अंग्रेजों के जमाने का कछुआ, इसने स्टीम इंजन से AI तक सब देखा, पीएम मोदी से मिलेगा ‘जोनाथन’ को जानिए

Last Updated:June 27, 2026, 17:18 IST
पीएम मोदी और जोनाथन की यह मुलाकात खास है. इसके जरिये पीएम पर्यावरण संरक्षण, जैव विविधता और प्राकृतिक विरासत को बचाने के प्रति भारत और सेशेल्स की साझा कोशिशों का प्रतीक मानी जा रही है. प्रधानमंत्री सेशेल्स के राष्ट्रीय दिवस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे. इस साल भारत और सेशेल्स के बीच राजनयिक संबंधों के 50 साल पूरे हो रहे हैं.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार से सेशेल्स की तीन दिवसीय यात्रा पर हैं. इस दौरान वह दुनिया के सबसे उम्रदराज़ जीवित स्थलीय जीव माने जाने वाले जोनाथन नाम के विशाल कछुए से भी मिलेंगे. जोनाथन एक एल्डाब्रा जायंट टॉर्टॉइज़ है, जिसकी अनुमानित उम्र करीब 194 साल मानी जाती है.जोनाथन सेशेल्स के नेशनल बोटेनिकल पार्क में रहता है. उसके नाम दुनिया के सबसे उम्रदराज़ जीवित जीव होने का गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड दर्ज है.
माना जाता है कि उसका जन्म 1832 के आसपास हुआ था, हालांकि की इसके बारे में कोई स्टीक जानकारी नहीं है. 1882 में जब उसे सेंट हेलेना द्वीप लाया गया, तब वह वयस्क कछुआ था और उसकी उम्र कम से कम 50 साल मानी गई. इसी आधार पर आज उसकी उम्र का अनुमान लगाया जाता है. गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स ने भी उसे दुनिया का सबसे पुराना जीवित स्थलीय जीव और सबसे उम्रदराज़ कछुआ माना है. (Photo GWR)
जोनाथन को 1882 में सेशेल्स से ब्रिटिश ओवरसीज टेरिटरी सेंट हेलेना लाया गया था. यह उस समय के गवर्नर सर विलियम ग्रे-विल्सन को गिफ्ट के रूप में दिया गया था. तब से वह प्लांटेशन हाउस में रह रहा है, जो गवर्नर का आधिकारिक निवास है. यहां वह अपने साथी कछुओं फ्रेडरिक, डेविड और एम्मा के साथ रहता है. (GWR)
Add as Preferred Source on Google
बढ़ती उम्र का असर जोनाथन पर भी पड़ा है. उसकी आंखों में मोतियाबिंद है, इसलिए वह लगभग देख नहीं पाता और उसकी सूंघने की क्षमता भी कमजोर हो गई है. कुछ साल पहले उसकी तबीयत बिगड़ने लगी थी, लेकिन पशु चिकित्सक डॉ. जो हॉलिंस ने उसकी खास देखभाल की. अब उसे घास, सेब, नाशपाती, केला, लेट्यूस, गोभी, गाजर और खीरा जैसी चीजें खिलाई जाती हैं. इससे उसकी सेहत में काफी सुधार आया. (GWR)
जोनाथन सेशेल्स जायंट टॉर्टॉइज़ प्रजाति का कछुआ है. इस प्रजाति की औसत उम्र करीब 150 साल होती है, लेकिन जोनाथन ने यह रिकॉर्ड भी काफी पीछे छोड़ दिया है. उसका वजन लगभग 150 से 200 किलोग्राम है. वह सुन सकता है और सैलानियों की आवाज सुनकर उनकी ओर आने की कोशिश भी करता है.
करीब दो सदियों के जीवन में जोनाथन ने इतिहास को बदलते देखा है. वह 31 गवर्नरों के कार्यकाल का गवाह रहा है. उसकी तस्वीर भविष्य के किंग एडवर्ड 8वां और युवा रानी एलिजाबेथ द्वितीय के साथ भी खींची जा चुकी है. मजेदार बात यह है कि वह कभी-कभी क्रिकेट और टेनिस के मैदान में जाकर गेंद पर बैठ जाता था, जिससे खेल रुक जाता था. (GWR)
साल 2019 में जोनाथन की तस्वीर सेंट हेलेना के डाक टिकटों और 5 पेंस के सिक्के पर भी छापी गई. 2026 में सोशल मीडिया पर उसकी मौत की अफवाह फैली थी, लेकिन सेंट हेलेना सरकार ने इसे पूरी तरह फर्जी बताया. उसकी नई तस्वीर जारी कर पुष्टि की कि वह स्वस्थ और सक्रिय है. हाल ही में गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स ने उसे आइकोन अवार्ड से भी सम्मानित किया है. (GWR)
आज भी जोनाथन धूप सेंकता है, आराम से घास चरता है और दुनिया भर से आने वाले पर्यटकों के लिए सबसे बड़ा आकर्षण बना हुआ है. उसकी लंबी उम्र इस बात का उदाहरण है कि अच्छी देखभाल, अनुकूल वातावरण और मजबूत शारीरिक बनावट किसी जीव को असाधारण रूप से लंबा जीवन दे सकती है.
न्यूज़18 को गूगल पर अपने पसंदीदा समाचार स्रोत के रूप में जोड़ने के लिए यहां क्लिक करें।



