Alwar Biological Park with Lion Safari & Glass Enclosure.

Last Updated:October 25, 2025, 11:50 IST
Alwar biological Park: अलवर के कटी घाटी क्षेत्र में 100 हेक्टेयर भूमि पर नया बायोलॉजिकल पार्क विकसित किया जाएगा. इस आधुनिक चिड़ियाघर में शेर, पाइथन, चीतल सहित कई जानवर होंगे. पार्क में लायन सफारी और शीशे का कमरा पर्यटकों को शेर के नज़दीक से देखने का एक रोमांचक अवसर देगा. मास्टर प्लान को मंजूरी मिल चुकी है और अगले वर्ष तक कार्य पूरा होने का लक्ष्य है.
ख़बरें फटाफट
अलवर. अलवर जिले के सरिस्का टाइगर रिजर्व के बाद अब अलवर शहर के कटी घाटी क्षेत्र में पर्यटकों के लिए एक नया बायोलॉजिकल पार्क बनाने की योजना शुरू हो गई है. सरकार ने इस महत्वकांक्षी प्रोजेक्ट के मास्टर प्लान को मंजूरी दे दी है. यह पार्क आधुनिक चिड़ियाघर की तर्ज पर विकसित किया जाएगा, जिसमें विशेष रूप से लायन सफारी और अन्य आकर्षक सुविधाएँ शामिल होंगी. यह पहल अलवर को पर्यटन के नक्शे पर और मजबूती देगी.
यह बायोलॉजिकल पार्क पर्यटकों को वन्यजीवों की विविध प्रजातियों से रूबरू कराएगा. इस पार्क में शेर, पाइथन, चीतल, गिद्ध, कोबरा, काला हिरण, जंगली सूअर, मगरमच्छ, बंगाली लोमड़ी, बगुला और सारस जैसी विभिन्न प्रजातियाँ देखने को मिलेंगी. इस पार्क का एक मुख्य आकर्षण शीशे का विशेष कमरा होगा, जिसे शेरों के बाड़े के पास बनाया जाएगा. यह सुविधा पर्यटकों को शेरों को बिल्कुल पास से और सुरक्षित रूप से देखने का एक रोमांचक अवसर देगी.
भू-क्षेत्र और विकास की योजनायह बायोलॉजिकल पार्क कटी घाटी में कुल 100 हेक्टेयर भूमि पर विकसित किया जाएगा. इस भूमि में 72 हेक्टेयर वन भूमि और 28 हेक्टेयर गैर-वन भूमि शामिल है. पार्क के विकास के लिए भूमि का हस्तांतरण अलवर जिला कलेक्टर द्वारा वन विभाग को किया गया है. पार्क में ग्रीन बेल्ट क्षेत्र का विकास भी किया जाएगा, जिससे पर्यटक प्राकृतिक वातावरण का आनंद लेते हुए जंगली जानवरों का नज़दीक से दीदार कर सकेंगे.
स्वीकृति और लक्ष्यअलवर वन मंडल के डीएफओ राजेंद्र हुड्डा ने बताया कि पार्क के निर्माण का लक्ष्य अगले वर्ष तक कार्य पूरा करना है. पार्क के मास्टर प्लान को जयपुर में आयोजित बैठक में अनुमोदित किया गया है और अब इसे भारत सरकार की सेंट्रल जू अथॉरिटी ऑफ इंडिया को अंतिम स्वीकृति के लिए भेजा जाएगा. लायन सफारी और शीशे के कमरे की सुविधा इस पार्क को राजस्थान के प्रमुख पर्यटन स्थलों में शामिल करेगी, जिससे यह प्रकृति प्रेमियों और वन्यजीवों के शौकीनों के लिए एक आदर्श स्थल साबित होगा.
Location :
Alwar,Alwar,Rajasthan
First Published :
October 25, 2025, 11:50 IST
अलवर का नया बायोलॉजिकल पार्क, पर्यटक कर सकेंगे शेर का नज़दीक से दीदार



