टेस्ट में एक टीम के खिलाफ सबसे ज्यादा शतक जड़ने वाले 5 बल्लेबाज, 78 से अटूट है विश्व कीर्तिमान

होमखेलक्रिकेट
टेस्ट में एक टीम के खिलाफ सबसे ज्यादा शतक जड़ने वाले 5 बल्लेबाज
Last Updated:October 06, 2026, 17:01 IST
5 batsman Most hundred against one test team: क्रिकेट इतिहास में कुछ खिलाड़ियों ने चुनिंदा टीमों के खिलाफ रनों का ऐसा अंबार लगाया है जिसे देखकर आज के बल्लेबाज भी हैरान रह जाते हैं. टेस्ट क्रिकेट में किसी एक टीम के खिलाफ सबसे ज्यादा शतक जड़ने वाले 5 दिग्गजों की इस लिस्ट में सर डॉन ब्रैडमैन, सुनील गावस्कर, जो रूट, स्टीव स्मिथ और जैक हॉब्स जैसे महान नाम शामिल हैं. इन खिलाड़ियों ने अपनी असाधारण तकनीक और मानसिक दृढ़ता के दम पर दुनिया के सबसे खतरनाक गेंदबाजी आक्रमण के सामने ढेरों रन बनाए हैं.टेस्ट में एक टीम के खिलाफ सबसे ज्यादा शतक जड़ने वाले 5 बल्लेबाज.
नई दिल्ली. क्रिकेट के मैदान पर कुछ मुकाबलों की प्रतिद्वंदिता समय की सीमाओं से परे होती है. एशेज की ऐतिहासिक जंग हो या फिर भारत और वेस्टइंडीज या भारत और इंग्लैंड के बीच की कड़े संघर्ष वाली सीरीज, कुछ खिलाड़ियों ने चुनिंदा टीमों के खिलाफ रनों का ऐसा अंबार लगाया है जिसे देखकर आज के दौर के बल्लेबाज भी हैरान रह जाते हैं. टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में किसी एक टीम के खिलाफ सबसे ज्यादा शतक जड़ने वाले टॉप 5 बल्लेबाजों के बारे में जानते हैं, जिन्हें इन टीमों के खिलाफ बैटिंग करना खूब रास आता है.
इस लिस्ट में सबसे ऊपर नाम आता है ऑस्ट्रेलिया के महान बल्लेबाज सर डॉन ब्रैडमैन (Donald Bradman) का. ब्रैडमैन ने साल 1928 से 1948 के बीच इंग्लैंड के खिलाफ अपने टेस्ट करियर का सबसे शानदार प्रदर्शन किया. उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ 37 मैचों की 63 पारियों में 7 बार नाबाद रहते हुए 5028 रन बनाए. इस दौरान उनका औसत 89.78 रहा और उनका सर्वोच्च स्कोर 334 रन रहा. ब्रैडमैन ने इंग्लैंड के गेंदबाजों पर पूरी तरह से अपना शिकंजा कसते हुए 19 शतक और 12 अर्धशतक जड़े. इस महान बल्लेबाज को रोकने के लिए अंग्रेजी गेंदबाजों को एड़ी-चोटी का जोर लगाना पड़ता था.
सुनील गावस्कर का वेस्टइंडीज के खिलाफ शानदार प्रदर्शनदिग्गज बल्लेबाज सुनील गावस्कर (Sunil Gavaskar) का नाम भी इस विशेष लिस्ट में शान से शामिल है. गावस्कर ने साल 1971 से 1983 के बीच वेस्टइंडीज की खतरनाक और खूंखार तेज गेंदबाजी आक्रमण के सामने दीवार बनकर खड़े होने का हुनर दिखाया. उन्होंने वेस्टइंडीज के खिलाफ 27 मैचों की 48 पारियों में 6 बार नाबाद रहते हुए 2749 रन बनाए. उनका औसत 65.45 का रहा और उनका सर्वोच्च स्कोर नाबाद 236 रन रहा. कैरेबियन धरती और घरेलू मैदानों पर वेस्टइंडीज के पेस बैटरी के खिलाफ गावस्कर ने 13 शतक और 7 अर्धशतक लगाकर यह साबित कर दिया कि तकनीकी रूप से मजबूत बल्लेबाज किसी भी परिस्थिति में सफल हो सकता है.
जो रूट का भारतीय टीम के खिलाफ जलवा
मॉडर्न युग के महान बल्लेबाजों में गिने जाने वाले इंग्लैंड के जो रूट (Joe Root) का जलवा आज भी कायम है. रूट ने साल 2012 से 2025 के बीच भारत के खिलाफ टेस्ट क्रिकेट में रनों का पहाड़ खड़ा किया है. उन्होंने भारत के विरुद्ध 35 मैचों की 64 पारियों में 7 बार नाबाद रहते हुए 3383 रन बनाए हैं. भारतीय पिचों और परिस्थितियों में स्पिनर्स और पेसर्स दोनों का डटकर मुकाबला करने वाले रूट का औसत 59.35 और सर्वोच्च स्कोर 218 रन रहा है. भारत के खिलाफ उन्होंने अब तक 13 शतक और 12 अर्धशतक जमाए हैं.
स्टीव स्मिथ की एशेज सीरीज में धमाकेदार बल्लेबाजीऑस्ट्रेलिया के स्टार बल्लेबाज स्टीव स्मिथ (Steve Smith) का बल्ला भी पारंपरिक रूप से इंग्लैंड के खिलाफ जमकर बोला है. साल 2010 से 2026 के बीच स्मिथ ने एशेज सीरीज में इंग्लैंड के गेंदबाजों के होश उड़ाए हैं. उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ 41 मैचों की 74 पारियों में 8 बार नाबाद रहते हुए 3703 रन बनाए हैं. उनका औसत 56.10 का रहा है और उनका सर्वोच्च स्कोर 239 रन है. इंग्लैंड की मुश्किल परिस्थितियों और दबाव वाले माहौल में खेलते हुए स्मिथ ने 13 शतक और 14 अर्धशतक अपने नाम किए हैं.
जैक हॉब्स का ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ ऐतिहासिक रिकॉर्डइंग्लैंड के शुरुआती दौर के महान बल्लेबाज जैक हॉब्स (Jack Hobbs) ने भी इस फेहरिस्त में अपनी खास जगह बनाई है. हॉब्स ने साल 1908 से 1930 के लंबे अंतराल के दौरान ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ क्रिकेट खेली. उन्होंने कंगारू टीम के खिलाफ 41 मैचों की 71 पारियों में 4 बार नाबाद रहते हुए 3636 रन बनाए. उनका औसत 54.26 का रहा और उन्होंने 187 रन का अपना सर्वोच्च स्कोर बनाया. ऑस्ट्रेलिया के मजबूत गेंदबाजी आक्रमण के सामने हॉब्स ने 12 शतक और 15 अर्धशतक जड़े.
About the AuthorKamlesh Raiचीफ सब एडिटर
कमलेश कुमार राय नेटवर्क18 ग्रुप में बतौर चीफ सब एडिटर जिम्मेदारी संभाल रहे हैं. वह बीते 15 सालों से खेल पत्रकारिता की पिच पर डटे हुए हैं. हिंदी स्पोर्ट्स सेक्शन में वह खेल कंटेंट की गहरी समझ, सटीक विश्लेषण और ब…
और पढ़ेंLocation :
New Delhi,New Delhi,Delhi
First Published :
October 06, 2026, 17:01 IST



