नकली बीज घूंसकांड को लेकर ACB मुख्यालय पहुंचे मंत्री किरोड़ीलाल, बोले- ‘मैं दोषी हूं तो मुझे गिरफ्तार करो’

Last Updated:June 19, 2026, 18:54 IST
Kirori Lal Meena On Rajasthan Seed Scam : बीकानेर नकली बीज घूसकांड की एफआईआर में मंत्री और डॉ शब्द पर सवाल लेकर कृषि मंत्री डॉ किरोड़ी लाल मीणा जयपुर एसीबी मुख्यालय पहुंचे, गहलोत और डोटासरा पर भी हमला किया. कृषि मंत्री ने कहा कि वह किसी तरह की गलतफहमी में नहीं रहना चाहते और सीधे जवाब चाहते हैं. उन्होंने कहा कि एफआईआर में जिन दो शब्दों का इस्तेमाल किया गया है, अगर उनका संबंध उनसे है तो एसीबी को कार्रवाई करनी चाहिए.बीकानेर के चर्चित नकली बीज घूसकांड मामले पर कृषी मंत्री किरोड़ी लाल मीणा पहुंचे एसीबी ऑफिस
जयपुर. जयपुर में शुक्रवार को उस समय सियासी हलचल तेज हो गई जब कृषि मंत्री डॉ किरोड़ी लाल मीणा खुद एसीबी मुख्यालय पहुंच गए. बीकानेर के चर्चित नकली बीज घूसकांड में दर्ज एफआईआर को लेकर मंत्री ने कई सवाल उठाए और कहा कि आखिर एफआईआर में लिखे गए मंत्री और डॉ शब्द किसके लिए इस्तेमाल किए गए हैं. उन्होंने कहा कि अगर ये शब्द उनके लिए हैं तो फिर एसीबी उन्हें गिरफ्तार कर ले.
डॉ किरोड़ी लाल मीणा एसीबी मुख्यालय पहुंचने के बाद काफी देर तक वहां मौजूद रहे और एसीबी डीजी का इंतजार करते नजर आए. मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने एक समाचार पत्र का हवाला देते हुए कहा कि एफआईआर में मंत्री और डॉ का जिक्र किया गया है. ऐसे में वह यह जानने के लिए खुद एसीबी कार्यालय आए हैं कि आखिर यह इशारा किसकी तरफ है. मंत्री के इस कदम के बाद राजनीतिक गलियारों में नई चर्चा शुरू हो गई है.
एफआईआर में मंत्री और डॉ का जिक्र, क्या वो मैं हूं, यही पूछने आया हूंकृषि मंत्री ने कहा कि वह किसी तरह की गलतफहमी में नहीं रहना चाहते और सीधे जवाब चाहते हैं. उन्होंने कहा कि एफआईआर में जिन दो शब्दों का इस्तेमाल किया गया है, अगर उनका संबंध उनसे है तो एसीबी को कार्रवाई करनी चाहिए. डॉ मीणा ने एसीबी की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े किए. उन्होंने कहा कि एसीबी अपनी सीमाएं लांघ रहा है और ऐसा क्यों किया जा रहा है, यह भी जांच का विषय होना चाहिए. उन्होंने कहा कि जिस तरीके से काम हो रहा है, उससे कई तरह के संदेह पैदा हो रहे हैं. मंत्री ने कहा कि अगर यह सिलसिला इसी तरह चलता रहा तो वह कुछ भी कर सकते हैं. हालांकि उन्होंने साफ तौर पर यह नहीं बताया कि उनके अगले कदम क्या होंगे. लेकिन उनके बयान ने सियासी माहौल को और गर्म कर दिया है.
गहलोत और डोटासरा पर भी साधा निशानाएसीबी मुख्यालय के बाहर मीडिया से बातचीत के दौरान डॉ किरोड़ी लाल मीणा ने विपक्षी नेताओं पर भी हमला बोला. उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा लगातार उन पर आरोप लगा रहे हैं. डॉ मीणा ने कहा कि जिन लोगों ने प्रदेश को जमकर लूटा, वही आज उन पर उंगली उठा रहे हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि उनके खिलाफ बेवजह माहौल बनाया जा रहा है. मंत्री ने दोहराया कि अगर एफआईआर में लिखा गया मंत्री और डॉ वास्तव में उनके लिए है तो एसीबी बिना देरी किए उन्हें गिरफ्तार कर ले. बीकानेर के नकली बीज घूसकांड को लेकर पहले ही राजनीतिक बयानबाजी तेज है. अब खुद कृषि मंत्री के एसीबी मुख्यालय पहुंचने और खुले तौर पर सवाल उठाने के बाद इस पूरे मामले ने नया मोड़ ले लिया है. आने वाले दिनों में एसीबी की ओर से क्या जवाब दिया जाता है, इस पर सबकी नजर बनी हुई है.
About the AuthorAnand Pandey
आनंद पाण्डेय वर्तमान में हिंदी (राजस्थान डिजिटल) में बतौर कंटेंट प्रोड्यूसर अपनी सेवाएं दे रहे हैं. पिछले 5 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी पहचान बनाते हुए उन्होंने राजनीति, अपराध और लाइफ…और पढ़ें
न्यूजलेटर
अब ईमेल पर इनसाइड स्टोरीज
खबरों के पीछे की खबर अब आपके इनबॉक्स में
सबमिट करें
Location :
Jaipur,Jaipur,Rajasthan



