सामान्य बुखार या स्क्रब टाइफस? 10-15 दिन बाद दिखते हैं ये लक्षण, जानिए अंतर

Last Updated:September 22, 2026, 12:40 IST
बरसात में बुखार को सामान्य समझकर नजरअंदाज करना भारी पड़ सकता है. स्क्रब टाइफस भी तेज बुखार और शरीर में दर्द जैसे लक्षणों के साथ सामने आ सकता है. जानिए सामान्य बुखार और स्क्रब टाइफस में क्या अंतर है.
मऊ. बरसात के मौसम में कई तरह की बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है. इस दौरान अधिकतर लोग बुखार से परेशान रहते हैं. कई बार स्क्रब टाइफस को भी सामान्य बुखार समझ लिया जाता है. ऐसे में समय पर पहचान और इलाज जरूरी है.
मऊ स्थित केशरीराज हॉस्पिटल के बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. सुमंत कुमार गुप्ता के अनुसार, सामान्य बुखार की तुलना में स्क्रब टाइफस गंभीर हो सकता है. इसमें लापरवाही करने पर फेफड़ों में इंफेक्शन समेत कई गंभीर परेशानियां हो सकती हैं.
डॉ. सुमंत गुप्ता बताते हैं कि स्क्रब टाइफस लाल घुन के काटने से होता है. घुन के काटने वाली जगह पर काले रंग का निशान बन सकता है. शुरुआत में इसके काटने का पता नहीं चलता, लेकिन करीब 10 से 15 दिनों बाद तेज बुखार और पूरे शरीर में दर्द जैसे लक्षण दिखाई दे सकते हैं. वहीं सामान्य बुखार में अक्सर सर्दी-जुकाम के साथ खांसी जैसे लक्षण देखने को मिलते हैं.
Add as Preferred Source on Google
विशेषज्ञ के मुताबिक, स्क्रब टाइफस की समस्या ग्रामीण इलाकों में अधिक देखने को मिलती है. घास और झाड़ियों वाले स्थानों पर ये कीड़े अधिक पाए जाते हैं. इसलिए ऐसे स्थानों पर रहने या जाने वाले लोगों को विशेष सावधानी बरतनी चाहिए. बुखार के साथ स्क्रब टाइफस के लक्षण दिखाई देने पर योग्य चिकित्सक से जांच कराकर इलाज शुरू कराना जरूरी है.
डॉ. सुमंत के अनुसार, स्क्रब टाइफस की पहचान होने पर करीब 14 दिन का उपचार कोर्स होता है. समय पर इलाज मिलने पर इससे राहत मिल सकती है, लेकिन इलाज में देरी या लापरवाही करने पर फेफड़ों में इंफेक्शन हो सकता है. इसके साथ निमोनिया और दिमागी बुखार जैसी गंभीर समस्याएं भी हो सकती हैं. ऐसे में तेज बुखार और संबंधित लक्षणों को सामान्य समझकर नजरअंदाज नहीं करना चाहिए.
न्यूज़18 को गूगल पर अपने पसंदीदा समाचार स्रोत के रूप में जोड़ने के लिए यहां क्लिक करें।First Published :
September 22, 2026, 12:40 IST



