‘एक्टर से शादी करना मुश्किल काम’, जया बच्चन ने जब मारिया गोरेटी को दी सलाह, अरशद वारसी ने बताया किस्सा

Last Updated:August 31, 2026, 07:51 IST
बॉलीवुड एक्टर अरशद वारसी ने अपनी शादी से जुड़ा एक दिलचस्प किस्सा शेयर किया है. उन्होंने बताया कि शादी से पहले जया बच्चन ने उनकी पत्नी मारिया गोरेटी को एक खास सलाह दी थी. अमिताभ बच्चन के साथ पांच दशकों से ज्यादा का सफर तय कर चुकीं जया ने सलाह देते हुए कहा था कि किसी एक्टर से शादी करना दुनिया के सबसे मुश्किल कामों में से एक है. उन्होंने दोनों से पूछा था कि क्या वे इस चुनौती के लिए पूरी तरह तैयार हैं.
ख़बरें फटाफट
अरशद वारसी ने जया बच्चन की सलाह से जुड़ा किस्सा बताया.
नई दिल्ली. बॉलीवुड एक्टर अरशद वारसी अपनी शानदार एक्टिंग के लिए जाने जाते हैं. हाल ही में उन्होंने अपनी शादीशुदा जिंदगी पर खुलकर बात की और उस सलाह को याद किया जो जया बच्चन ने शादी से पहले उनकी पत्नी मारिया गोरेटी को दी थी. एक इंटरव्यू में अरशद ने बताया कि अमिताभ बच्चन के साथ पांच दशकों से ज्यादा का वक्त बिता चुकीं जया बच्चन इस बात को बेहद करीब से समझती हैं कि किसी एक्टर के साथ जिंदगी बिताना आखिर कैसा होता है.
फिल्मीज्ञान को दिए इंटरव्यू में शादी के दिनों को याद करते हुए अरशद ने खुलासा किया कि जया बच्चन ने मारिया को पहले ही आगाह कर दिया था. उन्होंने समझाया था कि किसी एक्टर से शादी करने की राह आसान नहीं होती और इसके साथ कई तरह की अपनी चुनौतियां आती हैं.
अरशद वारसी ने की जया बच्चन की तारीफ
अरशद वारसी ने जया बच्चन की तारीफ करते हुए कहा, ‘जया जी बहुत सुलझी हुई और समझदार महिला हैं. उन्होंने मारिया और मेरी शादी के वक्त कहा था कि एक एक्टर से शादी करना दुनिया के सबसे मुश्किल कामों में से एक है. उन्होंने सीधे तौर पर हमसे पूछा था कि क्या तुम दोनों इस रिश्ते के लिए वाकई तैयार हो?’



