Arvind Kejriwal News: ‘BJP जॉइन करो या जेल जाओ’, संजीव अरोड़ा की रेड पर बरसे केजरीवाल, शुभेंदु अधिकारी का दिया हवाला

Last Updated:May 09, 2026, 13:35 IST
Arvind Kejriwal: पंजाब के कैबिनेट मंत्री संजीव अरोड़ा के घर ईडी की रेड के बाद राजनीति गरमा गई है. आम आदमी पार्टी (AAP) के प्रमुख अरविंद केजरीवाल ने बीजेपी पर एजेंसियों के दुरुपयोग का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि ‘बीजेपी जॉइन करो या जेल जाओ’ अब केंद्र की राजनीति बन चुकी है. केजरीवाल ने पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी का उदाहरण देते हुए सवाल उठाया कि बीजेपी में शामिल होने के बाद नेताओं पर कार्रवाई क्यों रुक जाती है. उन्होंने पंजाब को निशाना बनाए जाने का भी आरोप लगाया.
ख़बरें फटाफट

संजय अरोड़ा के घर ईडी रेड पर अरविंद केजरीवाल ने बीजेपी पर बड़ा हमला बोला. (फाइल फोटो)
नई दिल्ली: पंजाब सरकार के कैबिनेट मंत्री संजीव अरोड़ा के घर ईडी की रेड ने देश की राजनीति को फिर गर्म कर दिया है. आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने इस कार्रवाई को लेकर केंद्र सरकार और बीजेपी पर तीखा हमला बोला. उन्होंने आरोप लगाया कि अब ED और CBI जैसी एजेंसियां भ्रष्टाचार रोकने के लिए नहीं, बल्कि विपक्षी नेताओं को डराने और दूसरी पार्टियों को तोड़ने के लिए इस्तेमाल की जा रही हैं. केजरीवाल ने सीधे कहा कि बीजेपी जॉइन करो या जेल जाओ अब केंद्र की नई राजनीति बन चुकी है. उन्होंने दावा किया कि संजीव अरोड़ा के यहां पहले भी तीन दिन तक रेड चली थी, लेकिन कुछ नहीं मिला. इसके बावजूद दोबारा कार्रवाई होना सवाल खड़े करता है. केजरीवाल ने बीजेपी पर राजनीतिक बदले की कार्रवाई का आरोप लगाया और कहा कि जो नेता बीजेपी में शामिल हो जाते हैं, उनके खिलाफ जांच धीमी पड़ जाती है या खत्म हो जाती है.
केजरीवाल ने पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी का उदाहरण देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमित शाह कभी उन पर गंभीर भ्रष्टाचार के आरोप लगाते थे, लेकिन आज वही नेता बीजेपी में शामिल होकर मुख्यमंत्री बन गए. उन्होंने कहा कि अगर संजीव अरोड़ा भी बीजेपी जॉइन कर लेते तो शायद उनके घर रेड नहीं होती. प्रेस कॉन्फ्रेंस में केजरीवाल ने पंजाब को निशाना बनाए जाने का आरोप भी लगाया. उन्होंने कहा कि पंजाब गुरुओं की धरती है और यहां के लोगों को डराकर झुकाया नहीं जा सकता. उन्होंने केंद्र सरकार की तुलना औरंगजेब से करते हुए कहा कि जैसे इतिहास में अत्याचार के खिलाफ पंजाब खड़ा हुआ था, वैसे ही अब भी लोग अन्याय के खिलाफ आवाज उठाएंगे.
ईडी रेड पर सियासी संग्राम तेज
संजीव अरोड़ा के चंडीगढ़ स्थित सरकारी आवास समेत कई ठिकानों पर ईडी की कार्रवाई के बाद पंजाब और दिल्ली की राजनीति में हलचल तेज हो गई है. ईडी की टीमें सुबह से ही सर्च ऑपरेशन में जुटी रहीं. बताया गया कि यह कार्रवाई पीएमएलए यानी मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट के तहत की जा रही है. हालांकि आम आदमी पार्टी लगातार इसे राजनीतिक प्रतिशोध बता रही है. पार्टी नेताओं का कहना है कि बीजेपी एजेंसियों के जरिए विपक्ष को कमजोर करने की कोशिश कर रही है.
केजरीवाल ने आरोप लगाया कि पिछले कुछ वर्षों में पंजाब को लगातार निशाना बनाया गया है. उन्होंने कहा कि किसानों के मुद्दे पर केंद्र सरकार को झुकना पड़ा, लेकिन अब एजेंसियों के जरिए दबाव बनाया जा रहा है. उन्होंने यह भी दावा किया कि पंजाब के विकास से जुड़े हजारों करोड़ रुपये रोके गए और अब राजनीतिक नेताओं पर दबाव बनाने की रणनीति अपनाई जा रही है.
शुभेंदु अधिकारी का नाम लेकर साधा निशाना
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान अरविंद केजरीवाल ने पश्चिम बंगाल के नए मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी का जिक्र कर बीजेपी पर बड़ा हमला बोला. उन्होंने कहा कि कभी बीजेपी के बड़े नेता शुभेंदु अधिकारी पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाते थे, लेकिन अब वही नेता बीजेपी का चेहरा बन चुके हैं. केजरीवाल ने सवाल उठाया कि अगर उन आरोपों में सच्चाई थी तो जांच एजेंसियां अब चुप क्यों हैं.
उन्होंने कहा कि दूसरी तरफ विपक्षी नेताओं पर लगातार दबाव बनाया जा रहा है. मनीष सिसोदिया, संजय सिंह और कई अन्य नेताओं के मामलों का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि एजेंसियों का इस्तेमाल अब राजनीतिक हथियार की तरह हो रहा है. उनके बयान के बाद बीजेपी और आम आदमी पार्टी के बीच आरोप-प्रत्यारोप और तेज हो गए हैं.
पंजाब की राजनीति में बढ़ेगा तनाव?
संजीव अरोड़ा पर हुई कार्रवाई के बाद पंजाब की राजनीति में तनाव बढ़ने के संकेत मिल रहे हैं. आम आदमी पार्टी इसे केंद्र बनाम पंजाब की लड़ाई के रूप में पेश कर रही है. वहीं बीजेपी का कहना है कि जांच एजेंसियां अपना काम कानून के तहत कर रही हैं और किसी भी भ्रष्टाचार मामले में कार्रवाई होना स्वाभाविक है.
राजनीतिक जानकार मानते हैं कि आने वाले दिनों में यह मुद्दा पंजाब की राजनीति में बड़ा चुनावी नैरेटिव बन सकता है. खासकर तब, जब आम आदमी पार्टी लगातार केंद्र सरकार पर पंजाब को निशाना बनाने का आरोप लगा रही है. फिलहाल ईडी की जांच जारी है और एजेंसी की तरफ से आधिकारिक तौर पर बरामदगी या आगे की कार्रवाई को लेकर विस्तृत जानकारी साझा नहीं की गई है.
About the AuthorSumit KumarSenior Sub Editor
सुमित कुमार हिंदी में सीनियर सब एडिटर के तौर पर काम कर रहे हैं. वे पिछले 4 साल से यहां सेंट्रल डेस्क टीम से जुड़े हुए हैं. उनके पास जर्नलिज्म में मास्टर डिग्री है. हिंदी में काम करने से पहले, उन्ह…और पढ़ें
न्यूजलेटर
अब ईमेल पर इनसाइड स्टोरीज
खबरों के पीछे की खबर अब आपके इनबॉक्स में
सबमिट करें



