BJP के गढ़ में कांग्रेस का मास्टर स्ट्रोक, भवानीमंडी में पूर्व पालिका अध्यक्ष रामलाल गुर्जर परिवार संग बदला पाला

Last Updated:August 31, 2026, 07:54 IST
Jhalwalar Nagar Nikay Chunav: झालावाड़ जिले की भवानीमंडी नगर पालिका चुनाव से पहले भाजपा को बड़ा राजनीतिक झटका लगा है. पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष रामलाल गुर्जर ने अपनी पत्नी सुंगना गुर्जर और पुत्रवधू पिंकी गुर्जर के साथ भाजपा छोड़कर कांग्रेस का दामन थाम लिया. टिकट वितरण को लेकर नाराजगी को इस फैसले की वजह बताया जा रहा है. कांग्रेस में शामिल होने के बाद तीनों का पार्टी कार्यकर्ताओं ने माला और शाल ओढ़ाकर स्वागत किया. डग विधानसभा प्रत्याशी रहे चेतराज गहलोत समेत दो दर्जन से अधिक कांग्रेस कार्यकर्ता इस दौरान मौजूद रहे. एक साथ तीन स्थानीय चेहरों के कांग्रेस में आने से भवानीमंडी की राजनीति में नए समीकरण बनने की चर्चा शुरू हो गई है. नामांकन के आखिरी दौर में हुए इस उलटफेर को कांग्रेस का बड़ा सियासी दांव माना जा रहा है.
ख़बरें फटाफट
झालावाड़ जिले की भवानीमंडी नगर पालिका चुनाव से पहले भाजपा को बड़ा राजनीतिक झटका लगा
झालावाड़. राजस्थान के झालावाड़ जिले में स्थानीय निकाय चुनाव की सरगर्मी के बीच भवानीमंडी शहर में बड़ा राजनीतिक उलटफेर सामने आया है. नगर पालिका चुनाव के नामांकन के आखिरी दौर से पहले भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष रामलाल गुर्जर ने अपनी पत्नी सुंगना गुर्जर और पुत्रवधू पिंकी गुर्जर के साथ भाजपा छोड़कर कांग्रेस का दामन थाम लिया. एक साथ परिवार के तीन प्रमुख स्थानीय चेहरों के कांग्रेस में शामिल होने से भवानीमंडी की सियासत में नए समीकरण बनने की चर्चा तेज हो गई है.
खास बात यह है कि भवानीमंडी क्षेत्र पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे सिंधिया के प्रभाव वाला इलाका माना जाता है. ऐसे में गुर्जर परिवार का कांग्रेस में जाना भाजपा के लिए स्थानीय स्तर पर बड़ा झटका माना जा रहा है. बताया जा रहा है कि गुर्जर परिवार की भाजपा से नाराजगी टिकट वितरण को लेकर थी. हालांकि, पार्टी की ओर से इस घटनाक्रम को लेकर आधिकारिक तौर पर कोई विस्तृत प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है, लेकिन निकाय चुनाव के ठीक पहले इस राजनीतिक घटनाक्रम ने भाजपा की चिंता बढ़ा दी है. वहीं कांग्रेस ने इस मौके को अपने पक्ष में बड़ा सियासी फायदा माना है.
कांग्रेस में शामिल होने पर हुआ जोरदार स्वागत
रामलाल गुर्जर, उनकी पत्नी सुंगना गुर्जर और पुत्रवधू पिंकी गुर्जर के कांग्रेस में शामिल होने के बाद पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह देखने को मिला. कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने तीनों का माला और शाल ओढ़ाकर स्वागत किया. इस दौरान डग विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी रहे चेतराज गहलोत, कांग्रेस मंडल अध्यक्ष रोड सिंह परमार, नगर अध्यक्ष विनय आस्तोलिया, पूर्व पालिका अध्यक्ष कैलाश बोहरा और उपाध्यक्ष अनिल वर्मा समेत दो दर्जन से अधिक कार्यकर्ता मौजूद रहे. कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने तीनों के पार्टी में आने को संगठन की मजबूती से जोड़कर देखा. उनका कहना है कि स्थानीय राजनीति में सक्रिय और लोगों के बीच पकड़ रखने वाले चेहरों के कांग्रेस में आने से पार्टी को नगर पालिका चुनाव में फायदा मिल सकता है.
निकाय चुनाव से पहले बदले समीकरण
भवानीमंडी नगर पालिका चुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया अंतिम चरण में है. ऐसे समय में भाजपा के स्थानीय स्तर के प्रमुख परिवार का कांग्रेस में जाना चुनावी समीकरणों को प्रभावित कर सकता है. रामलाल गुर्जर पहले नगर पालिका अध्यक्ष रह चुके हैं, जबकि परिवार के अन्य सदस्य भी स्थानीय राजनीति में सक्रिय रहे हैं. ऐसे में उनके साथ पत्नी और पुत्रवधू के एक साथ कांग्रेस में आने से पार्टी संगठन को एकजुट रखने और चुनावी मैदान में मजबूती के साथ उतरने की चुनौती बढ़ गई है. दूसरी ओर कांग्रेस इसको अपने लिए मनोवैज्ञानिक बढ़त के तौर पर देख रही है.
पार्टी कार्यकर्ताओं में भी इसको लेकर उत्साह बढ़ा है. अब देखना होगा कि गुर्जर परिवार के कांग्रेस में शामिल होने का असर भवानीमंडी के वार्ड स्तर के चुनावी समीकरणों पर कितना पड़ता है. नगर पालिका चुनाव के नामांकन के अंतिम दिन से ठीक पहले रामलाल गुर्जर के कांग्रेस में शामिल हो जाने से भवानीमंडी की राजनीति को गरमा दिया है. भाजपा जहां संभावित नुकसान को रोकने की कोशिश करेगी, वहीं कांग्रेस इस नए सियासी समीकरण को चुनावी फायदे में बदलने की रणनीति पर आगे बढ़ सकती है.
About the Authorदीप रंजन सिंह Content Producer
दीपरंजन सिंह लगभग एक दशक से पत्रकारिता के फिल्ड से जुड़े हुए हैं. वह अभी न्यूज18 हिंदी के राजस्थान डिजिटल डेस्क से जुड़े हैं, जहां वे बतौर कंटेंट प्रोड्यूसर अपनी सेवाएं दे रहे हैं. पिछले लगभग एक दशक से सक्रिय पत…
और पढ़ेंLocation :
Jhalawar,Rajasthan
First Published :
August 31, 2026, 07:54 IST



