Aaj Ka Mausam Live | Today Weather Live: झारखंड में बना नया लो-प्रेशर! IMD की चेतावनी- यूपी, बिहार समेत 23 राज्यों में फिर बिगड़ेगा मौसम

Today Weather Live: मानसून अभी शांत होने का नाम नहीं ले रहा है. एक तरफ कई इलाकों में बारिश से राहत की उम्मीद थी, तो दूसरी तरफ मौसम ने फिर करवट ले ली है. झारखंड और आसपास के इलाकों में बने नए लो-प्रेशर के क्षेत्र ने पूरे मौसम सिस्टम को सक्रिय कर दिया है. IMD ने 23 राज्यों के लिए बारिश, आंधी और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है. कहीं मूसलाधार बारिश होगी तो कहीं 80 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं. यानी अगले कुछ दिन सफर करने वालों से लेकर किसानों और समुद्र में जाने वाले मछुआरों तक, सभी को मौसम पर नजर रखनी होगी. खासकर उन इलाकों में परेशानी बढ़ सकती है जहां पहले से जलभराव या भूस्खलन का खतरा बना हुआ है.
इस मौसम बदलाव की सबसे बड़ी वजह झारखंड और उसके आसपास बना लो-प्रेशर का क्षेत्र है. यह सिस्टम धीरे-धीरे पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में बढ़ने वाला है. इसका असर झारखंड के साथ पूर्वी उत्तर प्रदेश, बिहार, पूर्वी मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ तक दिखाई दे सकता है. इसके अलावा मानसून टर्फऔर ऊपरी हवा के साइक्लोनिक सर्कुलेशन भी बारिश का माहौल मजबूत कर रहे हैं. IMD के अलर्ट को देखते हुए लोगों को खुले इलाकों, पेड़ों और कमजोर कंस्ट्रक्शन से दूरी बनाए रखने की सलाह दी गई है. तेज बारिश के दौरान सड़क पर विजिबिलिटी भी घट सकती है. ऐसे में बिना जरूरत यात्रा करना परेशानी बढ़ा सकता है.
मध्य प्रदेश के कई जिलों में 26 अगस्त को भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी है. (PTI)
मानसून सिस्टम में बदलाव के चलते अगले कुछ दिनों में देश के कई हिस्सों में मौसम का मिजाज तेजी से बदल सकता है. झारखंड में बना लो-प्रेशर बारिश को बढ़ाने वाला अहम सिस्टम है. इसके असर से पूर्वी और मध्य भारत के कई हिस्सों में भारी बारिश का दौर देखने को मिल सकता है. दूसरी ओर पूर्वोत्तर भारत में भी साइक्लोनिक सर्कुलेशन सक्रिय है. मौसम विभाग ने तेज हवाओं के साथ बिजली गिरने और भारी बारिश वाले इलाकों में सावधानी बरतने को कहा है. मछुआरों को भी समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है.
IMD के मुताबिक दिल्ली, पूर्वी उत्तर प्रदेश, बिहार, पूर्वी मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, पूर्वी राजस्थान, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, महाराष्ट्र, केरल और पूर्वोत्तर के कई राज्यों समेत 23 राज्यों में बारिश का असर देखने को मिल सकता है. कुछ जगहों पर बारिश के साथ आंधी की स्थिति बन सकती है. तेज हवा के दौरान पेड़ और बिजली के खंभे गिरने का खतरा भी रहता है. इसलिए मौसम बिगड़ने पर सुरक्षित जगह पर रहना ज्यादा बेहतर होगा.
दिल्ली-NCR में फिर बदलेगा मौसम, बारिश के साथ 40 KM की हवा
दिल्ली-NCR में 26 अगस्त को मौसम फिर करवट ले सकता है. IMD ने दिल्ली के सभी प्रमुख इलाकों में भारी बारिश की संभावना जताई है. सेंट्रल दिल्ली, ईस्ट दिल्ली, नई दिल्ली, नॉर्थ दिल्ली, नॉर्थ ईस्ट दिल्ली, नॉर्थ वेस्ट दिल्ली, शाहदरा, साउथ दिल्ली, साउथ ईस्ट दिल्ली, साउथ वेस्ट दिल्ली और वेस्ट दिल्ली में बारिश हो सकती है. इस दौरान करीब 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान है. दिल्ली में अधिकतम तापमान 34 डिग्री और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है. बारिश के दौरान कई इलाकों में ट्रैफिक धीमा होने और जलभराव की समस्या बढ़ने की आशंका रहेगी.
यूपी में तेज बारिश के साथ 65 KM तक पहुंच सकती है हवा
उत्तर प्रदेश में भी मौसम का मिजाज बिगड़ने वाला है. 26 अगस्त को कई जिलों में भारी बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट है. अम्बेडकर नगर, अमेठी, अयोध्या, आजमगढ़, बागपत, बलिया, बांदा, बस्ती, चंदौली, चित्रकूट, देवरिया, गाजीपुर, गोंडा, गोरखपुर, हमीरपुर, जौनपुर, झांसी, कुशीनगर, महोबा, मऊ, मेरठ, मुजफ्फरनगर, प्रतापगढ़, संत कबीर नगर, शामली, सुल्तानपुर और वाराणसी में बारिश हो सकती है. कुछ स्थानों पर 60 से 65 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने की संभावना है. लखनऊ में अधिकतम तापमान करीब 31 डिग्री और न्यूनतम 27 डिग्री सेल्सियस रह सकता है. बारिश के दौरान निचले इलाकों में जलभराव बढ़ सकता है.
बिहार में आंधी-बारिश का जोर, 80 KM की रफ्तार से चल सकती है हवा
बिहार में मौसम का असर और ज्यादा तेज नजर आ सकता है. पूर्णिया, जहानाबाद, दरभंगा, भागलपुर, वैशाली, लखीसराय, मधुबनी, किशनगंज, बेगूसराय, सिवान और बक्सर में बारिश के साथ आंधी का अलर्ट जारी किया गया है. यहां हवा की रफ्तार 80 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. ऐसे में खुले में खड़े लोगों को खास सावधानी बरतने की जरूरत होगी. पेड़ों और बिजली के तारों से दूरी बनाना जरूरी है. पटना में 26 अगस्त को अधिकतम तापमान 32 डिग्री और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. तेज हवा के साथ बारिश होने पर स्थानीय स्तर पर यातायात भी प्रभावित हो सकता है.
झारखंड में लो-प्रेशर से बढ़ी बारिश की संभावना
झारखंड और आसपास के क्षेत्र में बना लो-प्रेशर इस पूरे मौसम बदलाव का सबसे अहम कारण है. यह सिस्टम पहले गंगा के मैदानी इलाकों और उत्तरी ओडिशा के आसपास सक्रिय था. अब इसके झारखंड की ओर बढ़ने से राज्य में बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं. इसके प्रभाव से पूर्वी उत्तर प्रदेश, पूर्वी मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में भी भारी बारिश की संभावना बनी है. मौसम सिस्टम पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ सकता है. झारखंड में लगातार बारिश वाले इलाकों में निचले क्षेत्रों में पानी भरने और स्थानीय स्तर पर आवाजाही प्रभावित होने की स्थिति बन सकती है.
केरल में भी भारी बारिश ने चिंता बढ़ा दी है. (PTI)
राजस्थान में बारिश के साथ तूफानी हवाओं का अलर्ट
राजस्थान में भी मानसून का असर कमजोर पड़ता नहीं दिख रहा है. चुरू, पाली, बारां, राजसमंद, उदयपुर, बीकानेर, जयपुर, श्रीगंगानगर, करौली, डीग, झालावाड़, चित्तौड़गढ़, बालोतरा, कोटा, हनुमानगढ़ और भरतपुर में बारिश के साथ तूफान की संभावना है. कुछ जिलों में हवा की रफ्तार 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. जयपुर में अधिकतम तापमान करीब 34 डिग्री और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. तेज हवाओं के दौरान खुले मैदानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने की जरूरत होगी. ग्रामीण इलाकों में भी मौसम की अचानक बदलती स्थिति पर नजर रखना जरूरी होगा.
मध्य प्रदेश में भारी बारिश से बढ़ सकती है परेशानी
मध्य प्रदेश के कई जिलों में 26 अगस्त को भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी है. छतरपुर, दतिया, ग्वालियर, निवाड़ी, पन्ना, रीवा, सतना, सीधी, सिंगरौली और टीकमगढ़ में बारिश का असर ज्यादा रहने की संभावना है. इन इलाकों में 50 से 55 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं भी चल सकती हैं. भोपाल में अधिकतम तापमान करीब 28 डिग्री और न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस रह सकता है. भारी बारिश के कारण निचले इलाकों में जलभराव और स्थानीय नदियों-नालों का जलस्तर बढ़ने जैसी स्थिति बन सकती है. लोगों को तेज बारिश के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी जाती है.
उत्तराखंड-हिमाचल में पहाड़ों पर बारिश का जोर, हवाओं का भी अलर्ट
उत्तराखंड में बागेश्वर, चंपावत, देहरादून, पिथौरागढ़, ऋषिकेश, हरिद्वार और टिहरी गढ़वाल में भारी बारिश की चेतावनी है. यहां हवा की रफ्तार 55 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. पहाड़ी क्षेत्रों में बारिश के दौरान भूस्खलन और सड़क पर मलबा आने का खतरा बढ़ जाता है.
दूसरी तरफ हिमाचल प्रदेश में सोलन, कांगड़ा, ऊना, लाहौल-स्पीति, मंडी, कुल्लू और बिलासपुर समेत कई इलाकों में तेज बारिश की आशंका है. यहां 55 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं. शिमला में अधिकतम तापमान करीब 26 डिग्री और न्यूनतम 19 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. पहाड़ों पर सफर करने वालों को मौसम और सड़क की स्थिति की जानकारी लेकर ही निकलना चाहिए.
केरल में भारी बारिश से भूस्खलन का खतरा, 11 जिलों में येलो अलर्ट
केरल में भी भारी बारिश ने चिंता बढ़ा दी है. उत्तरी कन्नूर जिले के कुछ हिस्सों में बारिश के कारण भूस्खलन हुआ है. इलायवूर में राष्ट्रीय राजमार्ग निर्माण स्थल पर सुरक्षा दीवार गिरने के बाद स्थिति बिगड़ी. यातायात भी प्रभावित हुआ है. जिला प्रशासन ने प्रभावित इलाकों में गैर-जरूरी आवाजाही से बचने की सलाह दी है. IMD ने केरल के कई जिलों में भारी बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है. पठानमथिट्टा, अलप्पुझा, कोट्टायम, इडुक्की, एर्नाकुलम, त्रिशूर, मलप्पुरम, कोझिकोड, वायनाड, कन्नूर और कासरगोड में बारिश का असर देखने को मिला है. 26 अगस्त के लिए पठानमथिट्टा, कोट्टायम, इडुक्की और एर्नाकुलम में भी येलो अलर्ट है. भारी बारिश वाले पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन के खतरे को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने को कहा है.



