पेपर लीक पर गरजे हनुमान बेनीवाल, कहा- सिस्टम में बड़ा घोटाला हुआ है, बड़े आंदोलन की दी चेतावनी

Last Updated:May 09, 2026, 20:28 IST
Hanuman Beniwal Press Conference: जयपुर में आरएलपी सुप्रीमो हनुमान बेनीवाल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर राजस्थान में पेपर लीक और भर्ती घोटालों को लेकर सरकार और भाजपा पर गंभीर आरोप लगाए. उन्होंने एसआई भर्ती-2021 को लेकर अनियमितताओं और सरकार की चुप्पी पर सवाल उठाए. बेनीवाल ने कहा कि आरएलपी के आंदोलन के बाद ही सरकार ने मामले में संज्ञान लिया. उन्होंने कोर्ट के फैसलों और सुप्रीम कोर्ट की फटकार का जिक्र करते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की. साथ ही आरोपियों की गिरफ्तारी में देरी को लेकर भाजपा-कांग्रेस पर मिलीभगत का आरोप लगाया और चेतावनी दी कि मांगें नहीं मानी गईं तो बड़ा आंदोलन होगा.
ख़बरें फटाफट

आरएलपी सुप्रीमो हनुमान बेनीवाल ने राजस्थान में पेपर लीक और भर्ती घोटालों को लेकर सरकार और भाजपा पर गंभीर आरोप लगाए
जयपुर. राजस्थान में पेपर लीक और भर्ती घोटालों को लेकर एक बार फिर सियासत गरमा गई है. नागौर सांसद और आरएलपी सुप्रीमो हनुमान बेनीवाल ने जयपुर में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर राज्य सरकार और भाजपा पर जमकर निशाना साधा. मीडिया से रू-ब-रू होते हुए बेनीवाल ने कहा कि राजस्थान में लगातार सामने आ रही पेपर लीक घटनाएं पूरे प्रदेश के लिए कलंक बन चुकी हैं और इससे लाखों युवाओं का भविष्य प्रभावित हुआ है.
हनुमान बेनीवाल ने विशेष रूप से एसआई भर्ती-2021 का मुद्दा उठाते हुए कहा कि जब यह भर्ती प्रक्रिया शुरू हुई थी, तब भारतीय जनता पार्टी के कई नेताओं ने इसे रद्द करने की मांग की थी. लेकिन अब जब भाजपा सत्ता में है तो वही नेता इस मुद्दे पर चुप्पी साधे बैठे हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ता में आने के बाद भाजपा के कई नेता अपने पुराने बयानों और मांगों को भूल गए हैं, जो युवाओं के साथ धोखा है.
एसआई भर्ती मामले में कई स्तर पर बरती गई अनियमितताएं
बेनीवाल ने दावा किया कि आरएलपी द्वारा किए गए बड़े आंदोलन के बाद ही सरकार को एसआई भर्ती मामले में गंभीरता से संज्ञान लेना पड़ा. उन्होंने कहा कि इस पूरे मामले में कई स्तरों पर अनियमितताएं सामने आई हैं और यह मामला केवल भर्ती तक सीमित नहीं है, बल्कि यह सिस्टम की गहरी खामियों को उजागर करता है. उन्होंने अदालत के फैसले का भी उल्लेख किया और कहा कि सिंगल बेंच द्वारा भर्ती को रद्द करने का निर्णय इस बात का प्रमाण है कि गड़बड़ियां गंभीर थीं.
सरकार ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया
जयपुर में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान बेनीवाल ने सुप्रीम कोर्ट द्वारा राज्य सरकार को लगाई गई फटकार का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि अदालत की टिप्पणियों से यह साफ होता है कि सरकार ने इस मामले को गंभीरता से नहीं लिया. उन्होंने मांग की कि जिन अभ्यर्थियों ने ईमानदारी से फॉर्म भरे हैं, उन्हें किसी भी स्थिति में परीक्षा से वंचित नहीं किया जाना चाहिए और उनके भविष्य के साथ अन्याय नहीं होना चाहिए.
आरोपियों की गिरफ्तारी में दरी भाजपा-कांग्रेस की मिलीभगत
कांग्रेस शासनकाल में हुए पेपर लीक मामलों पर बोलते हुए बेनीवाल ने कहा कि बड़े आरोपियों की गिरफ्तारी में अत्यधिक देरी हुई है, जो कई सवाल खड़े करती है. उन्होंने आरोप लगाया कि यह देरी कहीं न कहीं भाजपा और कांग्रेस के बीच मिलीभगत की ओर भी इशारा करती है, जिसकी निष्पक्ष जांच आवश्यक है.
सरकार गंभीर नहीं हुई तो बड़े स्तर पर करेंगे आंदोलन
प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने सचिन पायलट को लेकर भाजपा प्रभारी के हालिया बयान पर भी प्रतिक्रिया दी. बेनीवाल ने कहा कि भाजपा के ही कई नेता आज भी सचिन पायलट को अपना नेता मानते हैं, जो पार्टी के अंदरूनी मतभेदों को दर्शाता है. हनुमान बेनीवाल ने अंत में सरकार से मांग की कि सभी मामलों की निष्पक्ष जांच हो, दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाए और युवाओं के भविष्य के साथ किसी भी प्रकार का समझौता न किया जाए. उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने गंभीरता नहीं दिखाई तो आरएलपी फिर से बड़े स्तर पर आंदोलन करेगी.
About the Authordeep ranjan
दीप रंजन सिंह 2016 से मीडिया में जुड़े हुए हैं. हिंदुस्तान, दैनिक भास्कर, ईटीवी भारत और डेलीहंट में अपनी सेवाएं दे चुके हैं. 2022 से हिंदी में अपनी सेवाएं दे रहे हैं. एजुकेशन, कृषि, राजनीति, खेल, लाइफस्ट…और पढ़ें
न्यूजलेटर
अब ईमेल पर इनसाइड स्टोरीज
खबरों के पीछे की खबर अब आपके इनबॉक्स में
सबमिट करें
Location :
Jaipur,Rajasthan



