Tips And Tricks | Shoe Dry In Rain | बारिश में भीग गए जूते? जानें मिनटों में सुखाने और बदबू दूर करने के आसान घरेलू उपाय

Last Updated:July 10, 2026, 19:28 IST
Wet Shoe Drying Tips : बरसात के मौसम में जूतों का भीग जाना लगभग हर किसी के साथ होता है, लेकिन सही देखभाल न करने पर यही नमी बदबू, फंगस और जूतों के जल्दी खराब होने की वजह बन सकती है. ऐसे में कुछ आसान घरेलू उपाय अपनाकर आप अपने जूतों को बिना नुकसान पहुंचाए जल्दी सुखा सकते हैं. सबसे पहले जूतों में जमा अतिरिक्त पानी निकालें और यदि संभव हो तो फीते व इनसोल अलग कर दें, ताकि हवा हर हिस्से तक पहुंच सके. जूतों के अंदर अखबार भरना नमी सोखने का सबसे आसान और प्रभावी तरीका माना जाता है. साथ ही जूतों को तेज धूप में रखने के बजाय हवादार जगह या पंखे के सामने सुखाना बेहतर रहता है, क्योंकि ज्यादा गर्मी से उनका रंग और गोंद प्रभावित हो सकता है.
बरसात के मौसम में बाहर निकलते समय जूतों का भीग जाना आम बात है. कई बार जूते पूरी तरह भीग जाते हैं और अगर उन्हें सही तरीके से नहीं सुखाया जाए तो उनमें लंबे समय तक नमी बनी रहती है. इससे बदबू आने लगती है और जूते जल्दी खराब भी हो सकते हैं. ऐसे में कुछ आसान घरेलू उपाय अपनाकर अपने जूतों को जल्दी सुखा सकते हैं और उन्हें लंबे समय तक अच्छी स्थिति में रख सकते हैं.
अगर जूते बारिश में ज्यादा भीग गए हैं तो सबसे पहले उनमें जमा अतिरिक्त पानी निकालें. इसके लिए जूतों को हल्के हाथों से दबाएं, लेकिन उन्हें मरोड़ें नहीं. ऐसा करने से उनकी सिलाई और आकार खराब हो सकता है. यदि संभव हो तो जूतों के फीते और इनसोल निकाल दें, ताकि हर हिस्से तक हवा आसानी से पहुंच सके और जूते जल्दी सूखें.
गीले जूतों को सुखाने का सबसे आसान और कारगर तरीका अखबार का इस्तेमाल है. जूतों के अंदर अखबार भर दें. अखबार नमी को तेजी से सोख लेता है और जूतों की शेप भी बनी रहती है. अगर जूते बहुत ज्यादा भीगे हैं तो कुछ घंटों बाद पुराना अखबार निकालकर नया अखबार भर दें. इससे अंदर की नमी जल्दी खत्म हो जाएगी.
Add as Preferred Source on Google
जूते सुखाने के लिए उन्हें तेज धूप में रखने के बजाय किसी हवादार जगह या पंखे के सामने रखें. लगातार हवा मिलने से जूते धीरे-धीरे और सुरक्षित तरीके से सूख जाते हैं. तेज धूप या ज्यादा गर्मी से जूतों का रंग फीका पड़ सकता है और उनकी गोंद भी कमजोर हो सकती है.
अगर आपको जल्दी बाहर जाना है और जूते तुरंत पहनने हैं, तो हेयर ड्रायर का इस्तेमाल किया जा सकता है. हालांकि ड्रायर को बहुत गर्म तापमान पर न चलाएं. इसे थोड़ी दूरी से रखते हुए लगातार इधर-उधर घुमाकर हवा दें. एक ही जगह पर ज्यादा देर तक गर्म हवा देने से जूते का कपड़ा या गोंद खराब हो सकता है.
घर में सिलिका जेल का पैकेट हो तो उसे भी जूतों के अंदर कुछ घंटों के लिए रख सकते हैं. इसके अलावा साफ कपड़े में थोड़ा-सा नमक बांधकर जूते के अंदर रखने से भी नमी तेजी से कम होती है. ये दोनों तरीके जूतों की बदबू कम करने में भी मदद करते हैं.
न्यूज़18 को गूगल पर अपने पसंदीदा समाचार स्रोत के रूप में जोड़ने के लिए यहां क्लिक करें।



