‘उस फिल्म की हर बात से नफरत है’, 25 साल बड़े एक्टर संग रोमांस पर छलका राधिका आप्टे का दर्द

Last Updated:November 03, 2026, 19:58 IST
राधिका आप्टे का नया शो ‘अक्का’ ओटीटी पर छाया हुआ है, जिसमें उनका बड़ा दिलचस्प रोल है. शो के प्रमोशन में बिजी हीरोइन ने साउथ सिनेमा में काम करने का अनुभव बयां किया. उन्होंने एक तेलुगु फिल्म का जिक्र किया, जिसकी हर बात से वह नफरत करती हैं. दरअसल, उन्हें फिल्म में बड़े एक्टर के साथ रोमांस करना पड़ा, जो उनके लिए काफी तकलीफदेह अनुभव था. वे 2014 की फिल्म ‘लीजेंड’ की ओर संकेत कर रही थीं.
नई दिल्ली: राधिका आप्टे ने लीक से हटकर किरदार निभाए हैं. वे अब शो ‘अक्का’ में दिलचस्प रोल में नजर आ रही हैं. लेडी गैंगस्टर्स के इर्द-गिर्द बुनी कहानी पुरुषवादी सोच को चुनौती देती है. शो के प्रमोशन के बीच एक्ट्रेस ने साउथ सिनेमा में अपने काम का अनुभव बयां किया, जहां काम करना बड़ा मुश्किल था. एक्ट्रेस ने अब अपने उस मुश्किल रोल के बारे में बताया, जिसमें उनके किरदार को अपने मामा से शादी करनी पड़ती है. मामा का रोल जिस एक्टर ने निभाया, वह उनसे उम्र में काफी बड़ा है.(फोटो साभार: Instagram@Mradhikaofficial)
एक्ट्रेस राधिका आप्टे ने तेलुगु फिल्मों में सिर्फ चार फिल्में की, जिनमें से दो नंदमुरी बालकृष्ण के साथ थीं. उन्हें साउथ में शूटिंग के वक्त पुरुषवादी सोच का सामना करना पड़ा. ‘अक्का’ के प्रमोशन में बिजी एक्ट्रेस ने जब ‘जूम’ को इंटरव्यू दिया, तो उनसे उनके करियर का सबसे मुश्किल रोल के बारे में पूछा गया. उन्होंने जवाब दिया, ‘मैंने एक तेलुगु फिल्म की थी, जिसमें मुझे अपने मामा से शादी करनी पड़ी. वह मेरा सबसे चैलेंजिंग रोल था. मुझे उस फिल्म की हर बात से नफरत थी.’ (फोटो साभार: Instagram@Mradhikaofficial)
राधिका आप्टे के साथ बैठी कीर्ति सुरेश पहले तो उनके खुलासे से हैरान हुईं, फिर जोर से हंस पड़ीं. उन्होंने हैरान दर्शकों को बताया कि तमिल और तेलुगु कल्चर में मामा से शादी करने की परंपरा है.’ इस पर राधिका ने अपनी बात जोड़ते हुए कहा, ‘हां इतना ही नहीं, मुझे अपने से काफी बड़े एक्टर के साथ रोमांस भी करना पड़ा. यह पूरी तरह से पुरुष-प्रधान माहौल है. यह मेरे लिए सबसे मुश्किल काम था. फिर, फिल्म के बीच में ही मेरा किरदार मर जाता है. उन्हें मुझे अपने कंधे के ऊपर से फेंकना था और फिर एक्शन सीन करना था. मैं सोच रही थी कि आखिर मैं कब मरूंगी?’ (फोटो साभार: Instagram@Mradhikaofficial)
Add as Preferred Source on Google
एक्ट्रेस ने फिल्म का नाम नहीं बताया, लेकिन उनके बताए गए सीन्स से पता चलता है कि वह बोयापति श्रीनू की 2014 की फिल्म ‘लीजेंड’ की बात कर रही हैं. ‘लीजेंड’ की रिलीज होने के वक्त बालकृष्ण 54 साल के थे, जबकि राधिका की उम्र 29 साल थी. (फोटो साभार: Instagram@Mradhikaofficial)
राधिका ने 2010 में राम गोपाल वर्मा की फिल्म ‘रक्त चरित्र’ से तेलुगु सिनेमा में कदम रखा था, जो हिंदी में भी रिलीज हुई थी. उन्होंने 2012 में प्रकाश राज की फिल्म ‘धोनी’ में काम किया, जो मूल रूप से एक तमिल फिल्म थी और तेलुगु में भी रिलीज हुई थी. 2014 की फिल्म ‘लीजेंड’ के बाद राधिका आप्टे ने साल 2015 में सत्यदेव की फिल्म ‘लायन’ में फिर से बालकृष्ण के साथ काम किया. यह उनकी आखिरी तेलुगु फिल्म थी जिसमें उन्होंने काम किया. (फोटो साभार: youtube/Videograb)
राधिका ने कुछ वक्त पहले ‘गलाटा’ को इंटरव्यू दिया था, जिसमें उन्होंने नार्थ इंडिया के कलाकारों की कास्टिंग पर बात की. उन्होंने कहा था, ‘मुझे लगता है कि शुरुआत में कई नॉर्थ इंडियन हीरोइनों को इसलिए कास्ट किया जाता था क्योंकि उनका रंग गोरा था. मुझे यह बात बहुत बुरी लगती है. जब तक कि किसी प्रोजेक्ट में मुझे ही लेने का कोई खास कारण न हो, तब तक मैं साउथ इंडियन फिल्में नहीं करूंगी, क्योंकि मुझे नहीं लगता कि मैं इसके लायक हूं.’ (फोटो साभार: Instagram@Mradhikaofficial)
राधिका आप्टे पिछली बार नेटफ्लिक्स की सीरीज ‘लस्ट स्टोरीज 3’ में नजर आईं. उनकी वेब सीरीज ‘अक्का’ भी इसी प्लेटफॉर्म पर स्ट्रीम हो रही है. एक्ट्रेस ने थियेटर से अभिनय की शरुआत की थी. उन्होंने फिल्म ‘वाह! लाइफ हो तो ऐसी’ से बॉलीवुड में कदम रखा था. (फोटो साभार: Instagram@Mradhikaofficial)
‘अंधाधुन’, ‘सेक्रेंड गेम्स’ जैसी फिल्मों और शोज में राधिका आप्टे के काम को खूब सराहा गया. एक्ट्रेस की अन्य यादगार फिल्मों में ‘बदलापुर’, ‘मांझी’, ‘पैडमैन’ हैं, जिनकी दर्शकों के साथ-साथ क्रिटिक्स ने भी तारीफ की. (फोटो साभार: Instagram@Mradhikaofficial)
लेटेस्ट कॉमर्स डील्स, खास डिस्काउंट और बेहतरीन शॉपिंग ऑफर देखने के लिए कंपेयर इंडिया✅देखें.First Published :
November 03, 2026, 19:58 IST



