बेटियों का वॉलेट: 7 धांसू बिजनेस आइडिया, कम पैसे में शुरू करें अपना काम, 1 लाख रुपये तक कमाई पक्की

Last Updated:August 24, 2026, 15:52 IST
कम निवेश में अपना काम शुरू करने की चाह रखने वाली महिलाओं के लिए कई ऐसे बिजनेस हैं, जिन्हें घर से भी शुरू किया जा सकता है. टिफिन सर्विस, ऑनलाइन कपड़ों का स्टोर, होम बेकिंग, ऑनलाइन ट्यूशन, हैंडमेड ज्वेलरी और डे-केयर जैसे काम अपनी स्किल और बजट के हिसाब से शुरू किए जा सकते हैं. हालांकि, कमाई कितनी होगी, बिजनेस शुरू करने से पहले मांग, लागत और जरूरी नियमों क्या, ये आपको बताते हैं.
हमारे देश में बेटियां घर से लेकर ऑफिस तक संभाल रही हैं, लेकिन जब बात बिजनेस शुरू करने की आती है तो ज्यादातर महिलाओं को ये समझ ही नहीं आता है कि कौन से बिजनेस मोटा मुनाफा दे सकते हैं. अच्छी बात यह है कि बिजनेस शुरू करने के लिए हमेशा बड़ी रकम की जरूरत नहीं होती. अगर आपके पास कोई हुनर, थोड़ा पैसा और काम को आगे बढ़ाने का जज्बा है, तो घर से भी शुरुआत की जा सकती है. कई ऐसे काम हैं जिन्हें धीरे-धीरे बड़ा बिजनेस बनाया जा सकता है.
अगर आपको खाना बनाना पसंद है, तो घर से टिफिन सर्विस शुरू करना अच्छा विकल्प हो सकता है. ऑफिस जाने वाले लोग, छात्र और दूसरे शहरों से आए लोग अक्सर घर जैसा खाना पसंद करते हैं. शुरुआत में अपने आसपास के इलाके में 10-20 ग्राहकों से काम शुरू किया जा सकता है. खाने की क्वालिटी और साफ-सफाई पर खास ध्यान देना जरूरी है. शुरुआत में करीब ₹5,000 से ₹20,000 तक खर्च आ सकता है. WhatsApp ग्रुप और सोशल मीडिया के जरिए ग्राहकों तक आसानी से पहुंच बनाई जा सकती है.
फैशन और कपड़ों का बाजार काफी बड़ा है. महिलाएं घर से ही छोटा कपड़ों का बिजनेस शुरू कर सकती हैं. इसके लिए शुरुआत में बहुत ज्यादा स्टॉक रखने की जरूरत नहीं है. आप कुर्ती, साड़ी, ड्रेस या वेस्टर्न कपड़ों में से किसी एक कैटेगरी से शुरुआत कर सकती हैं. करीब ₹10,000 से ₹50,000 में शुरुआती स्टॉक और पैकिंग का इंतजाम किया जा सकता है. Instagram, WhatsApp और दूसरे ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर फोटो और वीडियो डालकर कस्टमर्स तक पहुंच बनाई जा सकती है.
Add as Preferred Source on Google
अगर आपको मेकअप के बारे में सही से जानकारी है, तो इसे कमाई के काम में बदला जा सकता है. शादी, पार्टी और दूसरे कार्यक्रमों के दौरान मेकअप आर्टिस्ट की जरूरत रहती है. शुरुआत में मेकअप किट और ट्रेनिंग पर करीब ₹20,000 से ₹1 लाख तक खर्च हो सकता है. अपने काम की तस्वीरें और वीडियो Instagram पर शेयर करना नए ग्राहक पाने का अच्छा तरीका है. आसपास के ब्यूटी पार्लर, हेयर स्टाइलिस्ट और वेडिंग प्लानर के साथ बात करके काम मिल सकता है.
अगर आपको केक, कुकीज और दूसरी बेकरी चीजें बनाना पसंद है, तो घर से बेकिंग बिजनेस शुरू किया जा सकता है. जन्मदिन, शादी, सालगिरह और दूसरे मौकों पर कस्टम केक की मांग रहती है. शुरुआत में करीब ₹10,000 से ₹30,000 में जरूरी सामान, कच्चा माल और पैकिंग खरीदी जा सकती है. ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए Instagram पर अपने बनाए केक की तस्वीरें डालें. WhatsApp के जरिए ऑर्डर लेकर धीरे-धीरे कारोबार बढ़ाया जा सकता है.
कामकाजी माता-पिता के लिए बच्चों की देखभाल एक बड़ी जरूरत है. अगर आपके पास बच्चों के साथ काम करने का अनुभव और पर्याप्त जगह है, तो डे-केयर शुरू किया जा सकता है. इसमें बच्चों की सुरक्षा सबसे जरूरी है. खिलौने, सुरक्षा व्यवस्था और जरूरी सामान पर शुरुआत में करीब ₹30,000 से ₹1 लाख तक खर्च हो सकता है. कारोबार शुरू करने से पहले स्थानीय नियमों और जरूरी रजिस्ट्रेशन की जानकारी जरूर लें. आसपास के लोगों और सोशल मीडिया के जरिए अपने सेंटर की जानकारी दी जा सकती है.
पढ़ाने का हुनर है तो ऑनलाइन ट्यूशन कम निवेश में शुरू किया जा सकता है. स्कूल के विषयों के अलावा भाषा, प्रतियोगी परीक्षा या किसी खास स्किल की कोचिंग भी दी जा सकती है. इसके लिए लैपटॉप या मोबाइल, इंटरनेट और वीडियो कॉलिंग ऐप जैसी बुनियादी चीजें काफी हो सकती हैं. शुरुआत में करीब ₹5,000 से ₹10,000 तक खर्च आ सकता है. फ्री डेमो क्लास देकर छात्रों को जोड़ा जा सकता है. बाद में लाइव बैच, पर्सनल क्लास और रिकॉर्डेड कोर्स से कमाई बढ़ाई जा सकती है.
अगर आपको डिजाइन और क्रिएटिव काम पसंद है, तो हैंडमेड ज्वेलरी का बिजनेस शुरू किया जा सकता है. आज कई ग्राहक ऐसी ज्वेलरी पसंद करते हैं जो देखने में अलग हो और बहुत महंगी भी न हो. आप घर पर डिजाइन तैयार करके उन्हें Instagram, WhatsApp या दूसरे ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के जरिए बेच सकती हैं. शुरुआत में थोड़े अमाउंट में सामान बनाकर ग्राहकों की पसंद समझना बेहतर रहेगा. अच्छी पैकिंग, नए डिजाइन और सोशल मीडिया पर लगातार प्रचार से छोटे स्तर का यह काम धीरे-धीरे ब्रांड में बदला जा सकता है.
न्यूज़18 को गूगल पर अपने पसंदीदा समाचार स्रोत के रूप में जोड़ने के लिए यहां क्लिक करें।First Published :
August 24, 2026, 15:52 IST



