World

ब्रॉड पीक पर मौत का एवलांच! पाकिस्तान में मशहूर पर्वतारोही निर्मल पुर्जा समेत 6 लापता, 4 शव मिले

दुनिया की सबसे ऊंची चोटियों को रिकॉर्ड समय में फतह करने वाले मशहूर नेपाली पर्वतारोही निर्मल पुर्जा अब खुद जिंदगी और मौत के बीच फंसे हुए हैं. पाकिस्तान के काराकोरम में स्थित 8,047 मीटर ऊंचे ब्रॉड पीक पर चढ़ाई के दौरान अचानक एवलांच आया, जिसके बाद निर्मल पुर्जा समेत 10 पर्वतारोहियों से संपर्क टूट गया.

इस हादसे ने दुनिया भर के पर्वतारोहण समुदाय को चिंता में डाल दिया है. शुक्रवार को पाकिस्तानी बचाव दल ने चार शव मिलने की जानकारी दी, लेकिन अभी यह साफ नहीं हो पाया है कि ये शव किन पर्वतारोहियों के हैं.

कौन हैं निर्मल पुर्जा?

43 साल के निर्मल पुर्जा दुनिया के सबसे चर्चित पर्वतारोहियों में शामिल हैं. उन्हें दुनिया की सबसे ऊंची चोटियों पर बेहद तेजी से चढ़ाई करने के लिए जाना जाता है. साल 2019 में उन्होंने महज 6 महीने और 6 दिन में दुनिया की सभी 14 आठ-हजारी चोटियों पर चढ़ाई पूरी कर विश्व रिकॉर्ड बनाया था.

इसके अलावा 2021 में निर्मल पुर्जा ने नेपाली पर्वतारोहियों की टीम के साथ K2 पर सर्दियों में पहली सफल चढ़ाई करने वाली टीम का हिस्सा बनकर इतिहास रचा था. लेकिन अब पाकिस्तान का ब्रॉड पीक अभियान उनके लिए बेहद मुश्किल स्थिति में बदल गया है.

एवलांच आते ही टूटा संपर्क

अल्पाइन क्लब ऑफ पाकिस्तान के मुताबिक, ब्रॉड पीक पर चढ़ाई के दौरान अचानक एवलांच आया. इसके बाद पूरी टीम से संपर्क टूट गया.

हादसे के बाद बचाव अभियान शुरू करने की कोशिश की जा रही है, लेकिन खराब मौसम, भारी बर्फबारी और बेहद ऊंचाई वाला इलाका रेस्क्यू टीम के लिए बड़ी चुनौती बना हुआ है. मौसम साफ होने का इंतजार किया जा रहा है, जिसके बाद हेलीकॉप्टर समेत दूसरे संसाधनों की मदद से तलाश अभियान को तेज किया जाएगा.

लापता पर्वतारोहियों में पांच नेपाली पर्वतारोही, पाकिस्तान के पर्वतारोही सोहेल साखी, ओमान की नाथिरा, अमेरिका की मैलोरी गीस, चीन के वांग और एक अन्य विदेशी पर्वतारोही शामिल हैं, जिसकी पहचान अभी सामने नहीं आई है.

4 शव मिले, 6 पर्वतारोही अभी भी लापता

गिलगित-बाल्टिस्तान प्रशासन के मुताबिक, हादसे के बाद चार शव बरामद किए गए हैं, जबकि छह पर्वतारोही अभी भी लापता हैं.

सबसे बड़ी मुश्किल यह है कि जिस इलाके में हादसा हुआ है, वहां मौसम लगातार खराब है और ऊंचाई पर ऑक्सीजन की कमी के साथ बर्फीले रास्ते रेस्क्यू ऑपरेशन को बेहद जोखिम भरा बना रहे हैं.

फिलहाल बचाव दल लापता पर्वतारोहियों की तलाश में जुटा है. दुनिया भर की नजर अब ब्रॉड पीक पर चल रहे इस रेस्क्यू ऑपरेशन पर है और सभी पर्वतारोहियों के सुरक्षित मिलने की उम्मीद की जा रही है.

Source link

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

Uh oh. Looks like you're using an ad blocker.

We charge advertisers instead of our audience. Please whitelist our site to show your support for Nirala Samaj