Health

मानसून में बच्चों को इंफेक्शन का खतरा ज्यादा…टिफिन में रखें ये हेल्दी चीजें, नहीं पड़ेंगे बीमार

फरीदाबाद. मानसून की पहली बारिश जहां गर्मी से राहत लेकर आती है, छोटे बच्चों की सेहत के लिए यह मौसम थोड़ी ज्यादा सावधानी भी मांगता है. मौसम बदलते ही एक से 10 साल तक के बच्चों में सर्दी, खांसी, बुखार, पेट का संक्रमण और वायरल बीमारियां तेजी से बढ़ने लगती हैं. ऐसे में सबसे बड़ा सवाल यही होता है कि बच्चों को क्या खिलाएं या क्या नहीं खिलाएं और स्कूल के टिफिन में ऐसा क्या दें कि बच्चा खुशी से खाए भी और बीमार भी न पड़े. अगर इस मौसम में खाने-पीने की छोटी-छोटी बातों का ध्यान रखा जाए तो बच्चों की इम्यूनिटी मजबूत बनी रह सकती है और वे बार-बार बीमार होने से बच सकते हैं.

न करें ये गलती

फरीदाबाद के अमृता हॉस्पिटल की क्लिनिकल न्यूट्रिशनिस्ट कोमल भाटी बताती हैं कि बारिश के मौसम में बच्चों की इम्यूनिटी कमजोर होने के चांस ज्यादा रहते हैं. ऐसे में बच्चों को हमेशा ताजा और गर्म खाना खिलाना चाहिए. रात का बचा हुआ या बासी खाना बिल्कुल नहीं देना चाहिए क्योंकि इस मौसम में ऐसे खाने में बैक्टीरिया जल्दी पनपते हैं और इससे बच्चों के बीमार पड़ने का खतरा बढ़ जाता है.

कोमल भाटी बताती हैं कि इस मौसम में बाहर का फास्ट फूड, कटे हुए फल और अनहाइजीनिक खाना बच्चों को नहीं खिलाना चाहिए. बच्चे अक्सर पिज्जा, बर्गर, फ्रेंच फ्राइज जैसी चीजें पसंद करते हैं लेकिन बारिश के मौसम में ये चीजें संक्रमण का कारण बन सकती हैं. इसलिए जितना हो सके घर का ताजा और साफ-सुथरा खाना ही बच्चों को देना बेहतर रहता है. अगर बच्चा खाना कम खा रहा है या उसकी भूख कम हो गई है तो उसे जबरदस्ती भरपेट खाना खिलाने की बजाय थोड़ी-थोड़ी देर में छोटी-छोटी मील्स देनी चाहिए. बच्चे एक बार में ज्यादा खाना नहीं खा पाते इसलिए रोटी रोल, हेल्दी पास्ता या दूसरी ऐसी चीजें थोड़ी क्रिएटिव तरीके से बनाकर दें, जिन्हें बच्चा खेलते-खेलते भी आसानी से खा सके.

टिफिन को ज्यादा भरना ठीक नहीं

कोमल भाटी बताती हैं कि स्कूल के टिफिन में बहुत ज्यादा खाना भरने की जरूरत नहीं होती. टिफिन ऐसा होना चाहिए जो देखने में भी अच्छा लगे और पोषण से भी भरपूर हो. रोटी रोल, पनीर रोल, ताजे फल, भुना चना, मखाना या दूसरे हेल्दी स्नैक्स अच्छे विकल्प हैं. टिफिन में प्रोटीन, सब्जियां और कार्बोहाइड्रेट का संतुलन होना जरूरी है ताकि बच्चे को दिनभर ऊर्जा मिलती रहे. इस मौसम में बच्चों की इम्यूनिटी मजबूत रखने के लिए विटामिन-सी, आयरन और जिंक से भरपूर चीजें जरूर खिलानी चाहिए. नट्स का पाउडर, हरी पत्तेदार सब्जियां, चुकंदर, मूंग दाल या बेसन का चीला, ओट्स का चीला, अंडा और भुना चना जैसे स्नैक्स बच्चों के लिए अच्छे रहते हैं। ये शरीर को जरूरी पोषण देने के साथ इम्यूनिटी मजबूत करने में भी मदद करते हैं.

एक से तीन साल वालों के लिए

कोमल भाटी के मुताबिक, एक से तीन साल तक के छोटे बच्चों को एक साल की उम्र के बाद अंडा, दूध से बनी चीजें, खिचड़ी, दाल-चावल, पनीर पराठा और नरम रोटी रोल आसानी से दिए जा सकते हैं. छोटे बच्चे रोल जैसी चीजें आसानी से खा लेते हैं. खाने के साथ-साथ बच्चों की फिजिकल एक्टिविटी भी जरूरी है. रोज खेलना-कूदना, दौड़ना और एक्टिव रहना भी उनकी सेहत और इम्यूनिटी को मजबूत बनाए रखने में अहम भूमिका निभाता है.

Source link

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

Uh oh. Looks like you're using an ad blocker.

We charge advertisers instead of our audience. Please whitelist our site to show your support for Nirala Samaj