहतर तरीके से निभाने का संकल्प लिया. इस दौरान भाई-बहन के रिश्ते की भावनात्मक मजबूती देखने को मिली.
रक्षाबंधन पर्व को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए जेल प्रशासन की ओर से विशेष इंतजाम किए गए. बहनों और अन्य परिजनों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान दिया गया. जेल अधीक्षक सुमन मीणा ने स्वयं व्यवस्थाओं की कमान संभाली और पूरे कार्यक्रम के दौरान आवश्यक व्यवस्थाओं की निगरानी की. रक्षाबंधन का यह पर्व जिला कारागार में बंदियों के लिए परिवार के स्नेह और रिश्तों की अहमियत का एहसास कराने वाला रहा. कुछ समय के लिए जेल की कठोर दिनचर्या के बीच भाई-बहन के प्रेम और अपनत्व ने पूरे कारागार परिसर के माहौल को भावनाओं से भर दिया.
About the AuthorMonali Paul
नमस्ते मेरा नाम मोनाली है, पेशे से पत्रकार हूं, ख़बरें लिखने का काम है. लेकिन कैमरे पर समाचार पढ़ना बेहद पसंद है. 2016 में पत्रकारिता में मास्टर्स करने के बाद पांच साल कैमरे पर न्यूज़ पढ़ने के साथ डेस्क पर खबरे…
और पढ़ेंLocation :
Dhaulpur,Rajasthan
First Published :
August 28, 2026, 17:52 IST



