कीवी को सिर्फ बीमारी में खाते हैं? जानिए रोज खाने से क्या मिलेंगे फायदे, डाइटीशियन ने बताया सही समय

Last Updated:September 07, 2026, 20:26 IST
कीवी को अक्सर बीमारी या कमजोरी के दौरान खाया जाने वाला फल माना जाता है, लेकिन क्या आप जानते हैं कि इसे रोजमर्रा की डाइट में भी शामिल किया जा सकता है? विटामिन-C, पोटैशियम और जिंक जैसे पोषक तत्वों से भरपूर यह हरा फल सेहत के लिए कई मायनों में उपयोगी माना जाता है. मिर्जापुर की डाइटीशियन डॉ. ज्योति सिंह ने बताया कि कीवी किस समय खाना बेहतर रहता है और किन लोगों को इसे खाने में सावधानी बरतनी चाहिए.
मिर्जापुर: कीवी फल आपने बाजार में जरूर देखा होगा और शायद खाया भी हो. आमतौर पर लोग इसे बीमारी या कमजोरी के दौरान ज्यादा खाते हैं, लेकिन पोषक तत्वों से भरपूर यह फल रोजमर्रा की डाइट का भी हिस्सा बन सकता है. कीवी में विटामिन-C, पोटैशियम, जिंक समेत कई पोषक तत्व पाए जाते हैं, जो शरीर के लिए जरूरी माने जाते हैं. यही वजह है कि इसे हेल्दी फ्रूट की कैटेगरी में शामिल किया जाता है.
मंडलीय अस्पताल की डाइटीशियन डॉ. ज्योति सिंह के मुताबिक, कीवी एक पोषक फल है. इसमें विटामिन-C और पोटैशियम अच्छी मात्रा में पाए जाते हैं. इसके अलावा इसमें जिंक जैसे माइक्रोन्यूट्रिएंट्स भी मौजूद होते हैं. डाइट में इसे शामिल करने से शरीर को कई जरूरी पोषक तत्व मिल सकते हैं.
डॉ. ज्योति सिंह के अनुसार, कीवी को विटामिन रिच फ्रूट माना जाता है. जिन लोगों को नींबू या संतरा किसी वजह से सूट नहीं करता या किसी खास मौसम में ये फल उपलब्ध नहीं होते, उनके लिए कीवी विटामिन-C का एक विकल्प हो सकता है. कीवी का सेवन सिर्फ बीमारी के दौरान ही करना जरूरी नहीं है. इसे सामान्य दिनों में भी संतुलित मात्रा में डाइट में शामिल किया जा सकता है.
Add as Preferred Source on Google
डाइटीशियन के मुताबिक, कीवी खाने का अच्छा समय मिड-मॉर्निंग हो सकता है. यानी नाश्ते और दोपहर के भोजन के बीच करीब 10 से 12 बजे के आसपास इसका सेवन किया जा सकता है. डॉ. ज्योति के अनुसार, कीवी के साथ मूंगफली, बादाम या ताजा नारियल जैसे नट्स या खाद्य पदार्थ लिए जा सकते हैं. इससे डाइट में दूसरे पोषक तत्व भी जुड़ते हैं और भोजन अधिक संतुलित बन सकता है.
कीवी को डाइट में शामिल करने से पहले कुछ लोगों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत हो सकती है. डॉ. ज्योति सिंह ने गर्भवती महिलाओं और ऐसी दवाएं लेने वाले लोगों को इसे लेकर डॉक्टर की सलाह लेने की बात कही है, खासकर वे लोग जो ब्लड थिनर या बीपी की दवाएं लेते हैं.
हालांकि, किसी भी फल या खाद्य पदार्थ को लेकर व्यक्तिगत स्वास्थ्य स्थिति अलग हो सकती है. इसलिए अगर आप नियमित रूप से कोई दवा लेते हैं या किसी विशेष स्वास्थ्य समस्या से जूझ रहे हैं, तो डाइट में बदलाव करने से पहले अपने डॉक्टर या डाइटीशियन की सलाह लेना बेहतर है. कुल मिलाकर, कीवी स्वाद के साथ कई पोषक तत्वों वाला फल है. इसे संतुलित डाइट का हिस्सा बनाकर रोजमर्रा के भोजन में शामिल किया जा सकता है.
न्यूज़18 को गूगल पर अपने पसंदीदा समाचार स्रोत के रूप में जोड़ने के लिए यहां क्लिक करें।First Published :
September 07, 2026, 20:26 IST



