अल्ट्रा और प्रो कैमरों का बाप है यह 1860 के समय का जर्मन कार्ल जींस मिंट कैमरा, 176 सालों से खींच रहा हैं फोटो!

जयपुर. शहर का हवामहल जैसी अपनी खूबसूरती और इतिहास के लिए प्रसिद्ध है, वैसे ही जयपुर के बाजारों में कई ऐसी ऐतिहासिक चीजें मिलती हैं जो वर्षों पुराने इतिहास और विरासत से जुड़ी हुई हैं. अगर बात करे फोटो और कैमरे के इतिहास की तो फोटो खिंचवाने का चलन आज के समय से नहीं है. दुनिया में पहली बार कैमरे से फोटो 1825 में खिंची गई थी, लेकिन आज हर व्यक्ति के हाथ में फोन ही कैमरा हैं. जयपुर में सबसे पुराने और विंटेज कैमरे की बात करें तो जर्मन “कार्ल जींस मिंट कैमरा” खास पहचान रखता है. हवामहल बाजार में स्थित यह ब्लैक-एंड-व्हाइट कैमरा 176 साल पुराना है. इससे फोटो खिंचवाना, सीधे कैमरों के इतिहास से रूबरू होने जैसा अनुभव देता है.
लोकल-18 ने जयपुर के हवामहल बाजार में जाकर इस 176 वर्ष पुराने कैमरे के बारे में जानकारी ली. टिकम चंद पहाड़ी बताते हैं कि उनके पास 1860 के दशक का जर्मन कार्ल जींस का मिंट कैमरा या बॉक्स कैमरा मौजूद है. इसे देखकर लोग हैरान रह जाते हैं कि 176 वर्षों बाद भी यह कैमरा फोटो खींचकर देता है. टिकम चंद बताते हैं कि यह कैमरा सबसे पहले उनके दादाजी, पहाड़ी मास्टर, के पास था. उसके बाद यह उनके पिता मोहन लाल मास्टर के पास आया और आज यह कैमरा तीसरी पीढ़ी चला रही है. हालांकि, यह स्पष्ट नहीं है कि यह कैमरा पहाड़ी मास्टर तक कैसे पहुंचा.
कैसे चलता है 176 साल पुराना यह कैमरा
टिकम चंद बताते हैं कि यह कैमरा सामान्य कैमरों से काफी बड़ा है, इसलिए इसे संभालकर चलाना पड़ता है. अक्सर बाजार में घूमने वाले पर्यटक और लोग इस कैमरे पर नज़र डालते ही रह जाते हैं. लोग सोचते हैं कि यह शायद कोई मशीन है, लेकिन जब पता चलता है कि यह 176 वर्ष पुराना कैमरा है, तो वे आश्चर्यचकित हो जाते हैं.
इस जर्मन कार्ल जींस मिंट कैमरे की सबसे खास बात यह है कि फोटो क्लिक होते ही तुरंत उसका नेगेटिव तैयार हो जाता है और एक मिनट बाद ब्लैक-एंड-व्हाइट ऑरिजिनल फोटो भी तैयार हो जाती है. यह कैमरा किसी बैटरी या बिजली से नहीं चलता; इसकी बनावट ऐसी है कि यह ऑटोमैटिक रूप से फोटो खींचता है और तैयार कर देता है, इसलिए यह कैमरा जयपुर के पर्यटकों के लिए किसी विरासत से कम नहीं है.
बॉलीवुड और फिल्मों में भी इसकी पहचान
लोकल-18 से बात करते हुए टिकम चंद बताते हैं कि इस कैमरे से बॉलीवुड के कई सेलिब्रिटी अब तक सैकड़ों फोटो खिंचवा चुके हैं. 1990 के दशक से 2025 तक के कई अभिनेता और अभिनेत्री जैसे अमिताभ बच्चन, अक्षय कुमार, जूही चावला, अमीषा पटेल, सुशांत सिंह राजपूत, आयुष्मान खुराना, राजकुमार राव, विजय राज, सुभाष घई, कुणाल रॉय कपूर सहित कई नामचीन हस्तियों की फोटो इस कैमरे से खिंची है.
नई पीढ़ी के सेलिब्रिटी भी अगर जयपुर अपनी फिल्मों के प्रमोशन के लिए आते हैं, तो यह कैमरा उनके लिए जरूरी फोटो क्लिक का माध्यम बन जाता है. इसके अलावा, बॉलीवुड फिल्मों जैसे “भूल-भुलैया” और “शुद्ध देसी रोमांस” में भी इस कैमरे को दिखाया गया है. विदेशी पर्यटक भी जयपुर घूमते समय इस एंटीक कैमरे से फोटो खिंचवाते हैं. इस कैमरे से फोटो खिंचवाने का चार्ज प्रति फोटो 500 रुपये है. यह कैमरा हवामहल बाजार की सड़क के किनारे ही उपलब्ध रहता है और आसानी से देखा जा सकता है.



