‘उर्वशी ढोलकिया’ के बेटे की कार पर गिरा पेड़, बाल-बाल बचे क्षितिज! वीडियो शेयर कर बोले- ‘जिंदगी का भरोसा नहीं’

Last Updated:July 04, 2026, 22:47 IST
टीवी एक्ट्रेस उर्वशी ढोलकिया के बेटे और एक्टर क्षितिज ढोलकिया की पार्किंग में खड़ी कार पर अचानक एक बड़ा पेड़ गिर गया, जिससे गाड़ी को काफी नुकसान हुआ. गनीमत रही कि क्षितिज ढोलकिया उस वक्त कार में नहीं थे. ‘नागिन 7’ फेम एक्टर क्षितिज ढोलकिया ने मदद के लिए पुलिस और फायर ब्रिगेड का शुक्रिया अदा किया. बारिश से अन्य सितारे भी परेशान हैं. अश्नूर कौर के घर में पानी घुस गया, वहीं रणदीप हुड्डा को ट्रैफिक से बचने के लिए मेट्रो का सहारा लेना पड़ा.
ख़बरें फटाफट
क्षितिज ढोलकिया ने मां उर्वशी की तरह एक्टिंग को करियर बनाया. (फोटो साभार: Instagram@kshitijdholakia)
नई दिल्ली: मुंबई की भारी बारिश आम लोगों के साथ-साथ अब टीवी और बॉलीवुड सितारों के लिए भी आफत बनती जा रही है. ‘कसौटी जिंदगी की’ फेम उर्वशी ढोलकिया के बेटे क्षितिज ढोलकिया एक बड़े हादसे का शिकार होने से बाल-बाल बच गए. तेज बारिश के दौरान उनकी सोसाइटी की पार्किंग में खड़ी कार पर अचानक पेड़ गिर पड़ा, जिससे गाड़ी बुरी तरह पिचक गई और उसे काफी नुकसान पहुंचा. गनीमत रही कि उस वक्त क्षितिज या कोई और शख्स कार के अंदर मौजूद नहीं था, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया. किसी की जान को कोई नुकसान नहीं पहुंचा. घटना के बाद क्षितिज ने वीडियो शेयर करके टूटी कार और पेड़ हटाती फायर ब्रिगेड की टीम दिखाई. उन्होंने मुंबई पुलिस का शुक्रिया अदा करते हुए लिखा कि वे खुद को बेहद खुशकिस्मत मानते हैं कि वे सही सलामत हैं.
क्षितिज ढोलकिया ने एकता कपूर के सुपरहिट शो ‘नागिन 7’ से एक्टिंग की दुनिया में अपना डेब्यू किया है. एक्टिंग में हाथ आजमाने से पहले क्षितिज ने फिल्म इंडस्ट्री में बतौर असिस्टेंट डायरेक्टर भी काम किया है. वे ‘हमशकल्स’ और ‘ड्रीम गर्ल’ जैसी पॉपुलर फिल्मों की मेकिंग टीम का हिस्सा रहे. वहीं उनकी मां उर्वशी ढोलकिया को टीवी इंडस्ट्री में ‘कोमोलिका’ के आइकॉनिक किरदार के लिए जाना जाता है. वे साल 2012 में आए रियलिटी शो ‘बिग बॉस 6’ की विनर भी रह चुकी हैं. मां-बेटे की जोड़ी टीवी जगत में काफी पॉपुलर है. हादसे की खबर सुनकर उनके फैंस ने भी राहत की सांस ली.
(फोटो साभार: Instagram@kshitijdholakia)
मुंबई की बारिश से परेशान फिल्मी सितारेमुंबई की इस आफत वाली बारिश का शिकार होने वाले क्षितिज अकेले सेलिब्रिटी नहीं हैं. लगातार हो रही तेज बरसात की वजह से पूरी मायानगरी में जलभराव की स्थिति बनी हुई है. इससे सड़क से लेकर रेल यातायात तक सब कुछ थमा हुआ है. ‘बिग बॉस 19’ फेम अश्नूर कौर के आलीशान घर में भी बारिश का पानी घुस गया था, जिसकी वजह से उनके घर के कीमती सामान को काफी नुकसान पहुंचा. उन्होंने वीडियो शेयर करके अपना दर्द बयां किया था. मुंबई के भारी ट्रैफिक से बचने के लिए रणदीप हुड्डा को भी आम जनता की तरह मेट्रो से सफर करना पड़ा था. उनकी तस्वीरें सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुईं, जिनमें वह मास्क लगाए दिख रहे हैं.
About the AuthorAbhishek NagarSenior Sub Editor
अभिषेक नागर ‘न्यूज18 डिजिटल’ में सीनियर सब एडिटर के पद पर काम कर रहे हैं. दिल्ली के रहने वाले अभिषेक नागर ‘न्यूज18 डिजिटल’ की एंटरटेनमेंट टीम का हिस्सा हैं. उन्होंने एंटरटेनमेंट बीट के अलावा करियर, हेल्थ और पॉल…और पढ़ें
अब ईमेल पर इनसाइड स्टोरीज
खबरों के पीछे की खबर अब आपके इनबॉक्स में
सबमिट करें
Location :
Delhi,Delhi,Delhi



