Bikaner News I खेत में मिले जिंदा बम को सेना ने किया डिफ्यूज I rajasthan news

Last Updated:July 07, 2026, 15:12 IST
बीकानेर के महाजन-शेरपुरा लिंक रोड पर खेत में मिले जिंदा बम को सेना के बम निरोधक दस्ते ने कड़ी सुरक्षा के बीच डिफ्यूज कर दिया. बम निष्क्रिय करने से पहले 800 मीटर क्षेत्र खाली कराया गया और लिंक रोड पर आवागमन रोक दिया. करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद सेना ने बम को सुरक्षित तरीके से नष्ट किया. तेज धमाके से पूरा महाजन क्षेत्र गूंज उठा, हालांकि किसी तरह के नुकसान की सूचना नहीं मिली.
बीकानेर. महाजन-शेरपुरा लिंक रोड पर स्थित एक खेत में करीब दस दिन पहले मिले जिंदा बम को सोमवार को सेना के बम निरोधक दस्ते ने कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच सफलतापूर्वक डिफ्यूज कर दिया. बम को निष्क्रिय करने के दौरान हुए तेज धमाके से पूरा महाजन क्षेत्र गूंज उठा. बम डिफ्यूज होने के बाद आसपास के ग्रामीणों और किसानों ने राहत की सांस ली.
महाजन पुलिस के अनुसार, कस्बे से करीब दो किलोमीटर दूर रामबाग-घेसुरा लिंक रोड पर कालूराम मेघवाल के खेत में जिंदा बम मिला था. सूचना मिलने के बाद पुलिस ने सुरक्षा के लिहाज से बम को खेत में ही सुरक्षित स्थान पर गड्ढा खोदकर रखवा दिया था. सोमवार को प्रशासन की अनुमति मिलने के बाद सेना के बम निरोधक दस्ते को बुलाया गया.
सुरक्षा के लिए खाली कराया क्षेत्र
सेना का बम निरोधक दस्ता महाजन पहुंचा और पुलिस के सहयोग से मौके पर कार्रवाई शुरू की. थाना एएसआई जंगदीश प्रसाद मीणा और पुलिस जवानों की मौजूदगी में पूरे क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था संभाली गई. एहतियात के तौर पर सेना ने घटनास्थल के आसपास करीब 800 मीटर क्षेत्र खाली करवा दिया. आसपास घूम रहे आवारा पशुओं को भी सुरक्षित दूरी पर भेज दिया. सेना के जवानों ने बम के चारों तरफ मिट्टी से भरे कट्टे लगाए और लाल झंडियों से क्षेत्र की पहचान की. पुलिस ने लिंक रोड को दोनों ओर से बंद कर वाहनों की आवाजाही रोक दी, ताकि किसी तरह की अप्रिय घटना न हो.
तेज धमाके के साथ निष्क्रिय हुआ बम
कड़ी सुरक्षा और सावधानी के बीच सेना के जवानों ने करीब तीन घंटे की मेहनत के बाद बम को डिफ्यूज कर दिया. बम निष्क्रिय होने के दौरान हुए तेज धमाके से महाजन और आसपास के गांवों में लोग सहम गए. हालांकि किसी तरह के नुकसान की सूचना नहीं मिली. महाजन क्षेत्र में बम या बम के खोल जैसी वस्तुएं मिलना कोई नई बात नहीं है. यहां स्थित फील्ड फायरिंग रेंज में देशभर से सेना के जवान अभ्यास के लिए पहुंचते हैं. अभ्यास के दौरान इस्तेमाल किए गए कुछ बम या उनके अवशेष कई बार क्षेत्र में रह जाते हैं, जो बाद में ग्रामीणों को मिलते हैं. भीषण गर्मी और तेज धूप के बावजूद सेना के जवानों और पुलिसकर्मियों ने सावधानीपूर्वक अभियान चलाकर बम को सुरक्षित तरीके से निष्क्रिय किया.
About the AuthorMonali Paul
नमस्ते मेरा नाम मोनाली है, पेशे से पत्रकार हूं, ख़बरें लिखने का काम है. लेकिन कैमरे पर समाचार पढ़ना बेहद पसंद है. 2016 में पत्रकारिता में मास्टर्स करने के बाद पांच साल कैमरे पर न्यूज़ पढ़ने के साथ डेस्क पर खबरे…और पढ़ें
न्यूजलेटर
अब ईमेल पर इनसाइड स्टोरीज
खबरों के पीछे की खबर अब आपके इनबॉक्स में
सबमिट करें
Location :
Bikaner,Rajasthan



