लुटेरों ने भिखारी से लूटी लाखों रुपये की रकम, 3-3 लाख रुपये बांटकर छिपा दिए

Last Updated:August 26, 2026, 14:42 IST
Bundi Latest News : बूंदी में दो लुटेरों ने एक भिखारी को लूट लिया. लुटेरे भिखारी के जिस गंदे से थैले को छीनकर भागे थे उसमें 6 लाख रुपये से ज्यादा की रकम थी. पुलिस ने लुटेरों को गिरफ्तार कर लूटी गई रकम को बरामद कर लिया है. पुलिस अब इस बात की भी जानकारी जुटा रही है कि आखिर भिखारी के पास इतनी बड़ी रकम आई कहां से? जानें क्या है पूरा मामला. पुलिस ने दोनों लुटेरों को गिरफ्तार कर लिया है.
बूंदी. बूंदी जिले में एक भिखारी के साथ लाखों रुपये की लूट होने का बड़ा मामला सामने आया है. सुनने में भले ही आपको यह बात अजीब लगे लेकिन यह सौ फीसदी सच है. दो लुटेरे बूंदी में बस स्टैंड पर भीख मांगने वाले एक भिखारी का गंदा से दिखने वाला थैला छीनकर फरार हो गए थे. बाद में लुटेरों ने जंगल में जाकर थैले को खोला तो पहले तो उनकी आंखें फटी रह गई लेकिन बाद में उनकी बांछे खिल गईं. भिखारी के थैले में 6 लाख 13 हजार रुपये से ज्यादा की नकदी मिली. उसके बाद लुटेरों ने उस रकम को आपस में बराबर बांट लिया और छिपा दिया. लेकिन पुलिस ने अब दोनों लुटेरों को पकड़कर लूटी गई रकम बरामद कर ली है.
पुलिस के मुताबिक कुछ दिन पहले अस्पताल परिसर एक भिखारी ने अपना थैला चोरी होने का हंगामा कर दिया था. सूचना पर कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची. भिखारी ने बताया कि लाखों रुपये से भरा थैला दो बाइक सवार लुटेरे छीनकर भाग गए. पहले तो पुलिस को विश्वास नहीं हुआ कि एक भिखारी के पास लाखों रुपये हो सकते हैं और उसने इसे अफवाह माना. लेकिन बाद में मामला दर्ज कर जांच शुरू की. जांच में सामने आया कि दो बाइक सवार लुटेरों रघुवीर और त्रिलोक भिखारी का थैला छीनकर भागे थे.
थैले में भरे पड़े थे नोटों के बंडलबाद में उन्होंने घने जंगल में जाकर फूलसागर रोड पर थैला खोला तो अंदर नोटों के बंडल देखकर वे हैरान रह गए. उन्होंने सोचा था कि थैले में कुछ खाने-पीने का सामान या थोड़े बहुत पैसे मिलेंगे. लेकिन उसमें 613000 रुपये से अधिक की नकदी मिली. लुटेरों ने नकदी निकालकर थैला जंगल में फेंक दिया और आपस में 3-3 लाख रुपये से ज्यादा का बंटवारा कर रकम को घर ले जाकर छिपा दिया.
लुटेरों ने कबूला सचकोतवाली थानाधिकारी रमेश आर्य ने बताया कि बाइक के नंबर और निशानदेही के आधार पर पुलिस आरोपियों तक पहुंची. दोनों को गिरफ्तार कर लूट के दौरान काम ली गई बाइक को जब्त कर लिया. पुलिस ने जब उनसे कड़ाई से पूछताछ तो दोनों ने पूरा सच कबूल कर लिया. पुलिस ने उनके पास से लूटी गई नकदी और थैले में रखे कागजात बरामद कर लिए हैं. अब पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि भिखारी के पास इतनी बड़ी रकम कहां से आई. बहरहाल भिखारी से लूट का यह मामला काफी चर्चा में बना हुआ है.
About the AuthorSandeep Rathore
संदीप राठौड़ वर्तमान में न्यूज18 इंडिया में क्लस्टर हेड राजस्थान (डिजिटल) पद पर कार्यरत हैं। राजनीति, क्राइम और सामाजिक मुद्दों पर रिपोर्टिंग में रूचि रखने वाले संदीप को पत्रकारिता का ढाई दशक से ज्यादा का अनुभव…
और पढ़ेंLocation :
Bundi,Bundi,Rajasthan
First Published :
August 26, 2026, 14:38 IST



