Rajasthan

सादे कपड़ों में तैनात महिला पुलिस से मनचलों में खौफ, महिलाओं की सुरक्षा बनी प्राथमिकता

Jaipur: राजस्थान में महिलाओं, छात्राओं और बच्चों की सुरक्षा को अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से राजस्थान पुलिस द्वारा शुरू की गई ‘कालिका पेट्रोलिंग यूनिट’ निरंतर प्रभावी ढंग से कार्य कर रही है. अगस्त 2024 में गठित इस विशेष महिला पुलिस इकाई (एंटी-रोमियो स्क्वाड) ने सार्वजनिक स्थानों पर मनचलों और आपराधिक प्रवृत्ति के तत्वों पर नकेल कसने में बड़ी सफलता हासिल की है. इस समर्पित दस्ता का मुख्य लक्ष्य महिलाओं को भयमुक्त वातावरण प्रदान करना है.

कालिका पेट्रोलिंग यूनिट की सबसे बड़ी खासियत इसकी महिला पुलिसकर्मियों की कार्यशैली है. यह टीम खाकी वर्दी के बजाय सादे कपड़ों (सिविल ड्रेस) में तैनात रहकर संवेदनशील क्षेत्रों में गश्त करती है. स्कूल, कॉलेज, कोचिंग सेंटर, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन और प्रमुख बाजारों के आसपास महिला पुलिसकर्मी गुप्त रूप से तैनात रहती हैं. सिविल ड्रेस में होने के कारण असामाजिक तत्व इन्हें पहचान नहीं पाते हैं और किसी भी गलत हरकत पर रंगे हाथों पकड़े जाते हैं. वहीं राजस्थान सरकार और पुलिस महकमे ने प्रदेश में महिलाओं, छात्राओं और बालिकाओं की सुरक्षा के ताने-बाने को अधिक मजबूत और प्रभावी बनाने के लिए बड़ा कदम उठाया है. राज्यभर में महिला सुरक्षा और मनचलों पर कड़ा शिकंजा कसने के लिए 65 एंटी रोमियो स्क्वॉड और 600 कालिका पेट्रोलिंग यूनिट को पूरी तरह सक्रिय कर दिया गया है.

मनचलों पर त्वरित और सख्त कानूनी कार्रवाई

सार्वजनिक स्थानों पर छात्राओं और महिलाओं के साथ होने वाली छेड़छाड़, छींटाकशी, फब्तियां कसने और पीछा करने जैसी घटनाओं पर कालिका यूनिट तुरंत एक्शन लेती है. शिकायत का इंतजार किए बिना यह टीम मौके पर ही मनचलों को दबोचकर कानूनी प्रक्रिया शुरू करती है. पुलिस की इस गुप्त और त्वरित कार्रवाई से मनचलों में भारी खौफ पैदा हुआ है.

छात्राओं को आत्मरक्षा और डिजिटल सुरक्षा का पाठ

कार्रवाई के साथ-साथ कालिका यूनिट लगातार जागरूकता अभियान भी चला रही है. यह दस्ता विभिन्न स्कूलों और कॉलेजों में जाकर छात्राओं को आत्मरक्षा (सेल्फ डिफेंस) के गुर सिखाता है. इसके अलावा आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए महिला हेल्पलाइन नंबर 1090, डायल 112 और राजस्थान पुलिस के ‘राजकोप ऐप’ के इस्तेमाल के प्रति भी जागरूक किया जा रहा है ताकि संकट के समय तुरंत मदद पाई जा सके.

2,216 नए पदों की स्वीकृति

महिला सुरक्षा को केवल गश्त तक सीमित न रखकर इसे प्रशासनिक और जमीनी स्तर पर स्थाई मजबूती देने के लिए सरकार ने 2,216 नए पदों की स्वीकृति जारी की है. इस जनशक्ति (मैनपावर) की बदौलत कालिका पेट्रोलिंग यूनिट और एंटी रोमियो दस्तों की कार्यप्रणाली को दूर-दराज के क्षेत्रों तक विस्तारित किया जा सकेगा.

सड़कों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर सख्त निगरानी

सक्रिय की गई 600 कालिका पेट्रोलिंग यूनिट की महिला पुलिसकर्मी विशेष नीली वर्दी में काले स्कूटरों पर गश्त करती नजर आती हैं. ये टीमें स्कूल, कॉलेज, कोचिंग सेंटर, धार्मिक स्थलों, बस स्टैंड, मॉल और मुख्य बाजारों में तैनात रहकर असामाजिक तत्वों और मनचलों पर पैनी नजर रख रही हैं. वहीं एंटी रोमियो स्क्वॉड का फोकस मनचलों की धरपकड़ और छात्राओं को भयमुक्त माहौल प्रदान करने पर है.

Source link

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

Uh oh. Looks like you're using an ad blocker.

We charge advertisers instead of our audience. Please whitelist our site to show your support for Nirala Samaj