बॉबी देओल का को-स्टार, कृति सेनन संग भी कर चुका काम,दोस्त की मां की सलाह ने बना दिया स्टार

Last Updated:August 05, 2026, 04:01 IST
आज वत्सल सेठ टीवी और बॉलीवुड का जाना-पहचाना नाम हैं, लेकिन बहुत कम लोग जानते हैं कि उन्होंने कभी अभिनय को अपना करियर बनाने के बारे में सोचा ही नहीं था. किस्मत ने ऐसा मोड़ लिया कि वह कैमरे के सामने पहुंचे और फिर पीछे मुड़कर नहीं देखा.
नई दिल्ली. अभिनेता वत्सल सेठ आज टीवी और बॉलीवुड का जाना-पहचाना नाम हैं. लेकिन बहुत कम लोग जानते हैं कि वह कभी अभिनेता नहीं, बल्कि सॉफ्टवेयर इंजीनियर बनना चाहते थे. उनकी जिंदगी ने ऐसा मोड़ लिया कि आज वह छोटे और बड़े पर्दे पर अपनी अलग पहचान बना चुके हैं.
वत्सल सेठ का जन्म 5 अगस्त 1980 को मुंबई के एक गुजराती परिवार में हुआ था. शुरुआती पढ़ाई मुंबई में ही हुई. इसके बाद उन्होंने मिथिबाई कॉलेज से गणित में ग्रेजुएशन किया. पढ़ाई के दौरान उनकी दिलचस्पी कंप्यूटर और प्रोग्रामिंग में थी. उनका सपना सॉफ्टवेयर इंजीनियर बनने का था. उस समय उन्होंने कभी नहीं सोचा था कि एक दिन अभिनय ही उनका करियर बन जाएगा.
उनकी जिंदगी का सबसे बड़ा मोड़ तब आया, जब उनके एक दोस्त की मां ने उन्हें एक्टिंग ऑडिशन देने की सलाह दी. वत्सल सिर्फ किस्मत आजमाने के लिए ऑडिशन देने पहुंचे थे. लेकिन यहीं उनकी जिंदगी बदल गई. उन्हें सोनी टीवी के मशहूर शो ‘जस्ट मोहब्बत’ में जय का किरदार मिल गया. साल 1996 में शुरू हुए इस शो ने उन्हें घर-घर पहचान दिला दी. दर्शकों का प्यार मिलने के बाद उन्होंने सॉफ्टवेयर इंजीनियर बनने का सपना छोड़कर अभिनय को ही अपना करियर बना लिया.
Add as Preferred Source on Google
करीब चार साल तक टीवी पर काम करने के बाद वत्सल ने फिल्मों की ओर कदम बढ़ाया. साल 2004 में उनकी पहली फिल्म ‘टार्जन. द वंडर कार’ रिलीज हुई. इसमें उन्होंने राज चौधरी का लीड रोल निभाया. फिल्म में अजय देवगन उनके पिता के किरदार में थे, जबकि आयशा टाकिया उनकी को-स्टार थीं. फिल्म को अच्छी सफलता मिली और वत्सल के काम की भी तारीफ हुई.
इसके बाद उन्होंने ‘नन्हें जैसलमेर’, ‘हीरोज’, ‘पेइंग गेस्ट’, ‘होस्टल’, ‘जय हो’, ‘मलंग’ और ‘आदिपुरुष’ जैसी फिल्मों में काम किया. साल 2023 में रिलीज हुई ‘आदिपुरुष’ में उन्होंने इंद्रजीत का किरदार निभाया, जिसे दर्शकों ने पसंद किया.
टीवी पर भी वत्सल का सफर लगातार मजबूत रहा. साल 2014 में आए शो ‘एक हसीना थी’ में उनका निगेटिव किरदार शौर्य गोयनका काफी चर्चित हुआ. इसके बाद वह ‘रिश्तों का सौदागर. बाजीगर’, ‘हासिल’, ‘ये रिश्ते हैं प्यार के’, ‘राधाकृष्ण’, ‘नागिन 6’ समेत कई टीवी शोज में नजर आए. उन्होंने साबित किया कि वह हर तरह के किरदार निभाने में सक्षम हैं.
वत्सल की निजी जिंदगी भी अक्सर सुर्खियों में रहती है. साल 2016 में शो ‘रिश्तों का सौदागर. बाजीगर’ के सेट पर उनकी मुलाकात अभिनेत्री इशिता दत्ता से हुई. दोनों की दोस्ती प्यार में बदली और 28 नवंबर 2017 को मुंबई के इस्कॉन मंदिर में शादी कर ली. आज दोनों दो बच्चों के माता-पिता हैं और अक्सर सोशल मीडिया पर परिवार के साथ फोटो शेयर करते रहते हैं.
अपने शानदार अभिनय के लिए वत्सल को कई सम्मान भी मिल चुके हैं. साल 2018 में उन्हें टीवी शो ‘हासिल’ के लिए लायंस गोल्ड अवॉर्ड मिला. वहीं साल 2020 में उनका नाम द टाइम्स मोस्ट डिजायरेबल मेन की सूची में भी शामिल किया गया. आज वत्सल सेठ उन कलाकारों में गिने जाते हैं, जिन्होंने मेहनत और प्रतिभा के दम पर टीवी और फिल्मों दोनों में अपनी खास जगह बनाई.
न्यूज़18 को गूगल पर अपने पसंदीदा समाचार स्रोत के रूप में जोड़ने के लिए यहां क्लिक करें।First Published :
August 05, 2026, 04:01 IST



