Agriculture News I karauli news I किसानों के लिए ‘कटाई एक्सप्रेस’ बनी रिपर मशीन, 30 मिनट में एक बीघा फसल

होमफोटोकृषि
मजदूर नहीं मिले तो टेंशन खत्म! आधे घंटे में एक बीघा फसल काट देगी रिपर मशीन
Last Updated:August 19, 2026, 14:17 IST
Reaper Machine: मजदूरों की कमी और बढ़ती मजदूरी के बीच ट्रैक्टरचलित रिपर मशीन किसानों के लिए बड़ी राहत बन रही है. गेहूं और बाजरे की कटाई करने वाली यह मशीन करीब 30 मिनट में एक बीघा फसल काटने का दावा किया जा रहा है. करौली में मशीन से कटाई का किराया करीब 1,200 रुपये प्रति बीघा बताया गया है, जबकि किसानों को इसकी खरीद पर 50 से 60 प्रतिशत तक सरकारी अनुदान भी मिल सकता है.
खेत में फसल पककर तैयार हो जाए और कटाई के समय मजदूर न मिलें, तो किसान के सामने बड़ी परेशानी खड़ी हो जाती है. खासकर गेहूं और बाजरे जैसी फसलों की कटाई के दौरान यह समस्या पूर्वी राजस्थान के किसानों के सामने अक्सर आती है. ऐसे में ट्रैक्टर से चलने वाली रिपर मशीन किसानों के लिए समय और मेहनत दोनों बचाने का विकल्प बन रही है.
दावा है कि जहां मजदूरों की टीम को एक बीघा फसल काटने में पूरा दिन लग सकता है, वहीं यह मशीन करीब 30 मिनट में एक बीघा फसल की कटाई कर देती है. करौली जिले में बड़ी संख्या में किसान आज भी गेहूं और बाजरे की खेती पर निर्भर हैं. फसल तैयार होने के बाद सबसे बड़ी चुनौती उसकी समय पर कटाई की होती है. मजदूरों की कमी और बढ़ती मजदूरी के कारण कई बार किसानों को परेशानी उठानी पड़ती है. ऐसे में रिपर मशीन खेत में पहुंचकर कम समय में कटाई का काम पूरा कर देती है.
इस मशीन को किसानों के लिए और आकर्षक बनाने वाली बात इसका सरकारी अनुदान है. कृषि अधिकारी विजय सिंह मीणा अनुसार, ट्रैक्टरचलित रिपर मशीन की खरीद पर कृषि विभाग की ओर से 50 से 60 प्रतिशत तक अनुदान दिया जाता है. मशीन की कीमत करीब 80 हजार से एक लाख रुपये के आसपास बताई गई है. हालांकि वास्तविक कीमत और अनुदान किसान की पात्रता व लागू योजना के नियमों के अनुसार अलग-अलग हो सकते हैं.
Add as Preferred Source on Google
रिपर मशीन से कई वर्षों से करौली में बाजरे की कटाई करने वाले किसान सुरेंद्र चौधरी के अनुसार, यह मशीन गेहूं और बाजरे की फसल काटने के लिए काफी उपयोगी है. इसकी खासियत यह है कि यह फसल को जमीन के काफी करीब से काटती है. कटाई के बाद फसल को व्यवस्थित तरीके से एक जगह जमा करने में भी मदद मिलती है. उनका कहना है कि मशीन चलने के दौरान किसान को मजदूरों की बड़ी टीम लगाने की जरूरत नहीं पड़ती. इससे कम समय में खेत की कटाई पूरी की जा सकती है.
मशीन संचालकों के मुताबिक, एक बीघा फसल की कटाई में जहां करीब पांच मजदूरों को पूरा दिन लग सकता है, वहीं रिपर मशीन से यही काम लगभग आधे घंटे में पूरा हो जाता है. मशीन से कटाई का किराया करीब 1,200 रुपये प्रति बीघा बताया गया है. वहीं, मजदूरों से कटाई कराने पर किसान को मजदूरी के साथ-साथ समय और श्रम का भी खर्च उठाना पड़ता है. ऐसे में बड़े खेतों वाले किसानों के लिए मशीन से कटाई समय बचाने का व्बड़ा विकल्प बन रही है.
जिन किसानों के सामने कटाई के समय मजदूरों की कमी सबसे बड़ी समस्या बनती है, उनके लिए यह रिपर मशीन कम समय में कटाई पूरी करने वाला उपयोगी कृषि उपकरण साबित हो सकती है. रिपर मशीन की सबसे बड़ी खासियत कम समय में कटाई करना है. फसल पकने के बाद मौसम खराब होने या खेत में अधिक समय तक फसल खड़ी रहने का जोखिम भी कम किया जा सकता है.
First Published :
August 19, 2026, 14:17 IST



