Husband Wife Fight: टूथब्रश देखकर पकड़ ली बेवफा पत्नी, कोर्ट में खूब हुई मौज, फिर पति को ही क्यों जाना पड़ा जेल?

एक कपल ने कोरोना काल में शादी रचाई थी. दोनों हंसी-खुशी जिंदगी बिता रहे थे लेकिन एक दिन अचानक मामूली से ‘टूथब्रश’ ने पत्नी की बेवफाई की पोल खोल दी. ये कपल इतना अमीर था कि उनके पास एक हॉलिडे होम भी थी और यहीं बेवफाई का सारा खेल चलता था. पति ने अपनी पत्नी की बेवफाई रोबोट वैक्यूम क्लीनर के जरिए लाइव रिकॉर्ड कर ली. इसके बाद जबरदस्त कोर्टरूम ड्रामा हुआ, इस दौरान बेवफाई के शिकार शख्स को जमकर पैसे मिले लेकिन फिर कुछ ऐसा ट्विस्ट आया कि बेचारे पति को ही जेल जाना पड़ा.
बेवफा बीवी के खिलाफ जुटाए सबूत
ये अनोखा मामला ताइवान से आया है. एक पति ने अपनी पत्नी की बेवफाई का सबूत जुटाने के लिए घर में रखे स्मार्ट रोबोट वैक्यूम क्लीनर को जासूस बना डाला. मोबाइल ऐप से रोबोट का कैमरा चालू करके उसने अपनी पत्नी को दूसरे मर्द के साथ रंगे हाथों पकड़ लिया. पति इस वीडियो सबूत को लेकर अदालत पहुंचा और शादी का अधिकार टूटने का मुकदमा जीत भी गया. कोर्ट ने पत्नी और उसके प्रेमी पर भारी जुर्माना भी लगाया. लेकिन असली ट्विस्ट इसके बाद आया. पति अपनी जीत का जश्न मना पाता, इससे पहले ही पत्नी ने उस पर प्राइवेसी के हनन का केस कर दिया. नतीजा ये हुआ कि बेवफाई का शिकार हुआ पति सिविल केस जीतने के बाद भी खुद 5 महीने की जेल की सलाखों के पीछे पहुंच गया.
शक की शुरुआत: एक पुराना टूथब्रश और कार पार्किंग का सीसीटीवी
ये पूरी कहानी साल 2021 से शुरू होती है. ताइवान के रहने वाले इस जोड़े की शादी साल 2021 में हुई थी. ये जोड़ा आम तौर पर अपने माता-पिता के साथ ही रहता था. उनका एक छुट्टियों वाला अलग घर यानी हॉलिडे होम भी था. वे दोनों सिर्फ छुट्टियों या वीकेंड के दौरान ही अपने उस हॉलिडे होम में रहने जाते थे.
सब कुछ ठीक चल रहा था, लेकिन सितंबर 2023 में अचानक इस कहानी में एक नया मोड़ आया. पति जब अपने हॉलिडे होम गया, तो वहां उसे एक इस्तेमाल किया हुआ टूथब्रश मिला. उस टूथब्रश को देखकर पति के मन में शक का बीज अंकुरित हो गया. उसे लगा कि उसकी गैरमौजूदगी में घर पर कोई न कोई जरूर आया था.
अपने शक को दूर करने के लिए पति ने पार्किंग गैरेज की सीसीटीवी फुटेज खंगालनी शुरू कर दी. फुटेज देखते ही उसके होश उड़ गए. उसने देखा कि एक अनजान शख्स उसकी पत्नी को कार से घर छोड़ने आया था. इसके बाद पति का शक यकीन में बदलने लगा और उसने पत्नी पर नजर रखनी शुरू कर दी.
रोबोट वैक्यूम क्लीनर बना ‘जासूस’: ऐसे पकड़ा रंगे हाथ
टूथब्रश मिलने के करीब तीन महीने बाद यानी दिसंबर 2023 में एक दिन पति ने बड़ा कदम उठाया. वो घर पर मौजूद नहीं था. उसने अपने मोबाइल फोन के ऐप के जरिए घर में रखे रोबोट वैक्यूम क्लीनर को चालू कर दिया. पति की शुरुआती योजना सिर्फ रोबोट के इन-बिल्ट ऑडियो फीचर का इस्तेमाल करके अपनी पत्नी से बात करने की थी. लेकिन जैसे ही मोबाइल स्क्रीन पर रोबोट का लाइव कैमरा वीडियो चालू हुआ, पति के सामने जो नजारा आया, उसने उसे सन्न कर दिया.
लाइव वीडियो फीड में उसकी पत्नी किसी दूसरे मर्द के साथ बहुत ही करीब दिख रही थी. पति ने तुरंत समझ लिया कि उसका शक बिल्कुल सही था. कानूनी कार्रवाई के लिए सबूत जुटाने की नीयत से उसने तुरंत रोबोट के कैमरे से रिकॉर्डिंग करना शुरू कर दिया.
उस रिकॉर्डिंग में पत्नी अपने कपड़े बदलते हुए, अपने प्रेमी को गले लगाते हुए और बिना कपड़ों के घर में घूमते हुए साफ दिखाई दे रही थी. वहीं उसका प्रेमी सोफे पर आराम से लेटा हुआ था. पति ने इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो अपने फोन में सुरक्षित सेव कर लिया.
कोर्ट में मिली जीत: 5 लाख ताइवानी डॉलर का मुआवजा
ठोस वीडियो सबूत हाथ में आने के बाद पति सीधे अदालत पहुंच गया. उसने अपनी पत्नी और उसके प्रेमी के खिलाफ वैवाहिक अधिकारों के उल्लंघन का सिविल मुकदमा ठोक दिया. पति ने कोर्ट से मांग की कि उसकी शादीशुदा जिंदगी को बर्बाद करने के बदले दोनों से लगभग 52 लाख भारतीय रुपए का हर्जाना दिलवाया जाए.
अदालत में जब रोबोट वैक्यूम क्लीनर द्वारा रिकॉर्ड किया गया वीडियो पेश किया गया, तो मामले की तस्वीर बिल्कुल साफ हो गई. जज ने माना कि पत्नी और उसके प्रेमी के बीच का रिश्ता सामान्य दोस्ती की सीमाओं को पार कर चुका था.
कोर्ट ने पति के पक्ष में फैसला सुनाया. अदालत ने पत्नी और उसके प्रेमी को आदेश दिया कि वे पति को मुआवजे के रूप में लगभग 13 लाख भारतीय रुपए का भुगतान करें. पति के लिए ये एक बड़ी कानूनी जीत थी, लेकिन उसे अंदाजा भी नहीं था कि आगे क्या होने वाला है.
जीत के बाद मिला बड़ा झटका: पत्नी ने दर्ज कराया प्राइवेसी का केस
सिविल कोर्ट में केस हारने के तुरंत बाद पत्नी ने एक नया दांव चला. उसने अपने पति के खिलाफ आपराधिक अदालत में काउंटर केस दर्ज करा दिया. पत्नी ने आरोप लगाया कि पति ने उसकी मर्जी और इजाजत के बिना उसके निजी पलों की गुप्त रिकॉर्डिंग की है, जो कि उसकी प्राइवेसी का सीधा उल्लंघन है.
पति ने अदालत में अपना बचाव करते हुए कहा कि इस वीडियो को पहले ही सिविल कोर्ट में सबूत के तौर पर स्वीकार किया जा चुका है. उसने तर्क दिया कि अपनी पत्नी का अफेयर पकड़ने के लिए उसने जो भी किया, वो कानूनन और नैतिक रूप से बिल्कुल सही था.
लेकिन आपराधिक अदालत ने पति की इस दलील को पूरी तरह से खारिज कर दिया. जज ने साफ कहा कि भले ही दो लोग शादी के रिश्ते में बंधे हों, लेकिन शादी की शर्तें किसी भी इंसान के प्राइवेसी के बुनियादी अधिकार से ऊपर नहीं हो सकती हैं. कोर्ट ने माना कि पति ने ये रिकॉर्डिंग जानबूझकर और चुपके से की थी. अदालत ने पति को बिना अनुमति के निजी वीडियो रिकॉर्ड करने का दोषी पाया. कोर्ट ने उसे 5 महीने जेल की सजा सुनाई. साथ ही उस पर लगभग 3.9 लाख भारतीय रुपए का जुर्माना भी लगा दिया.
ताइवान का कड़ा कानून: बिना इजाजत रिकॉर्डिंग पर भारी सजा
ताइवान के कानून के मुताबिक किसी भी व्यक्ति की निजी गतिविधियों, गुप्त बातों या अंतरंग तस्वीरों को बिना उसकी मर्जी के रिकॉर्ड करना या वायरल करना एक गंभीर अपराध है. ताइवानी कानून के तहत इस तरह के अपराध के लिए 3 साल तक की जेल की सजा और 3 लाख ताइवानी डॉलर तक के जुर्माने का कड़ा प्रावधान है. इसी कानून की वजह से धोखे का शिकार हुआ पति सिविल केस जीतकर हर्जाना पाने के बावजूद खुद अपराधी बन गया. उसे कानून अपने हाथ में लेने और प्राइवेसी तोड़ने के जुर्म में जेल जाना पड़ा.
सोशल मीडिया पर मचा बवाल: लोग बोले- ‘पति हर तरफ से हार गया’
ये अजीबोगरीब मामला जैसे ही सोशल मीडिया और लोकल मीडिया की सुर्खियों में आया, लोगों के बीच बहस छिड़ गई. बहुत से लोग पति के साथ हमदर्दी जता रहे हैं, तो कुछ लोग कानून का पालन करने की सलाह दे रहे हैं. इंटरनेट पर एक यूजर ने कमेंट करते हुए लिखा कि पति हर लिहाज से इस घटना का पीड़ित है. उसने पहले अपनी शादी गंवाई और अब अपनी आजादी भी गंवा दी.
वहीं दूसरे यूजर ने लिखा कि पत्नी की बेवफाई साबित करना भले ही मुश्किल काम है, लेकिन इसके लिए कानूनी रास्ते भी मौजूद हैं. व्हाट्सएप चैट, होटल के बिल और पैसों के लेन-देन से भी अफेयर साबित किया जा सकता है. इंसाफ मांगने के लिए भी कानून की हदों में रहना जरूरी है.



