जयपुर छात्र प्रिंस सोनी की मौत से पहले का CCTV आया सामने, पेटीज खाने के बाद भागता दिखाई दिया

Last Updated:August 14, 2026, 20:25 IST
Prince Soni Death Case : जयपुर में छात्र प्रिंस सोनी की मौत के CCTV फुटेज सामने आए. पेटीज खाने के बाद प्रिंस की तबीयत बिगड़ी, वह गिरा और शिक्षकों ने CPR देने की कोशिश की. परिजनों ने स्कूल प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया. परिजनों का आरोप है कि करीब 11.45 बजे तक स्कूल की तरफ से उन्हें चार पहिया वाहन लेकर आने के लिए फोन किया जाता रहा, लेकिन इस दौरान बच्चे को अस्पताल नहीं ले जाया गया.
ख़बरें फटाफट
जयपुर छात्र प्रिंस सोनी की मौत के बाद सीसीटीवी में सामने आई कई बातें
Jaipur School Student Death. जयपुर में छात्र प्रिंस सोनी की मौत का मामला अब गंभीर होता जा रहा है. मामले में मौत से पहले के कुछ और CCTV फुटेज सामने आए हैं. इन फुटेज में 17 वर्षीय प्रिंस पेटीज खाने के बाद स्कूल परिसर में परेशान हालत में दौड़ता नजर आ रहा है. एक फुटेज में वह पानी पीने के लिए तेजी से जाता दिखाई देता है और इसी दौरान अचानक लुंज-पुंज होकर गिर पड़ता है. इसके बाद एक शिक्षिका उसे संभालती नजर आती हैं. दूसरे फुटेज में शिक्षक उसे उठाकर अंदर ले जाते दिख रहे हैं. प्रिंसिपल रूम में सोफे पर लिटाकर शिक्षक उसके सीने पर हाथ रखकर CPR देने की कोशिश करते भी दिखाई दे रहे हैं.
जयपुर के झोटवाड़ा इलाके के महाराणा प्रताप स्कूल में 12वीं कक्षा के छात्र प्रिंस सोनी की बुधवार को संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी. बृजमंडल कॉलोनी निवासी प्रिंस की उम्र 17 साल थी. परिवार के अनुसार बुधवार को वह टिफिन लेकर स्कूल नहीं गया था. इसके बाद वह अपने दोस्तों के साथ स्कूल की कैंटीन में गया और वहां सभी ने पेटीज खाई थी. परिजनों का आरोप है कि पेटीज खाने के कुछ ही देर बाद प्रिंस की तबीयत खराब होने लगी. वह कक्षा में पहुंचा और शिक्षक को अपनी तबीयत के बारे में बताया. इसी दौरान वह क्लास में ही बेहोश होकर गिर गया था.
सीसीटीवी फुटेज में क्या सामने आयाअब सामने आए CCTV फुटेज में भी पेटीज खाने के बाद उसकी हालत बिगड़ने की तस्वीरें दिखाई दे रही हैं. फुटेज में प्रिंस काफी परेशान नजर आता है और स्कूल परिसर में दौड़ता हुआ दिखाई देता है. इसके बाद वह पानी पीने के लिए जाता है, लेकिन रास्ते में ही उसकी हालत बिगड़ जाती है और वह जमीन पर गिर पड़ता है. एक शिक्षिका उसे संभालती हैं.
शिक्षक प्रिंस को उठाकर अंदर ले गएदूसरे CCTV फुटेज में कुछ लोग प्रिंस को उठाकर अंदर ले जाते नजर आ रहे हैं. इसके बाद उसे प्रिंसिपल रूम में ले जाकर सोफे पर लिटाया जाता है. फुटेज में शिक्षक उसे बचाने की कोशिश करते दिखाई दे रहे हैं. शिक्षक प्रिंस को CPR देने का प्रयास करते नजर आते हैं. इस घटनाक्रम को लेकर परिवार की तरफ से स्कूल प्रशासन पर कई सवाल उठाए गए हैं. परिजनों का आरोप है कि प्रिंस के बेहोश होने के बाद उसे तुरंत अस्पताल नहीं ले जाया गया. परिवार के अनुसार, करीब 11 बजे प्रिंस को शिक्षक, व्यवस्थापक और अन्य लोग कक्षा से उठाकर एक कमरे में ले गए थे. इसके बाद परिजनों को स्कूल बुलाया गया.
परिजनों ने क्या आरोप लगाएपरिजनों का आरोप है कि करीब 11.45 बजे तक स्कूल की तरफ से उन्हें चार पहिया वाहन लेकर आने के लिए फोन किया जाता रहा, लेकिन इस दौरान बच्चे को अस्पताल नहीं ले जाया गया. बाद में परिजन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
स्कूल में हंगामे के बाद पुलिस ने दर्ज किए बयानप्रिंस की मौत की खबर के बाद गुरुवार को उसके परिजन स्कूल पहुंचे और जमकर हंगामा किया. परिवार ने स्कूल प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की. घटना से नाराज बृजबाल चौराहे के स्वर्णकार समाज के दुकानदारों ने बाजार भी बंद रखा. समाज के सैकड़ों लोग स्कूल पहुंचे और विरोध प्रदर्शन किया. मौके पर पहुंची पुलिस ने विद्यार्थियों और शिक्षकों से घटना के बारे में जानकारी ली और उनके बयान दर्ज किए. पुलिस पूरे घटनाक्रम को CCTV फुटेज और प्रत्यक्ष जानकारी के आधार पर समझने की कोशिश कर रही है.
पुलिस ने अभी तक क्या कहाझोटवाड़ा थाने के सहायक पुलिस निरीक्षक नरेन्द्र कुमार के अनुसार मृतक की पहचान प्रिंस सोनी के रूप में हुई है. पुलिस का कहना है कि छात्र की मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो पाएगी. ऐसे में पेटीज खाने के बाद तबीयत बिगड़ने और मौत के बीच क्या संबंध था, इसको लेकर भी जांच आगे बढ़ाई जा रही है. फिलहाल सामने आए CCTV फुटेज में प्रिंस की हालत बिगड़ने से लेकर उसके गिरने और फिर शिक्षकों द्वारा उसे संभालने और CPR देने की कोशिश तक का घटनाक्रम दिखाई दे रहा है. मौत की वजह और स्कूल प्रशासन की तरफ से इलाज में किसी तरह की लापरवाही हुई या नहीं, इसका जवाब जांच पूरी होने के बाद ही सामने आएगा.
About the Authorआनंद पाण्डेयContent Producer
आनंद पाण्डेय वर्तमान में हिंदी (राजस्थान डिजिटल) में बतौर कंटेंट प्रोड्यूसर अपनी सेवाएं दे रहे हैं. पिछले 5 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता के क्षेत्र में अ…
Jaipur,Jaipur,Rajasthan
First Published :
August 14, 2026, 20:25 IST



