हनुमानगढ़ में आतंकी साजिश का खुलासा, पाक आतंकी शहजाद भट्टी का स्लीपर सेल सक्रिय, थानों पर ग्रेनेड हमले की थी तैयारी

Last Updated:June 27, 2026, 17:35 IST
Hanumangarh Terror Conspiracy: हनुमानगढ़ में एक बड़े आतंकी स्लीपर सेल नेटवर्क का खुलासा हुआ है, जिसमें पाकिस्तानी आतंकी शहजाद भट्टी से जुड़े संपर्क सामने आए हैं. पुलिस ने क्रिश राय मंडल को गिरफ्तार किया है, जिस पर थानों की रेकी कर ग्रेनेड हमले की साजिश में शामिल होने और संवेदनशील जानकारी भेजने के गंभीर आरोप हैं. आरोप है कि वह लंबे समय से आतंकी भट्टी के संपर्क में था और उसे हनुमानगढ़ टाउन और रायसिंहनगर थानों की लोकेशन और वीडियो भेज रहा था.
आरोपी क्रिश राय मंडल
हनुमानगढ़. जिले में एक बड़े आतंकी नेटवर्क से जुड़ी साजिश का खुलासा हुआ है. पुलिस जांच में सामने आया है कि पाकिस्तानी आतंकी शहजाद भट्टी का एक स्लीपर सेल इलाके में सक्रिय था, जो हनुमानगढ़ टाउन और रायसिंहनगर थाना क्षेत्रों को निशाना बनाने की योजना बना रहा था. प्रारंभिक जांच के अनुसार, इन थानों पर ग्रेनेड हमले की साजिश रची जा रही थी.
इस मामले में हनुमानगढ़ टाउन पुलिस ने टाउन निवासी क्रिश राय मंडल को गिरफ्तार किया है. आरोपी पर आरोप है कि वह लंबे समय से आतंकी शहजाद भट्टी के संपर्क में था. जांच एजेंसियों का कहना है कि क्रिश मंडल ने भट्टी को संवेदनशील स्थानों की लोकेशन और वीडियो भेजे थे, जिनमें हनुमानगढ़ टाउन और रायसिंहनगर थाने शामिल हैं.
एजेंसियों की संयुक्त कार्रवाई
इस गिरफ्तारी में एंटी-गैंगस्टर टास्क फोर्स (AGTF), डिस्ट्रिक्ट स्पेशल टीम (DST) और साइबर पुलिस की संयुक्त भूमिका रही. डिजिटल ट्रैकिंग और सोशल मीडिया निगरानी के जरिए इस नेटवर्क का खुलासा हुआ. पुलिस ने बताया कि आरोपी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स जैसे व्हाट्सएप और इंस्टाग्राम के माध्यम से आतंकी से संपर्क में था.
स्लीपर सेल नेटवर्क का विस्तार
जांच में यह भी सामने आया है कि आतंकी शहजाद भट्टी जिले में अपना स्लीपर सेल नेटवर्क लगातार बढ़ाने की कोशिश कर रहा था. इससे पहले भी पुलिस इस नेटवर्क से जुड़े दो अन्य लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है. अधिकारियों के अनुसार, हालिया गिरफ्तारी के बाद यह स्पष्ट हुआ है कि नेटवर्क सक्रिय रूप से स्थानीय युवाओं को प्रभावित करने की कोशिश कर रहा था.
आतंकी की नाराजगी और आगे की साजिश
पुलिस सूत्रों के अनुसार, अपने कुछ सहयोगियों की गिरफ्तारी से आतंकी शहजाद भट्टी नाराज था और इसी वजह से उसने हनुमानगढ़ टाउन और रायसिंहनगर थानों को ग्रेनेड से निशाना बनाने की योजना बनाई थी. हालांकि, समय रहते सुरक्षा एजेंसियों ने साजिश का पर्दाफाश कर एक बड़े हमले को टाल दिया. पुलिस अधीक्षक नरेंद्र मीणा ने प्रेस वार्ता में जानकारी देते हुए बताया कि मामले की गहन जांच जारी है और पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ी जा रही हैं. उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की आतंकी गतिविधि को सफल नहीं होने दिया जाएगा और जिले में सुरक्षा व्यवस्था और सख्त की जा रही है.
About the AuthorMonali Paul
नमस्ते मेरा नाम मोनाली है, पेशे से पत्रकार हूं, ख़बरें लिखने का काम है. लेकिन कैमरे पर समाचार पढ़ना बेहद पसंद है. 2016 में पत्रकारिता में मास्टर्स करने के बाद पांच साल कैमरे पर न्यूज़ पढ़ने के साथ डेस्क पर खबरे…और पढ़ें
न्यूजलेटर
अब ईमेल पर इनसाइड स्टोरीज
खबरों के पीछे की खबर अब आपके इनबॉक्स में
सबमिट करें
Location :
Hanumangarh,Rajasthan



