‘दुखी नहीं देख पाती थी’, ऋषि कपूर की मूवी फ्लॉप होने पर नीतू करती थी अनूठा काम, कभी महीनों रहता था ‘कोल्ड वॉर’

Last Updated:May 09, 2026, 16:36 IST
नीतू कपूर 14-15 साल की उम्र से ही ऋषि कपूर के साथ थीं. उनकी पूरी दुनिया ऋषि कपूर के इर्द-गिर्द घूमती थी. उन्होंने साथ में ‘खेल खेल में’, ‘जिंदा दिल’ जैसी कई फिल्में कीं. वे पति की फिल्मों की सफलता के खातिर व्रत भी रखती थीं और मंदिर-मस्जिद के चक्कर लगाती थीं. ऐसा नहीं है कि उनके बीच हमेशा सबकुछ ठीक रहा. उनके बीच ‘कोल्ड वॉर’ और महीनों लंबी खामोशी भी रहती थी. वे आज ऋषि कपूर के बिना जिंदगी गुजार रही हैं. उन्होंने आज के दौर में शादियों की आई गिरावट की वजहों पर भी बात की.
नई दिल्ली: नीतू कपूर और ऋषि कपूर की जोड़ी बॉलीवुड की सबसे यादगार जोड़ियों में से एक रही है. ऋषि कपूर के बिना नीतू कपूर की जिंदगी भले पहले जैसी नहीं रही, लेकिन वह पर्दे पर वापस लौट आई हैं. फिल्म ‘दादी की शादी’ में उनका अलग रोल देखने को मिल रहा है. नीतू कपूर ने सोहा अली खान के पॉडकास्ट में अपनी शादीशुदा जिंदगी को लेकर कुछ अनसुनी बातें बताईं, जिन्हें जानकर पुराने दौर की यादें ताजा हो जाती हैं. (फोटो साभार: Instagram@rishi_kapoor_rk)
नीतू कपूर ने बताया कि जब वह सिर्फ 14-15 साल की थीं, तभी से वह ऋषि कपूर के साथ जुड़ गई थीं. उन्होंने बताया कि वह सचमुच ऋषि जी के साथ ही बड़ी हुईं. उनके लिए ऋषि जी ही उनकी दुनिया थे, जिन्होंने उन्हें बाहर की सैर कराई और दुनिया देखना सिखाया. दोनों सितारों ने 1980 में शादी की थी.
नीतू कपूर शुरुआती दिनों में अपने पति से काफी प्रभावित रहती थीं और हमेशा उन्हें खुश देखने की कोशिश करती थीं. वह कहती हैं कि उस वक्त उनकी पूरी जिंदगी सिर्फ ऋषि कपूर के इर्द-गिर्द ही घूमती थी और उनकी खुशी ही नीतू का एकमात्र मकसद हुआ करती थी.
Add as Preferred Source on Google
जब ऋषि कपूर की फिल्में बॉक्स ऑफिस पर अच्छा परफॉर्म नहीं करती थीं, तो नीतू कपूर काफी परेशान हो जाती थीं. वह बताती हैं कि पति की सफलता के लिए उन्होंने मंदिरों, गुरुद्वारों और चर्चों के खूब चक्कर लगाए और न जाने कितने उपवास रखे, ताकि उनकी फिल्में हिट हो जाएं.
आज जब नीतू कपूर उन दिनों को याद करती हैं, तो उन्हें महसूस होता है कि वह कितनी मासूम थीं. उन्होंने बताया कि उस समय वह बस पति को दुखी नहीं देख सकती थीं, इसलिए जो बन पड़ता वह करती थीं. एक्ट्रेस के लिए वह एक बहुत ही सादगी भरा और मासूम दौर था.<br />(फोटो साभार: Instagram@rishi_kapoor_rk)
नीतू कपूर ने रिश्तों में तकरार पर बात करते हुए बताया कि उनके बीच खूब झगड़े भी होते थे. कभी-कभी तो दोनों के बीच ‘कोल्ड वॉर’ महीनों तक चलती थी. वह तब तक चुप रहती थीं, जब तक ऋषि कपूर खुद आकर उनसे बात करने की पहल नहीं करते थे. (फोटो साभार: Instagram@rishi_kapoor_rk)
आज के समय में शादियों के टूटने पर नीतू कपूर का नजरिया काफी अलग है. उनका मानना है कि अब लोग आर्थिक रूप से स्वतंत्र हो गए हैं, इसलिए वे समझौते नहीं करते. साथ ही, अब बच्चे पैदा करने के लिए शादी करना जरूरी नहीं रह गया है, जो इस बदलाव की बड़ी वजह है.(फोटो साभार: Instagram@neetu54)
नीतू कपूर की बातें दिखाती हैं कि पुराने जमाने में रिश्तों को निभाने के लिए कितनी मेहनत और समर्पण की जरूरत होती थी. उनकी बातें उस दौर की सादगी और एक पत्नी के निस्वार्थ प्रेम की याद दिलाती है, जो आज के समय में कम ही देखने को मिलता है.
न्यूज़18 को गूगल पर अपने पसंदीदा समाचार स्रोत के रूप में जोड़ने के लिए यहां क्लिक करें।



