कोटा के दो CA दोस्तों का कमाल, नौकरी छोड़ कचौड़ी से बनाया हेल्दी ब्रांड, अब दुबई-लंदन तक पहुंचा कारोबार

कोटा. राजस्थान का कोटा कोचिंग के साथ अब स्टार्टअप और इनोवेशन के क्षेत्र में भी अपनी पहचान बना रहा है. कोटा के दो दोस्त अगम अग्रवाल और शुभम मित्तल ने मुंबई की नौकरी छोड़कर हेल्दी स्नैक्स का बिजनेस शुरू किया. दोनों पेशे से चार्टर्ड अकाउंटेंट हैं. नौकरी के दौरान उन्हें शाम के समय स्वादिष्ट और हेल्दी स्नैक्स की कमी महसूस हुई. इसी को देखते हुए उन्होंने बिजनेस आइडिया बदला और AnyWay नाम से अपना स्टार्टअप शुरू किया.
अगम अग्रवाल ने बताया कि अप्रैल 2024 में फैक्ट्री शुरू कर प्रोडक्ट की टेस्टिंग और ट्रायल शुरू किए गए. इसके बाद अक्टूबर 2024 में कोटा से AnyWay की कमर्शियल लॉन्चिंग की गई. शुरुआत में करीब 50 लाख रुपये का निवेश किया. पहले वर्ष में कंपनी का टर्नओवर करीब 12 लाख रुपये रहा, जो अगले साल बढ़कर 40 लाख रुपये तक पहुंच गया. अब कंपनी ने 7.5 करोड़ रुपये के टर्नओवर का लक्ष्य रखा है. स्टार्टअप के जरिए करीब 25 से 30 लोगों को रोजगार भी मिल रहा है.
कोटा की कचौड़ी को बनाया हेल्दी स्नैक
AnyWay की खासियत यह है कि जंक फूड को हेल्दी अंदाज में पेश करना है. कंपनी ने कोटा की लोकप्रिय कचौड़ी से प्रेरणा लेकर Kachori Bites तैयार किए हैं. मल्टीग्रेन बेस से बने इन बाइट्स में हरी और लाल चटनी की सीजनिंग दी जाती है. छोटे शेप और अलग ही टेस्ट के कारण यह प्रोडक्ट खासा पसंद किया जा रहा है और इसकी मांग दुबई तक पहुंच चुकी है. इसके अलावा कंपनी Miracle Pops भी तैयार करती है. डिफैटेड सोया फ्लोर से बने इन रोस्टेड पॉप्स में 100 ग्राम में करीब 42 ग्राम प्रोटीन होने का दावा किया गया है. वहीं मल्टीग्रेन चिप्स को मैदा और पाम ऑयल के बिना तैयार किया जाता है. इनमें जैलेपीनो, अचारी और पेरी-पेरी जैसे फ्लेवर शामिल हैं. इसके साथ अलग-अलग फ्लेवर के मखाने भी बाजार में उपलब्ध है.
कोटा के छात्रों को बनाया पहला टेस्ट मार्केट
अगम बताते हैं कि कोटा से शुरुआत करने के पीछे का मकसद यह है कि देश के लगभग हर हिस्से से छात्र पढ़ाई के लिए कोटा आते हैं. यदि कोई प्रोडक्ट यहां के युवाओं और छात्रों को पसंद आता है तो उस प्रोडक्ट की देश के दूसरे हिस्सों में फेमस होने की संभावना बढ़ जाती है. छात्र जब अपने शहर और गांव लौटते हैं तो वहां भी प्रोडक्ट की पहचान बनती है. स्टार्टअप की शुरुआत में राजस्थान सरकार के iStart प्लेटफॉर्म से भी मदद ली. अगम के बताया कि मेंटॉरशिप, इंडस्ट्री एक्सपर्ट्स के सेशन, मार्गदर्शन और प्री-सीड ग्रांट ने शुरुआती दौर में मार्केटिंग और बिजनेस को आगे बढ़ाने में मदद की.
800 से ज्यादा दुकानों तक है पहुंच
शुरुआत में डिस्ट्रीब्यूशन और टैलेंट जुटाना बड़ी चुनौती थी. इसके बावजूद करीब तीन महीने में कंपनी ने अपने प्रोडक्ट्स को 800 से अधिक दुकानों तक पहुंचा दिया. आज AnyWay के प्रोडक्ट्स कोटा के अलावा पुणे, अहमदाबाद, सिलचर, गुवाहाटी, जयपुर, उदयपुर, पंजाब और दिल्ली समेत कई शहरों में उपलब्ध हैं. अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी इसकी पहुंच लंदन और दुबई तक हो चुकी है. मुंबई की नौकरी छोड़कर कोटा से शुरू किया गया यह सफर अब देश के कई शहरों और विदेशों तक पहुंच रहा है. दोनों दोस्तों का लक्ष्य अब हेल्दी स्नैकिंग को आम लोगों तक पहुंचाते हुए अपने स्टार्टअप को बड़े राष्ट्रीय ब्रांड के रूप में स्थापित करना है.



