Rajasthan

Recipe: बचे हुए चावल से बनाएं होटल जैसा पनीर शेजवान फ्राइड राइस, मिनटों में ऐसे तैयार होगी स्वादिष्ट डिश

नागौर: अगर आपके घर में रात के बचे हुए चावल रखे हैं और आप उन्हें नया स्वाद देना चाहते हैं, तो पनीर शेजवान फ्राइड राइस ट्राई कर सकते हैं. खास बात यह है कि इस डिश में यदि राजस्थानी अंदाज का हल्का तड़का जोड़ दिया जाए, तो इसका स्वाद और भी शानदार हो जाता है. राजस्थान में जहां मसालेदार और चटपटे व्यंजन पसंद किए जाते हैं, वहीं यह रेसिपी बच्चों से लेकर बड़ों तक सभी को खूब पसंद आएगी. इसे सुबह के नाश्ते, शाम के स्नैक्स या फिर लंच और डिनर में भी आसानी से परोसा जा सकता है.

गृहिणी निरमा देवी ने बताया कि इस स्वादिष्ट रेसिपी को बनाने के लिए 2 कप पके हुए चावल, 200 ग्राम कुरकुरे तले हुए पनीर के टुकड़े, आधी लाल शिमला मिर्च, डेढ़-डेढ़ हरी और पीली शिमला मिर्च (बारीक कटी हुई), 5-6 लहसुन की कलियां, 1 इंच अदरक, 3-4 बड़े चम्मच शेजवान चटनी, स्वादानुसार नमक, थोड़ा-सा हरा धनिया और 1 बड़ा चम्मच तेल चाहिए. चाहें तो राजस्थानी स्वाद बढ़ाने के लिए ऊपर से चुटकीभर लाल मिर्च पाउडर या हल्का भुना जीरा पाउडर भी छिड़क सकते हैं.

पनीर शेजवान फ्राइड राइस बनाने की ये है रेसिपी

राजस्थानी अंदाज में पनीर शेजवान फ्राइड राइस बनाने के लिए सबसे पहले कड़ाही में तेल गर्म करें. फिर बारीक कटा लहसुन और अदरक डालकर खुशबू आने तक भून लें. इसके बाद लाल, हरी और पीली शिमला मिर्च डालें और तेज आंच पर 2 से 3 मिनट तक चलाते हुए पकाएं, ताकि सब्जियां हल्की क्रंची बनी रहें. अब इसमें पके हुए चावल डालकर अच्छी तरह मिलाएं. इसके बाद कुरकुरे तले हुए पनीर के टुकड़े और स्वादानुसार नमक डालें. इसके बाद आखिर में शेजवान चटनी मिलाकर तेज आंच पर सभी सामग्री को अच्छी तरह टॉस करें. इस रेसिपी में अलग से किसी सॉस की जरूरत नहीं पड़ती, क्योंकि शेजवान चटनी ही पूरा स्वाद दे देती है.

बचे हुए चावल का ऐसे करें बेहतरीन उपयोग

तैयार पनीर शेजवान फ्राइड राइस को हरे धनिए से सजाकर गरमा-गरम परोसें. अगर इसे राजस्थानी अंदाज में परोसना चाहते हैं, तो साथ में मसाला छाछ, लहसुन की तीखी चटनी या पापड़ रखें. इससे इसका स्वाद कई गुना बढ़ जाता है. सबसे अच्छी बात यह है कि यह रेसिपी बचे हुए चावलों का बेहतरीन उपयोग भी करती है और कुछ ही मिनटों में तैयार हो जाती है. मसालेदार स्वाद, कुरकुरा पनीर और रंग-बिरंगी शिमला मिर्च का मेल इसे हर उम्र के लोगों की पसंदीदा डिश बना देता है.

Source link

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

Uh oh. Looks like you're using an ad blocker.

We charge advertisers instead of our audience. Please whitelist our site to show your support for Nirala Samaj