जेब में 5 हजार रख पहुंचा मुंबई, पेट पालने के लिए बेचनी पड़ी इंश्योरेंस पॉलिसी, 50 साल की उम्र में रातों-रात बना स्टार

Last Updated:August 19, 2026, 07:46 IST
मनोरंजन की दुनिया में आने वाले हजारों लोग में से कुछ ही अपनी मंजिल तक पहुंच पाते हैं. ‘आवारापन 2’ में इमरान हाशमी के साथ नजर आ रहे इस एक्टर की कहानी भी कुछ ऐसी ही है. महज 5 हजार रुपये लेकर मुंबई पहुंचे इस एक्टर को शुरुआती दिनों में भारी तंगी झेलनी पड़ी और पेट पालने के लिए इंश्योरेंस पॉलिसी तक बेचनी पड़ीं. मगर कभी हार नहीं मानी. सालों तक छोटे-मोटे किरदार निभाने बाद 50 साल की उम्र में किस्मत चमकी.
नई दिल्ली. हर साल हजारों लोग आंखों में बड़े-बड़े सपने लेकर मुंबई आते हैं, लेकिन मायानगरी की इस चकाचौंध में गिने-चुने लोग ही अपनी पहचान बना पाते हैं. कई लोग कोशिश करने के बाद अपना सपना छोड़कर वापस घर चले जाते हैं. लेकिन आज हम जिनके बारे में बताने जा रहे हैं, उन्होंने अपनी एक्टिंग से लोगों के दिलों को जीत लिया है. उनका नाम है सुविंदर विक्की. इमरान हाशमी की फिल्म ‘आवारापन 2’ से हर जगह छाए सुविंदर को यह मुकाम रातों-रात नहीं मिला है. इसके पीछे सालों का संघर्ष, दर्द और ना टूटने वाला हौसला छिपा है.
पंजाब के एक साधारण परिवार में जन्मे सुविंदर को बचपन से ही एक्टिंग का कीड़ा था. उन्होंने पटियाला की पंजाबी यूनिवर्सिटी से ‘थिएटर एंड टेलीविजन’ में एमए की पढ़ाई की. उनका भी बस एक ही सपना था-मुंबई जाकर बड़ा एक्टर बनना. सुविंदर ने खुद एक इंटरव्यू में बताया था कि उन्हें थिएटर के एक नाटक से 5,000 रुपये मिले थे. बस इतनी ही रकम जेब में रखकर वह अपनी किस्मत आजमाने मुंबई पहुंच गए. लेकिन मुंबई की महंगाई के आगे यह रकम कुछ ही दिनों में खत्म हो गई और नौबत यहां तक आ गई कि खाने तक के लाले पड़ गए. आखिरकार, महीने भर के भीतर ही उन्हें खाली हाथ पंजाब लौटना पड़ा. (फोटो साभार: Instagram@suvindervicky)
गुजारे के लिए उन्होंने इंश्योरेंस पॉलिसी तक बेचीं, लेकिन एक्टिंग का जुनून कम नहीं हुआ. उन्होंने साल 2004 में फिल्म ‘देश होया परदेस’ से अपने करियर की शुरुआत की. लगभग एक दशक तक वह पंजाबी फिल्मों में चाचा, मामा या छोटे-मोटे साइड रोल करते रहे. हिंदी सिनेमा में उन्हें पहला ब्रेक ‘उड़ता पंजाब’ में एक छोटे से किरदार के रूप में मिला. इसके बाद वह अक्षय कुमार की फिल्म ‘केसरी’ में भी एक छोटे रोल में नजर आए. (फोटो साभार: Instagram@suvindervicky)
Add as Preferred Source on Google
छोटे-मोटे रोल्स भले ही सुविंदर को बड़ी पहचान नहीं दिला पा रहे थे, लेकिन इन्हीं के जरिए वह इंडस्ट्री से जुड़े रहे और अपनी एक्टिंग के जुनून को जिंदा रखा. फिल्म कंपेनियन को दिए एक इंटरव्यू में सुविंदर ने अपने संघर्ष के दिनों को लेकर बात की थी. उन्होंने कहा, ‘एक्टिंग कोई 9 टू 5 की नौकरी नहीं है. हमारे परिवार में हमेशा यही ट्रेंड रहा है कि या तो खेती-बाड़ी संभालो या फिर कोई पक्की नौकरी कर लो. किस्मत से मेरे पिता जी के पास एक पक्की नौकरी थी और वह शौक के तौर पर एक्टिंग किया करते थे.’ (फोटो साभार: Instagram@suvindervicky)
उन्होंने आगे कहा, ‘मुझे भी यह जुनून उनसे ही विरासत में मिला. मैंने भी जबरदस्ती बीच का रास्ता निकालने की कोशिश की कि कोई रेगुलर काम कर लूं और एक्टिंग को शौक की तरह रखूं, लेकिन एक्टिंग के अलावा कुछ और करने का ख्याल आते ही मुझे घबराहट होने लगती थी.’ ज्यादातर लोग मौके न मिलने पर हार मान लेते हैं, वहीं सुविंदर ने अफने सपने से कभी समझौता नहीं किया. (फोटो साभार: Instagram@suvindervicky)
फिर आया वो साल, जिसने 50 साल की उम्र में सुविंदर की किस्मत रातों-रात बदल दी. नेटफ्लिक्स की पॉपुलर वेब सीरीज ‘कोहरा’ में उनके ग्रे शेड किरदार की ऐसी तारीफ हुई कि हर कोई देखता रह गया. यहां तक कि करण जौहर ने भी खुद सोशल मीडिया पर एक पोस्ट करते हुए उनकी तारीफ की थी. उन्होंने लिखा, ‘मैं सुविंदर विक्की की परफॉरमेंस देखकर हैरान रह गया. वह 2023 की सबसे बड़ी खोज हैं. उनकी खामोशी में इतनी ताकत है कि उस पर दर्जनों स्क्रिप्ट्स लिखी जा सकती हैं.’ (फोटो साभार: Instagram@suvindervicky)
‘कोहरा’ सुविंदर विक्की के करियर के लिए सबसे बड़ा टर्निंग पॉइंट साबित हुई, जिसने उन्हें घर-घर में पहचान दिला दी. इसके बाद उन्होंने रणवीर सिंह की ब्लॉकबस्टर फिल्म ‘धुरंधर: द रिवेंज’ में एक छोटा लेकिन बेहद असरदार रोल निभाया, जिसमें वह अर्जुन रामपाल के किरदार (मेजर इकबाल) के पिता की भूमिका में नजर आए. स्क्रीन टाइम कम होने के बावजूद उन्होंने दर्शकों पर अपनी छाप छोड़ी. इसके अलावा, वह दिलजीत दोसांझ की फिल्म ‘सतलुज’ में भी एसएसपी सुरजीत सिंह सुग्गा के नेगेटिव किरदार में दिखे, जहां उन्होंने एक बार फिर अपनी अदाकारी का जलवा बिखेरा. (फोटो साभार: Instagram@suvindervicky)
इन दिनों सुविंदर विक्की ‘आवारापन 2’ की बंपर सफलता का लुत्फ उठा रहे हैं. हिंदुस्तान टाइम्स से बात करते हुए उन्होंने इस फिल्म का हिस्सा बनने की अपनी खुशी जाहिर की. उन्होंने कहा, ‘जब मैंने स्क्रिप्ट सुनी, तो मुझे लगा कि यह किरदार मेरे लिए ही बना है. मुझे ऐसे रोल पसंद हैं जो थोड़े गंभीर हों और जिनमें गहरी भावनाएं छिपी हों. यह अब तक निभाए गए मेरे बाकी किरदारों से काफी अलग है और जब इसमें मुकेश भट्ट, इमरान हाशमी और शबाना आजमी जैसे बड़े नाम जुड़े हों, तो मना करने का सवाल ही नहीं उठता.’ (फोटो साभार: Instagram@suvindervicky)
न्यूज़18 को गूगल पर अपने पसंदीदा समाचार स्रोत के रूप में जोड़ने के लिए यहां क्लिक करें।First Published :
August 19, 2026, 07:45 IST



