National

Gujarat Local Body Election 2026 LIVE | Gujarat Sthaniya Nikay Chunav Matdaan | अमित शाह ने परिवार समेत बूथ पर जाकर डाला वोट, अरविंद केजरीवाल की अपील

Gujarat Local Body Election 2026 LIVE: गुजरात में स्थानीय स्वराज्य निकायों के लिए रविवार 26 अप्रैल 2026 को सुबह 7 बजे से मतदान प्रक्रिया शुरू हो चुकी है. योग्‍य मतदाताद शाम 6 बजे तक मतदान कर सकेंगे. राज्य की 15 महानगर पालिकाओं, 84 नगर पालिकाओं, 34 जिला पंचायतों और 260 तालुका पंचायतों की कुल 10005 सीटों में से 736 पर निर्विरोध चयन के बाद शेष 9,263 सीटों पर चुनावी जंग हो रही है. इन सभी सीटों के लिए कुल 25,537 उम्मीदवारों का भविष्य EVM में कैद होगा. इसके साथ-साथ 11 नगर पालिकाओं की रिक्त सीटों पर उपचुनाव भी आयोजित किए जा रहे हैं. राज्य चुनाव आयोग ने मतदान को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं. सुरक्षा के कड़े इंतजामों के बीच संवेदनशील बूथों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है, जबकि वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांगों की सहायता के लिए विशेष टीमें मौजूद रहेगी. इसके अलावा हीट-वेव की स्थिति को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग की टीमों को भी मुस्तैद रखा गया है.

गुजरात में आयोजित हो रहे स्थानीय निकायों के चुनावों में लोकतंत्र के महापर्व में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए राज्य के कई शीर्ष नेता विभिन्न मतदान केंद्रों पर पहुंचेंगे. केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह अहमदाबाद के नारनपुरा क्षेत्र में अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे. निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार वह सुबह 11 बजे अंकुर क्रॉस रोड स्थित कामेश्वर महादेव मंदिर के पास सब-ज़ोनल ऑफिस में बने मतदान केंद्र पर मतदान करने पहुंचेंगे. साथ ही उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल अहमदाबाद के शिलज क्षेत्र में और केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सीआर पाटिल सूरत में अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे.

गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल और उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी भी अपने-अपने क्षेत्रों में मत देने के लिए मतदान केंद्रों पर पहुंचेंगे. इन दिग्गजों के अलावा राज्य के अधिकांश सांसद, विधायक और अन्य वरिष्ठ पदाधिकारी भी स्थानीय स्तर पर आज होने वाले इस मतदान में उत्साहपूर्वक भाग लेंगे जिसके लिए प्रशासन द्वारा सभी आवश्यक प्रबंध कर लिए गए हैं. चुनाव को देखते तमाम तरह की व्‍यवस्‍थाएं करने की बात कही गई है. सुरक्षा पर खास ध्‍यान दिया गया है.

Gujarat Local Body Election LIVE: गृह मंत्री अमित शाह ने गुजरात स्‍थानीय निकाय चुनाव में डाला वोट

गुजरात स्‍थानीय निकाय चुनाव लाइव: गुजरात में स्‍थानीय निकाय चुनाव के लिए वोटिंग प्रक्रिया जारी है. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी अपने मताधिकार का प्रयोग‍ किया. अमित शाह की पत्नी और बेटे जय शाह ने भी वोट डाला है. अमित शाह अपने पूरे परिवार के साथ VICTORY का साइन दिखाते हुए बाहर निकले.

Gujarat Local Body Election LIVE: क्‍या सूरत में AAP दोहरा पाएगी अपना प्रदर्शन?

गुजरात स्‍थानीय निकाय चुनाव लाइव: साल 2022 गुजरात विधानसभा चुनावों में 13 फीसदी से अधिक वोट हासिल करके राष्ट्रीय पार्टी बनी आप को गुजरात में एंट्री सूरत के रास्ते मिली थी. तब पार्टी ने सभी को चौंकाते हुए आप के दिल्ली मॉडल को दिखाकर सूरत में 17 सीटें जीतकर सनसनी मचा दी थी. पिछले पांच साल में काफी कुछ बदला है. आप दिल्ली की सत्ता गंवा चुकी है. पंजाब दिल्ली समेत आप के सात राज्यसभा सांसदों की बगावत से पार्टी बैकफुट पर है. ऐसे में सूरत में क्या आप अपने पिछले प्रदर्शन को बरकरार रख पाएगी. इस पर सभी की नजरें टिकी हैं. सूरत में कुल सीटें 120 हैं. पिछली बार बीजेपी ने 103 सीटें जीती थीं. आप को 17 सीटें मिली थी, जबकि कांग्रेस साफ हो गई थी.

Gujarat Local Body Election LIVE: गुजरात निकाय चुनाव में इस बार त्रिकोणीय चुनाव

गुजरात स्‍थानीय निकाय चुनाव लाइव: यह चुनाव बहुकोणीय है, जिसमें भारतीय जनता पार्टी (भाजपा), कांग्रेस, आम आदमी पार्टी (आप) और निर्दलीय उम्मीदवार पूरे राज्य में चुनाव लड़ रहे हैं. भाजपा वर्तमान में अहमदाबाद, सूरत, वडोदरा और राजकोट के नगर निगमों पर नियंत्रण रखती है, जो सभी राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण हैं और व्यापक चुनावी परिदृश्य को प्रभावित करने की उम्मीद है. यह चुनाव इसलिए भी महत्वपूर्ण है, क्योंकि अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) के लिए संशोधित आरक्षण नियमों के तहत हो रहा है, जिसमें 27 प्रतिशत आरक्षण प्रदान किया गया है. इन परिवर्तनों के लिए कई जिलों में व्यापक परिसीमन और वार्ड पुनर्गठन की आवश्यकता पड़ी.

Gujarat Local Body Election LIVE: अहमदाबाद में इस बार क्‍या होगा?

गुजरात स्‍थानीय निकाय चुनाव लाइव: 2030 कॉमनवेल्थ गेम्स की मेजबानी करने जा रहे अहमदाबाद में क्या कांग्रेस विपक्ष की भूमिका बचा पाएगी. अहमदाबाद नगर निगम में कुल सीटों की संख्या 192 है. पिछले चुनाव में बीजेपी के 159 सीटें मिली थीं, लेकिन कांग्रेस एआईएमआईएम की उपस्थिति के बाद भी नेता विपक्ष के लिए जरूरी सीटें जीतने में सफल रही थी. उसे कुल 25 सीटें मिली थीं. असुदद्दीन ओवैसी की पार्टी को 7 सीटें मिली थीं. कांग्रेस ने शहजाद खान पठान को विपक्ष का नेता बनाया था. अब देखना है कि वैश्विक खेलों की अगवानी करने जा रहे शहर में कांग्रेस का प्रदर्शन कैसा रहता है?

Gujarat Local Body Election LIVE: रिजल्‍ट से पहले भाजपा के खाते में 717 सीटें

गुजरात स्‍थानीय निकाय चुनाव लाइव: मतदान से पहले भाजपा के खाते में 717 सीटें आ चुकी हैं. वहीं, कांग्रेस को 12 और अन्य को 3 सीटें मिली हैं. मुख्य मुकाबला भाजपा और कांग्रेस के बीच है, जबकि आम आदमी पार्टी और AIMIM भी कई जगहों पर चुनौती दे रही हैं. कई सीटों पर त्रिकोणीय और बहुकोणीय संघर्ष देखने को मिलेगा. इस बार 9 नई महानगरपालिकाओं और 7 नई नगरपालिकाओं में पहली बार चुनाव हो होगा. इसके अलावा OBC आरक्षण के संशोधित नियमों और SIR प्रक्रिया के बाद पहली बार वोटिंग होगी. विभिन्न विभागों में रिक्त पदों की भर्ती और स्थानीय प्रशासनिक ढांचे पर इन चुनावों का सीधा असर होगा.

Gujarat Local Body Election LIVE: 48450 मतदान केंद्रों पर चल रही वोटिंग

गुजरात स्‍थानीय निकाय चुनाव लाइव: गुजरात में स्थानीय निकाय चुनाव के लिए राज्य चुनाव आयोग ने 48,450 मतदान केंद्र बनाए हैं. इसमें से 14,275 बूथ को संवेदनशील और 2,196 अति संवेदनशील घोषित किए गए हैं. चुनाव के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं. उपद्रव एवं धांधली करने वालों के लिए चुनाव आयोग ने कड़े इंतजाम किए हैं.

Gujarat Local Body Election LIVE: स्‍टैंडबाय पर मेडिकल टीमें

गुजरात स्‍थानीय निकाय चुनाव लाइव: भीषण गर्मी को देखते हुए गुजरात स्‍थानीय निकाय चुनावों के लिए विशेष व्‍यवस्‍था की गई है. डिस्पैचिंग और रिसीविंग सेंटरों पर मेडिकल टीमों को स्टैंडबाय पर रखा गया है और सिविल अस्पतालों सहित स्वास्थ्य केंद्रों को भी तैयार रहने का निर्देश दिया गया है. चुनाव से 48 घंटे पहले प्रचार अभियान शांत होते ही प्रत्याशियों ने अंतिम चरण का प्रचार अभियान तेज कर दिया था. घर-घर संपर्क, छोटे-छोटे समूहों में बैठकें और व्यक्तिगत अनुनय-विनय के जरिए मतदाताओं को प्रभावित करने का प्रयास किया गया. खास बात यह है कि पूरी चुनाव प्रक्रिया के दौरान गांधीनगर में आचार संहिता के उल्लंघन की एक भी आधिकारिक शिकायत दर्ज नहीं की गई है, जो व्यवस्था के लिए राहत और राजनीतिक रूप से आश्चर्यजनक स्थिति मानी जा रही है.

Gujarat Local Body Election LIVE: गांधीनगर में 399 उम्‍मीदवारों के भाग्‍य का आज होगा फैसला

गुजरात स्‍थानीय निकाय चुनाव लाइव: गांधीनगर में सुचारू मतदान के लिए 106 जोनल अधिकारियों को तैनात किया गया है, जबकि कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सहायक जोनल अधिकारियों को भी तैनात किया गया है. इस बार मतदान के दौरान व्यवस्था के लिए सबसे बड़ी चुनौती भीषण गर्मी है. मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक तापमान 41 डिग्री सेल्सियस को पार कर सकता है. इस स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने विशेष व्यवस्था की है. जिले के सभी 892 मतदान केंद्रों पर स्वास्थ्य टीमों को तैनात किया गया है, प्रत्येक स्टेशन पर दो सदस्यीय मेडिकल टीम ओआरएस, ग्लूकोज और प्राथमिक चिकित्सा किट के साथ मौजूद है.

Gujarat Local Body Election LIVE: गांधीनगर में 399 उम्‍मीदवारों के भाग्‍य का आज होगा फैसला

गुजरात स्‍थानीय निकाय चुनाव लाइव: गांधीनगर में स्थानीय निकाय चुनाव के लिए मतदान प्रक्रिया आज शांतिपूर्ण माहौल में शुरू हो गई. गांधीनगर जिला पंचायत, तीन तालुका पंचायत और दो नगर पालिकाओं की कुल 163 सीटों पर मतदान हो रहा है, जिसमें 399 उम्मीदवारों की किस्मत दांव पर है. यह चुनाव राजनीतिक तौर पर अहम माना जा रहा है, क्योंकि इसे आगामी विधानसभा चुनाव के सेमीफाइनल के तौर पर भी देखा जा रहा है. चुनाव से पूर्व जिला प्रशासन द्वारा व्यापक तैयारी पूरी कर ली गयी थी. जिले के कुल 892 मतदान केंद्रों पर ईवीएम और मतदान कर्मियों को सफलतापूर्वक पहुंचा दिया गया था. इसके लिए 108 रूट तय कर एसटी की 108 बसों द्वारा पूरे लॉजिस्टिक्स सिस्टम का प्रबंधन किया गया. प्रत्येक रूट पर सुचारू मार्गदर्शन के लिए पर्यवेक्षक भी नियुक्त किये गये थे.

Source link

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

Uh oh. Looks like you're using an ad blocker.

We charge advertisers instead of our audience. Please whitelist our site to show your support for Nirala Samaj