दिनदहाड़े गोलियों से दहला धौलपुर, दो पक्षों में पथराव और ताबड़तोड़ फायरिंग, दहशत से घरों में घुसे लोग

Last Updated:July 07, 2026, 16:11 IST
Firing In Dhaulpur: धौलपुर के कोटला मोहल्ले में पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों के बीच दिनदहाड़े जमकर पथराव और करीब आधा दर्जन राउंड फायरिंग हुई. करीब आधे घंटे तक चले बवाल से इलाके में दहशत फैल गई, बाजार बंद हो गया और पुलिस के पहुंचने से पहले आरोपी फरार हो गए. पुलिस आरोपियों की तलाश में दबिश और नाकाबंदी कर रही है.
धौलपुर. शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित कोटला मोहल्ले में मंगलवार को पुरानी रंजिश के चलते दो पक्षों के बीच जमकर पथराव और फायरिंग की घटना सामने आई. करीब आधे घंटे तक चले इस घटनाक्रम से पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया. गोलियों की आवाज सुनते ही लोग अपनी जान बचाने के लिए घरों में दुबक गए, जबकि बाजार में मौजूद कई दुकानदारों ने एहतियात के तौर पर तुरंत अपने प्रतिष्ठानों के शटर बंद कर दिए. घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल बना रहा.
जानकारी के अनुसार, अकरम और अबरार पक्ष के बीच लंबे समय से आपसी विवाद चला आ रहा है. मंगलवार को दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए. पहले दोनों के बीच कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते गाली-गलौज में बदल गई. विवाद बढ़ने पर दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर पथराव शुरू कर दिया. हालात इतने बिगड़ गए कि दोनों ओर से हथियार निकाल लिए गए और फायरिंग शुरू हो गई. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार करीब आधा दर्जन राउंड गोलियां चलने की आवाज सुनी गई.
इलाके में मची अफरा-तफरी
फायरिंग और पथराव के दौरान पूरे बाजार में अफरा-तफरी का माहौल बन गया. लोग अपनी सुरक्षा के लिए इधर-उधर भागते नजर आए. कई परिवारों ने घरों के दरवाजे बंद कर लिए, जबकि दुकानदारों ने तुरंत अपने शटर गिरा दिए. प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि दोनों पक्ष एक-दूसरे को लगातार चुनौती देते हुए हंगामा करते रहे, जिससे आसपास के लोगों में भय का माहौल पैदा हो गया. राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के घायल या हताहत होने की सूचना नहीं मिली है. घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन पुलिस के पहुंचने से पहले ही दोनों पक्षों के सभी आरोपी मौके से फरार हो चुके थे. पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास के लोगों से जानकारी जुटाई और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी.
आरोपियों की तलाश जारी
मामले को लेकर पुलिस अधिकारी कृष्ण राज जांगिड़ ने बताया कि घटना में शामिल आरोपियों की पहचान की जा रही है. संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है और शहर के विभिन्न स्थानों पर नाकाबंदी भी कराई गई है, ताकि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जा सके. पुलिस के अनुसार, अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से इस संबंध में औपचारिक शिकायत या मामला दर्ज नहीं कराया गया है. हालांकि पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद उनके खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी. घटना के बाद क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस निगरानी बढ़ा दी गई है ताकि कानून-व्यवस्था बनी रहे और किसी भी अप्रिय स्थिति से बचा जा सके.
About the AuthorMonali Paul
नमस्ते मेरा नाम मोनाली है, पेशे से पत्रकार हूं, ख़बरें लिखने का काम है. लेकिन कैमरे पर समाचार पढ़ना बेहद पसंद है. 2016 में पत्रकारिता में मास्टर्स करने के बाद पांच साल कैमरे पर न्यूज़ पढ़ने के साथ डेस्क पर खबरे…और पढ़ें
न्यूजलेटर
अब ईमेल पर इनसाइड स्टोरीज
खबरों के पीछे की खबर अब आपके इनबॉक्स में
सबमिट करें
Location :
Dhaulpur,Rajasthan



