पापा नहीं हुए रिटायर और बेटे को भी मिली टीम में जगह, एशियन गेम्स में मचाएगा धमाल

नई दिल्ली. जापान के आइची-नागोया में होने वाले एशियन गेम्स 2026 के पुरुष क्रिकेट इवेंट के लिए अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने टीम का ऐलान कर दिया है. 15 सदस्यीय टीम की कमान मध्यक्रम के बल्लेबाज दरवेश रसूली के हाथों में सौंपी गई है. वहीं, इस टीम में अफगानिस्तान के अनुभवी ऑलराउंडर मोहम्मद नबी के बेटे हसन ईसाखिल को भी मौका मिला है. उन्हें नेशनल टीम के लिए पहली बार बुलावा आया है. नबी के लिए अपने बेटे के अफगानिस्तान टीम में शामिल होना गर्व का पल है. बता दें कि नबी अभी भी इंटरनेशनल क्रिकेट में सक्रिय हैं. उन्होंने संन्यास नहीं लिया है.
ओपनिंग बल्लेबाज हैं हसन ईसाखिलहोनहार युवा खिलाड़ी हसन ईसाखिल एक ओपनर बल्लेबाज हैं. 20 साल के हसन ने हाल ही में काबुल प्रीमियर लीग के एक मैच में 132 रन की विस्फोटक पारी खेली थी. घरेलू क्रिकेट में उनके प्रदर्शन की बात करें तो फर्स्ट क्लास क्रिकेट में 4 मैचों की 7 पारियों में 330 रन बनाए हैं. इस दौरान उनके बल्ले से 1 शतक और 2 अर्धशतक निकले हैं. लिस्ट-ए क्रिकेट में उन्होंने 14 मैचों की 14 पारियों में 586 रन बनाए हैं. इस फॉर्मेट में उन्होंने 1 शतक और 4 अर्धशतक लगाए हैं, जबकि उनका बेस्ट स्कोर 100 रन है.
टी20 क्रिकेट में उनका रिकॉर्ड और भी प्रभावशाली है. उन्होंने 41 मैचों की 41 पारियों में 1094 रन बनाए हैं. इस दौरान उनका बल्लेबाजी औसत 30.38 और स्ट्राइक रेट 130.39 रहा है. उनके नाम 1 शतक और 8 अर्धशतक दर्ज हैं. टी20 में उनका बेस्ट स्कोर नाबाद 107 रन है.
कब से शुरू होगा एशियन गेम्स?एशियन गेम्स 2026 में पुरुष क्रिकेट टीम के मुकाबले 24 सितंबर से 1 अक्टूबर तक कोरोगी स्पोर्ट्स पार्क में खेले जाएंगे. इससे पहले, महिला क्रिकेट टीम के मुकाबले 17 से 22 सितंबर तक खेले जाने हैं. इस वेन्यू पर पहले पुरुष टी20 विश्व कप 2026 के ईस्ट एशिया-पैसिफिक सब-रीजनल क्वालिफायर हो चुके हैं. अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड (एसीबी) की नेशनल सिलेक्शन कमिटी ने सोमवार को 15 सदस्यों वाली टीम को मंजूरी दी और अनुभवी इंटरनेशनल खिलाड़ियों और नए टैलेंट के मिश्रण को चुना है.
इन खिलाड़ियों को भी टीम में मिली जगहअनुभवी नजीबुल्लाह जादरान और ऑलराउंडर करीम जनत के साथ-साथ हाल ही में खत्म हुई श्पागीजा क्रिकेट लीग (एससीएल) 2026 में शानदार प्रदर्शन करने वाले कई खिलाड़ियों को भी टीम में शामिल किया गया है. अच्छी फॉर्म में चल रहे टॉप-ऑर्डर बल्लेबाज मोहम्मद अकरम को एससीएल में शानदार प्रदर्शन के कारण नेशनल टीम में जगह मिली है. उन्होंने 8 पारियों में 339 रन बनाए, जिसमें एक शतक और दो अर्धशतक शामिल थे. उनके साथ ऑलराउंडर इस्मत आलम को भी टीम में जगह दी गई है, जिन्होंने 294 रन बनाने के साथ-साथ 9 विकेट चटकाए. वह ‘प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट’ भी रहे.
अफगानिस्तान ने 2010, 2014 और 2022 के एशियन गेम्स के पुरुष क्रिकेट इवेंट में सिल्वर मेडल जीता है. एशियन गेम्स में चौथी बार क्रिकेट को शामिल किया गया है. इस बार टूर्नामेंट में कुल 10 टीमें हिस्सा लेंगी. भारत पुरुष और महिला दोनों क्रिकेट इवेंट में मौजूदा चैंपियन है.
एशियन गेम्स 2026 के लिए अफगानिस्तान टीमदरविश रसूली (कप्तान), मोहम्मद इशाक (विकेटकीपर), मोहम्मद अकरम, हसन ईसाखिल, खालिद तानिवाल, इमरान मीर, फैसल खान शिनोजादा, नजीबुल्लाह जादरान, फरमानुल्लाह सफी, इस्मत आलम, करीम जनत, नांग्याल खरोती, अरब गुल मोमंद, फरीदून दाऊदजई और अब्दुल्ला अहमदजई.



