Hantavirus Outbreak : कोरोना के बाद अब बीच समंदर फैली नई महामारी, शिप पर एक-एक कर मरने लगे लोग, WHO ने किया अलर्ट

Agency:एजेंसियां
Last Updated:May 04, 2026, 07:18 IST
Hantavirus Outbreak: यह खौफनाक मामला डच क्रूज शिप एमवी होन्डियस पर सामने आया, जो इस समय अफ्रीका के पश्चिमी तट के पास केप वर्डे के करीब समुद्र में रुका हुआ है. जहाज पर सवार यात्रियों और क्रू में डर का माहौल है, क्योंकि किसी को भी उतरने की अनुमति नहीं दी गई है.
क्रूज शिप पर फैली बीमारी से अब तक तीन लोगों की मौत हो चुकी है.
अटलांटिक महासागर के बीच चल रहे एक लग्जरी क्रूज पर अचानक फैली रहस्यमयी बीमारी ने हड़कंप मचा दिया है. विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) और दक्षिण अफ्रीका स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, इस क्रूज शिप पर फैली बीमारी को हंता वायरस संक्रमण माना जा रहा है, जिससे अब तक तीन लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि कई अन्य यात्री गंभीर रूप से बीमार हैं.
बताया जा रहा है कि यह खौफनाक मामला डच क्रूज शिप एमवी होन्डियस पर सामने आया, जो इस समय अफ्रीका के पश्चिमी तट के पास केप वर्डे के करीब समुद्र में रुका हुआ है. जहाज पर सवार यात्रियों और क्रू में डर का माहौल है, क्योंकि किसी को भी उतरने की अनुमति नहीं दी गई है.
एक-एक कर टूटती गईं जिंदगियां
क्रूज शिप पर सबसे पहले एक 70 वर्षीय बुजुर्ग की जहाज पर ही मौत हो गई. इसके बाद उनकी पत्नी, जो किसी तरह घर लौटने के लिए दक्षिण अफ्रीका पहुंची थीं, एयरपोर्ट पर ही अचानक गिर पड़ीं और अस्पताल में दम तोड़ दिया. तीसरे मृतक का शव अभी भी जहाज पर ही मौजूद है.
इस बीच एक मरीज की हालत बेहद गंभीर बनी हुई है और उसे जोहांसबर्ग के अस्पताल में आईसीयू में भर्ती कराया गया है. दो अन्य संक्रमित लोगों को भी जहाज से निकालने की कोशिशें जारी हैं, लेकिन स्थानीय प्रशासन ने अभी तक अनुमति नहीं दी है.
कहां से आया ये खतरनाक वायरस?
हंतावायरस एक दुर्लभ लेकिन बेहद खतरनाक संक्रमण है, जो आमतौर पर चूहों और दूसरे जीवों के मल-मूत्र के संपर्क से फैलता है. यह वायरस सीधा फेफड़ों और किडनी पर हमला करता है और कई मामलों में जानलेवा साबित होता है. विशेषज्ञों के मुताबिक, इस वायरस का कोई खास इलाज नहीं है. समय रहते इलाज न मिलने पर स्थिति तेजी से बिगड़ सकती है.
समंदर में फंसे 150 से ज्यादा लोग, बढ़ी चिंता
इस क्रूज पर करीब 150 यात्री और 70 के आसपास क्रू मेंबर सवार थे. यात्रा करीब तीन हफ्ते पहले अर्जेंटीना से शुरू हुई थी और अंटार्कटिका व फॉकलैंड द्वीपों से होते हुए स्पेन पहुंचनी थी. अब हालात ऐसे हैं कि पूरा जहाज मानो ‘तैरता हुआ क्वारंटीन सेंटर’ बन गया है. किसी को बाहर निकलने की इजाजत नहीं, और अंदर हर कोई डर के साए में जी रहा है.
डब्ल्यूएचओ ने मामले की गंभीरता को देखते हुए विस्तृत जांच शुरू कर दी है. इस वायरस की जीन सीक्वेंसिंग से लेकर संपर्क में आए लोगों की पहचान तक, हर पहलू की जांच की जा रही है. फिलहाल सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या यह संक्रमण और फैल सकता है? और अगर हां, तो क्या दुनिया एक नए स्वास्थ्य संकट की ओर बढ़ रही है? समंदर के बीच फंसे इस जहाज से आ रही खबरें हर किसी को डरा रही हैं… और दुनिया इंतजार कर रही है अगली अपडेट का…
About the AuthorSaad Omar
साद बिन उमर को पत्रकारिता के क्षेत्र में 15 साल से अधिक का अनुभव है, जिनमें से 12 साल उन्होंने डिजिटल पत्रकारिता को दिए है. न्यूज़18 के साथ जुड़ने से पहले उन्होंने आज तक, एनडीटीवी, पीटीआई और नया इंडिया जैसे प्र…और पढ़ें
न्यूजलेटर
अब ईमेल पर इनसाइड स्टोरीज
खबरों के पीछे की खबर अब आपके इनबॉक्स में
सबमिट करें



