विजय ने बेटे के लिए कुछ नहीं किया, तो जेसन संजय के डेब्यू में किसका है हाथ? राजनीति में उदय से घर में बिखराव!

Last Updated:May 13, 2026, 22:52 IST
अभिनेता से राजनेता बने थलापति विजय के शपथ ग्रहण सेरेमनी में उनके माता-पिता और एक्ट्रेस तृषा कृष्णन तो मौजूद थीं, लेकिन उनकी पत्नी संगीता और बच्चों जेसन संजय और दिव्या साशा की गैरमौजूदगी ने सबको चौंका दिया. विजय और संगीता के बीच तलाक का प्रोसेस चल रहा है. एक्टर के बेटे जेसन संजय अब निर्देशन में कदम रख रहे हैं, उन्होंने अपने पिता को इंस्टाग्राम पर अनफॉलो कर दिया है और अपने नाम से ‘वी’ हटाकर मां के नाम का ‘एस’ जोड़ लिया है. खास बात यह है कि जेसन को पहला बड़ा ब्रेक (लाइका प्रोडक्शंस) दिलाने में विजय के बजाय उनके नाना का हाथ रहा है. पारिवारिक रिश्तों में आई यह खटास विजय की रीयल लाइफ और रील लाइफ के फासले को बयां करती है.
नई दिल्ली: जब साउथ सिनेमा के दिग्गज सी. जोसेफ विजय यानी हमारे ‘थलापति’ विजय ने एक अभिनेता से राजनेता बनने की ओर कदम बढ़ाया, तो पूरी दुनिया की नजरें उन पर टिकी थीं. उनके शपथ ग्रहण सेरेमनी में कई दिग्गजों की मौजूदगी थी, लेकिन फैमिली के करीबी लोग नजर नहीं आ रहे थे. जहां अन्य नेता अपने पूरे कुनबे के साथ पहुंचे थे, वहीं विजय के साथ केवल उनके माता-पिता एसए चंद्रशेखर और शोभा ही खड़े दिखाई दिए.
सेरेमनी में साउथ एक्ट्रेस तृषा कृष्णन की मौजूदगी ने भी सबका ध्यान खींचा, लेकिन सबसे ज्यादा चर्चा विजय की पत्नी संगीता स्वर्णलिंगम की गैरमौजूदगी को लेकर हुई. खबरों की मानें तो तलाक की कानूनी कार्यवाही के चलते संगीता वहां नहीं थीं, पर फैंस को इस बात से ज्यादा निराशा हुई कि विजय के दोनों बच्चे जेसन संजय और दिव्या साशा भी अपने पिता के इस बड़े दिन का हिस्सा नहीं बने.
विजय और संगीता के बड़े बेटे जेसन संजय ने भी अब फिल्म इंडस्ट्री में कदम रख दिया है. बचपन में फिल्म ‘थेरी’ के एक गाने में नजर आने के बाद जेसन ने अब बतौर निर्देशक अपनी पारी शुरू की है. दिलचस्प बात यह है कि जेसन को केवल ‘स्टार किड’ कहना शायद गलत होगा, क्योंकि वे अपने पिता की शोहरत या स्टारडम का फायदा उठाकर आगे बढ़ने वाले नौजवानों में से नहीं हैं.
Add as Preferred Source on Google
संगीता और विजय के बीच बढ़ती दूरियों की खबरों के साथ ही जेसन संजय की सोशल मीडिया एक्टिविटी ने भी खूब सुर्खियां बटोरीं. यह चर्चा तब तेज हुई, जब जेसन ने इंस्टाग्राम पर अपने पिता को अनफॉलो कर दिया. इतना ही नहीं, यह भी गौर किया गया कि जेसन ने अपने नाम के आगे से पिता के नाम का पहला अक्षर ‘V’ हटाकर अपनी मां के नाम का ‘S’ जोड़ लिया है और अब वे जेसन संजय के नाम से जाने जाते हैं.
जेसन की पढ़ाई और परवरिश ज्यादातर वक्त लंदन में हुई, जहां उनकी मां संगीता का परिवार रहता है. यह बात भी काफी चर्चा में रही कि विजय ने भले ही करोड़ों की लागत से आलीशान बंगले बनवाए हों, लेकिन उनकी पत्नी और बच्चे वहां नहीं रहते. जेसन ने अपनी पहचान बनाने के लिए हमेशा अपने ननिहाल और मां के करीब रहना पसंद किया है, जैसा कि उनके सोशल मीडिया से भी झलकता है.
फिल्मी सितारे अपने बच्चों को आमतौर पर लॉन्च करने के लिए पूरी ताकत झोंक देते हैं, लेकिन विजय के मामले में कहानी उलटी है. बताया जाता है कि उन्होंने जेसन के फिल्मी करियर के लिए कोई खास पैरवी नहीं की. जहां विजय को राजनीति और सिनेमा में स्थापित करने के लिए उनके पिता एसए चंद्रशेखर ने दिन-रात एक कर दिए थे, वहीं विजय ने अपने बेटे के करियर के फैसलों में खुद को काफी दूर रखा है.
फिल्म पीआरओ विथागन शेखर के मुताबिक, जेसन को लाइका प्रोडक्शंस जैसा बड़ा बैनर दिलवाने में विजय का नहीं, बल्कि उनके नाना का हाथ है. जेसन के नाना लंदन के एक बड़े बिजनेसमैन हैं और लाइका के प्रमुख सुभाषकरण के करीबी दोस्त हैं. इसी पारिवारिक रिश्ते के चलते जेसन को अपनी पहली फिल्म निर्देशित करने का मौका मिला, जबकि विजय इस फिल्म की पूजा तक में शामिल नहीं हुए थे.
जेसन संजय फिलहाल अपनी पहली फिल्म ‘सिग्मा’ की तैयारी में जुटे हैं, जिसमें संदीप किशन अहम भूमिका निभा रहे हैं. विजय के पारिवारिक रिश्तों में आई खटास और बच्चों की उनसे बढ़ती दूरी अब खुले तौर पर लोगों के सामने आ चुकी है. फिल्मी पर्दे पर आदर्श पारिवारिक किरदार निभाने वाले थलापति की असल जिंदगी में यह अलगाव वाकई हैरान करने वाला है.



